12 जून से होने वाले फीफा विश्व कप के लिए गत विजेता अर्जेंटीना ने 26 सदस्यों के नाम की घोषणी कर दी है। लियोनेल मेसी टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे।
12 जून से शुरु होने वाले फुटबॉल के महासंग्राम फीफा वर्ल्ड कप के लिए अर्जेंटीना ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। गत फीफा चैंपियन अर्जेंटीना ने इस फीफा विश्व कप के लिए 26 सदस्यों के नाम की घोषणा की है। टीम मैनजमेंट ने कप्तान के तौर पर अपने स्टार प्लेयर लियोनेल मेसी के नाम पर मुहर लगाई है। मेसी के पास अर्जेंटीना को लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप विश्व कप जिताने का मौका होगा। कोच लियोनेल स्कालोनी ने इस विश्व कप अभियान के लिए 2022 की विश्व कप विजेता टीम के ही अधिकतर खिलाड़ियों पर विश्वास जताया है।
छठा विश्व कप खेलेंगे मेसी
38 वर्षीय लियोनेल मेसी लगातार छठवीं बार फीफा विश्व कप के मंच पर अपने खेल का जादू बिखेरते नजर आने वाले हैं। साथ ही वे कुल 26 फीफा विश्व कप का मुकाबला खेलकर इस श्रेणी में शीर्ष पर काबिज हैं। हाल ही में मेसी को इंटर मियामी की तरफ से खेलते हुए चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें हेम्स्ट्रिंग की समस्या हो गई थी। इसके बाद से ही अर्जेंटीना समेत उनके करोड़ों प्रशंसको के बीच उनके 2026 विश्व कप न खेलने को लेकर चिंताएं उठ रही थी। लेकिन शुक्रवार (29 मई) को इन सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनल स्कालोनी ने मेसी के कप्तानी करने पर मुहर लगा दी है।
2022 विश्व कप का कोर बरकरार
आपको बता दें कि 2026 विश्व कप के लिए अर्जेंटीना ने 2022 की वर्ल्ड कप विजेता टीम के 17 खिलाड़ियों को शामिल किया है। इसमें मुख्य रूप से गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज, डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी और मिडफील्डर के रूप में एलेक्सिस मैक एलिस्टर के साथ रोड्रीगो डी पॉल भी शामिल हैं। इसके अलावा पुराने खिलाड़ियों में जूलियन अल्वारेज और एंजो फर्नांडेज जैसे अहम खिलाड़ियों को भी चयनित किया गया है।
नए खिलाड़ियों पर भी जताया विश्वास
अर्जेंटीना ने विश्व कप के लिए कुछ युवा खिलाड़ियों का भी चयन किया है। टीम में निकोलस पाज, जोस मैनुएल लोपेज, थियागो अल्माडा, गियूलियानो सिमियोने और वैलेंटिन ब्रैको जैसे नए चेहरों को मौका दिया गया है। कोच लियोनल स्कालोनी का मानना है कि इस चयन से टीम में अनुभव और संतुलन को बरकरार रख पाना आसान होगा। साथ ही नए खिलाड़ियों के चयन से भविष्य की बुनियाद बनाने का प्रयास भी किया जायेगा।
अर्जेंटीना की 26 सदस्यीय टीम
गोलकीपर : एमिलियानो मार्टिनेज, जेरोनिमो रूली, जुआन मुसो।
डिफेंडर : लियोनार्डो बालेरडी, गोंजालो मोंटिएल, निकोलस टैग्लियाफिको, लिसेंड्रो मार्टिनेज, क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, फैकुंडो मदीना, नहुएल मोलिना।
मिडफील्डर : लिएंड्रो पेरेडेस, रोड्रिगो डी पॉल, वैलेन्टिन बारको, जियोवानी लो सेल्सो, एक्सक्विएल पलासियोस, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंज़ो फर्नांडीज।
फॉरवर्ड: जूलियन अल्वारेज़, लियोनेल मेसी, निकोलस गोंजालेज, थियागो अल्माडा, जूलियन शिमोन, निकोलस पाज़, जोस मैनुअल लोपेज, लुटारो मार्टिनेज।
अर्जेंटीना के ग्रुप चरण मुकाबले
बात करें अगर अर्जेंटीना के ग्रुप चरण मुकाबलों की तो, अर्जेंटीना अपने फीफा विश्व कप अभियान की शुरुआत भारतीय समयानुसार 17 जून (सुबह 6:30 बजे) को एलजीरिया के खिलाफ करेगी। इसके बाद के दो मुकाबले ऑस्ट्रिया और जॉर्डन के खिलाफ 22 जून (रात 10:30 बजे) और 28 जून (सुबह 7:30 बजे) खेले जाएंगे।
ये भी पढ़ें :- 15 साल के Vaibhav Sooryavanshi ने तोड़ा 14 साल पुराना रिकॉर्ड, एक सीजन में लगाए 65 छक्के
