फ्रेंच ओपन में एक बड़ा उलटफेर करते हुए ब्राजील के 19 वर्षीय जोआओ फोंसेका ने सर्बिया के दिग्गज और 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन नोवाक जोकोविच को हरा दिया है।
फ्रेंच ओपन 2026 में शनिवार (30 मई) को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। दर्शकों की उम्मीदों से परे ब्राजील के 19 साल के युवा खिलाड़ी जोआओ फोंसेका ने टेनिस के दिग्गज 39 वर्षीय नोवाक जोकोविच को हराकर उनका रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम जीतने का सपना तोड़ दिया वहीं इस जीत के साथ फोंसेका ने पहली बार अपने करियर में किसी ग्रैंड स्लैम के चौथे राउंड में जगह बना ली है। यह मुकाबला पेरिस के कोर्ट फिलिप-चैट्रियर में खेला गया।
दो सेट हारने के बाद शानदार वापसी
आपको बता दें कि लगभग 5 घंटे चले इस मुकाबले के पहले दो सेट में 19 साल के फोंसेका, जोकोविच के हाथों पिछड़ चुके थे। लेकिन अगले तीन सेट में शानदार वापसी करते हुए फोंसेका ने जोकोविच को 4-6, 4-6, 6-3, 7-5, 7-5 से मात देकर उन्हें फ्रेच ओपन से बाहर का रास्ता दिखाते हुए चौथे राउंड में अपना स्थान पक्का किया।
25वें ग्रैंड स्लैम का सफर और लंबा हुआ
सर्बिया के जोकोवोच को मिली इस करारी हार के बाद उनके लिए रिकॉर्ड 25वें ग्रैंड स्लैम की चेज अब और लंबी हो गयी है। कलाई में चोट के कारण पहले ही बाहर हो चुके कार्लोस अल्काराज और दूसरे राउंड में बाहर हुए यानिक सिनर के बाद सभी को ऐसा लग रहा था कि जोकोविच बड़ी ही आसानी से फ्रेंच ओपन जीत जाएंगे, लेकिन फोंसेका के जज्बे के आगे जोकोविच ने भी घुटने टेक दिए। जोकोविच ने अपना 24वां ग्रैंड स्लैम खिताब यूएस ओपन के रूप में सितंबर 2023 में जीता था। जोकोविच की इस हार से यह बात अब तय हो चुकी है कि इस साल फ्रेंच ओपन में एक नया पुरुष एकल ग्रैंड स्लैम विजेता मिलने जा रहा है।
जोकोविच मेरे आदर्श : जोआओ फोंसेका
इस रोमांचक मुकाबले में जोकोविच को हराने के बाद 19 साल के जोआओ फोंसेका ने एक बड़ा कीर्तीमान हासिल करते हुए किसी भी ग्रैंड स्लैम में जोकोविच को हराने वाले पहले किशोर खिलाड़ी बन गए हैं। मैच के बाद फोंसेका ने कहा कि – जोकोविच मेरे लिए आदर्श समान हैं। उनके खिलाफ खेलना और जीत हासिल करना मेरे करियर का सबसे खास पल है।
कैमरामैन पर भड़के जोकोविच
मैच के दौरान 39 वर्षीय जोकोविच शारीरिक रूप से संघर्ष करते भी नजर आए। भीषण गर्मी की वजह से उन्हें कई बार आइस पैक का इस्तेमाल भी करते देखा गया। इस पूरे घटना को कैमरामैन द्वारा रिकॉर्ड करने पर जोकोविच असहज भी नजर आए और अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कई बार कैमरा-मैन को पीछे हटने को भी कहा।

ये भी पढ़ें :- म्यूनिख में भारतीय छोरियों का जलवा: 10m एयर पिस्टल में सुरुचि ने जीता ‘गोल्ड’, ईशा के नाम रहा ‘सिल्वर’, मेडल टैली में नंबर-1 बना भारत
