डिएर्ड्रे कीने ने 2026 के लिए सात वर्ल्ड मैराथन मेजर्स सहित कुल 11 प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने की योजना बनाई थी। गर्भावस्था की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आयरनमैन और कुछ अल्ट्रामैराथन छोड़ दीं, जबकि सात प्रमुख मैराथन पूरी कीं।
न्यूयॉर्क: मैराथन दौड़ना किसी भी धावक के लिए शारीरिक क्षमता, धैर्य और मानसिक मजबूती की बड़ी परीक्षा होती है। 42.195 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए महीनों की तैयारी और लगातार अभ्यास की जरूरत पड़ती है। लेकिन कल्पना कीजिए कि कोई धावक गर्भावस्था के तीसरे ट्राइमेस्टर में भी इस चुनौती को पूरा करे। अमेरिका की एक महिला धावक ने ऐसा ही कर दिखाया है। उनकी कहानी ने खेल और फिटनेस की दुनिया में लोगों का ध्यान खींचा है।
38 वर्षीय डिएर्ड्रे कीने ने इस साल दुनिया की सात प्रमुख मैराथन में हिस्सा लिया और सभी को पूरा किया। खास बात यह रही कि इनमें से सातों दौड़ उन्होंने गर्भावस्था के दौरान पूरी कीं। उनकी इस यात्रा का अंतिम पड़ाव न्यूयॉर्क सिटी मैराथन बना, जहां वह 34 सप्ताह की गर्भवती थीं। यह उनके लिए केवल एक और रेस नहीं थी, बल्कि लंबे समय से तय किए गए लक्ष्य को पूरा करने का मौका भी था।
34 सप्ताह की गर्भावस्था में पूरी की न्यूयॉर्क मैराथन
Deirdre Keane ने 1 नवंबर 2026 को आयोजित न्यूयॉर्क सिटी मैराथन में हिस्सा लिया। यह उनका घरेलू शहर था और इस दौड़ के साथ उन्होंने एक ही कैलेंडर वर्ष में सभी वर्ल्ड मैराथन मेजर्स पूरी करने का लक्ष्य हासिल कर लिया।
कीने ने यह मैराथन 4 घंटे, 6 मिनट और 55 सेकंड में पूरी की। यह समय उनके पिछले साल के प्रदर्शन से अधिक था। वर्ष 2025 में उन्होंने इसी मैराथन को तीन घंटे से कुछ अधिक समय में पूरा किया था। हालांकि, इस बार उनका उद्देश्य पहले की तरह तेज गति से दौड़ना नहीं, बल्कि अपनी स्थिति का ध्यान रखते हुए रेस को सुरक्षित तरीके से पूरा करना था।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) से बातचीत में कीने ने माना कि 34 सप्ताह की गर्भावस्था में मैराथन दौड़ना असामान्य जरूर था। हालांकि, उन्हें अपनी शारीरिक क्षमता और शरीर के संकेतों को समझने का भरोसा था। उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसा करने वाली पहली महिला नहीं हैं।
न्यूयॉर्क मैराथन के दौरान उनके पति ब्रायन ने भी उनका साथ दिया। वह रेस के रास्ते में कई जगह मौजूद रहे और उन्हें पानी उपलब्ध कराते रहे। कीने के दोस्त भी अलग-अलग स्थानों पर उनका हौसला बढ़ाने के लिए पहुंचे थे।
एक साल में सातों वर्ल्ड मैराथन मेजर्स पूरी करने का लक्ष्य
डिएर्ड्रे कीने का लक्ष्य केवल मैराथन दौड़ना नहीं था। वह एक ही साल में दुनिया की सात प्रमुख मैराथन पूरी करना चाहती थीं। इस श्रृंखला को वर्ल्ड मैराथन मेजर्स कहा जाता है। इसमें टोक्यो, बोस्टन, लंदन, सिडनी, बर्लिन, शिकागो और न्यूयॉर्क सिटी मैराथन शामिल हैं।
इन सातों प्रतियोगिताओं को दुनिया की प्रतिष्ठित लंबी दूरी की दौड़ों में गिना जाता है। हर साल अलग-अलग देशों में आयोजित होने वाली इन रेस में बड़ी संख्या में पेशेवर और शौकिया धावक हिस्सा लेते हैं। इन सभी मैराथन को एक ही साल में पूरा करना किसी भी धावक के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
कीने ने मार्च 2026 में टोक्यो मैराथन से अपनी यात्रा शुरू की थी। इसके बाद अप्रैल में उन्होंने बोस्टन और लंदन मैराथन में हिस्सा लिया। साल के अगले हिस्से में सिडनी, बर्लिन और शिकागो की दौड़ पूरी की। अंत में न्यूयॉर्क मैराथन के साथ उनका लक्ष्य पूरा हुआ।
रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क मैराथन से पहले कीने 60 से अधिक मैराथन दौड़ चुकी थीं। उनकी कुल उपलब्धियों में मैराथन और अल्ट्रामैराथन मिलाकर 74 से अधिक रेस शामिल थीं। इस अनुभव ने उन्हें लंबी दूरी की दौड़ के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार किया था।
गर्भावस्था की जानकारी मिलने के बाद बदली अपनी योजना
Deirdre Keaneने साल 2026 को अपने लिए खास चुनौतियों और अधूरे सपनों को पूरा करने का साल बनाने की योजना बनाई थी। पिछले साल शादी के बाद उन्होंने अपने पति ब्रायन के साथ परिवार शुरू करने को लेकर बातचीत की थी। उन्हें लगा था कि गर्भधारण करने में कुछ समय लग सकता है। इसलिए उन्होंने इस बीच अपनी पसंद की कई लंबी दूरी की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का फैसला किया।
इसी योजना के तहत उन्होंने कुल 11 रेस के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें सात वर्ल्ड मैराथन मेजर्स, आयरलैंड में एक ट्रेल मैराथन, दो अल्ट्रामैराथन और एक आयरनमैन प्रतियोगिता शामिल थी। आयरनमैन में तैराकी, साइकिलिंग और दौड़ जैसी अलग-अलग शारीरिक चुनौतियां शामिल होती हैं।
हालांकि, अप्रैल में बोस्टन और लंदन मैराथन के दौरान कीने को महसूस हुआ कि उनकी दौड़ने की गति पहले जैसी नहीं है। उन्हें शरीर में भी कुछ बदलाव महसूस हो रहे थे। इसके बाद उन्होंने प्रेग्नेंसी टेस्ट किया, जिसका नतीजा पॉजिटिव आया।
गर्भावस्था की जानकारी मिलने के बाद उनके सामने अपनी योजनाओं और स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाने की चुनौती थी। उन्होंने सभी प्रतियोगिताओं को पहले की तरह पूरा करने पर जोर देने के बजाय अपने कार्यक्रम में बदलाव किया।
कीने ने आयरलैंड की ट्रेल मैराथन को धीमी गति से पूरा करने का फैसला किया। साथ ही उन्होंने आयरनमैन और दूसरी अल्ट्रामैराथन में हिस्सा नहीं लेने का निर्णय लिया।
ये भी पढ़ें :- Marvel Hulk War: आयरन मैन का नया अवतार देख चौंके फैंस, क्या हल्क से भी ज्यादा ताकतवर बनेगा टोनी स्टार्क?
पति की चिंता के बाद डॉक्टर से ली सलाह
गर्भावस्था के दौरान इतनी लंबी दूरी की दौड़ जारी रखने का फैसला आसान नहीं था। कीने के पति ब्रायन शुरुआत में इस योजना को लेकर चिंतित थे। दोनों को यह स्पष्ट नहीं था कि गर्भावस्था के अलग-अलग चरणों में शरीर पर कितना दबाव डाला जा सकता है और किन गतिविधियों से उन्हें बचना चाहिए।
कीने ने बताया कि उन्हें इस विषय पर उपलब्ध रिसर्च भी सीमित और कई बार निराशाजनक लगी। इसके बाद दोनों ने तय किया कि हर मैराथन से पहले और उसके दौरान स्थिति का आकलन किया जाएगा। वह दौड़ते समय अपनी गति पर दबाव नहीं डालेंगी और जरूरत पड़ने पर पैदल चलने का विकल्प भी रखेंगी।
कीने ने अपनी स्त्री रोग विशेषज्ञ (OB-GYN) से भी इस योजना पर चर्चा की। शुरुआत में उन्हें डॉक्टर को अपने मैराथन कार्यक्रम के बारे में बताने में झिझक हो रही थी। उन्हें राहत तब मिली, जब डॉक्टर ने उनकी स्थिति को देखते हुए दौड़ जारी रखने की अनुमति दी।
क्या गर्भावस्था में मैराथन दौड़ना सुरक्षित है?
डिएर्ड्रे कीने की उपलब्धि के बाद यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या गर्भवती महिलाएं भी मैराथन या लंबी दूरी की दौड़ में हिस्सा ले सकती हैं। इस मामले में विशेषज्ञों की सामान्य सलाह और किसी एक व्यक्ति का अनुभव अलग-अलग हो सकते हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि सामान्य और स्वस्थ गर्भावस्था के दौरान शारीरिक गतिविधियां फायदेमंद हो सकती हैं। जो महिलाएं गर्भधारण से पहले नियमित रूप से व्यायाम करती थीं या तेज एरोबिक गतिविधियों की अभ्यस्त थीं, वे डॉक्टर की अनुमति से अपनी गतिविधियां जारी रख सकती हैं। हालांकि, गर्भावस्था में बहुत अधिक और लंबे समय तक किए जाने वाले कठिन व्यायाम को लेकर शोध सीमित है।
इसलिए गर्भावस्था के दौरान मैराथन दौड़ने को सामान्य फिटनेस रूटीन की तरह नहीं देखा जा सकता। किसी महिला की उम्र, गर्भावस्था की स्थिति, पहले से मौजूद स्वास्थ्य समस्याएं, शारीरिक क्षमता और डॉक्टर की सलाह जैसे कई पहलू इसमें महत्वपूर्ण होते हैं।
कीने का मामला भी इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए। वह पहले से अनुभवी मैराथन धावक थीं और 60 से अधिक मैराथन पूरी कर चुकी थीं। उन्हें अपनी शारीरिक क्षमता और दौड़ के दौरान शरीर में होने वाले बदलावों की जानकारी थी। इसके अलावा, उन्होंने डॉक्टर की मंजूरी के बाद ही आगे की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
पिता से मिली थी मैराथन दौड़ने की प्रेरणा
डिएर्ड्रे कीने के लिए दौड़ना केवल खेल या फिटनेस का हिस्सा नहीं रहा है। इसके पीछे उनके पिता जॉन की यादें और उनसे मिली प्रेरणा भी जुड़ी हुई हैं। जॉन आयरलैंड से अमेरिका आए थे और 1980 तथा 1990 के दशक में मैराथन दौड़ा करते थे।
कीने के मुताबिक, उनके पिता कैंसर से पीड़ित थे और जब वह 13 साल की थीं, तब उनका निधन हो गया। बीमारी के अंतिम महीनों में भी उन्होंने दौड़ना नहीं छोड़ा था। उन्होंने अपनी आखिरी न्यूयॉर्क सिटी मैराथन ट्यूमर हटाने की सर्जरी से एक दिन पहले पूरी की थी।
बाद में कॉलेज के दिनों में कीने ने अपने पिता की याद में मैराथन दौड़ने का फैसला किया। यहीं से लंबी दूरी की दौड़ के प्रति उनका लगाव बढ़ता गया। उनके लिए मैराथन ने यह समझने का मौका दिया कि इंसान का शरीर और मन कितनी कठिन चुनौतियों का सामना कर सकते हैं।
कोविड महामारी के दौरान भी दौड़ ने दिया सहारा
डिएर्ड्रे कीने न्यूयॉर्क में मेमोरियल स्लोन केटरिंग कैंसर सेंटर में नर्स प्रैक्टिशनर के तौर पर काम कर चुकी हैं। वह मैनेजमेंट कंसल्टेंट भी हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान अस्पताल में काम करने के कारण उन्हें मानसिक और भावनात्मक दबाव का सामना करना पड़ा।
उन्होंने बताया कि महामारी के दौरान अलगाव और अनिश्चितता के बीच दौड़ ने उन्हें एक उद्देश्य और आगे बढ़ने की वजह दी। इसी दौर में उन्होंने वर्ल्ड मैराथन चैलेंज में हिस्सा लेने का फैसला किया।
इस चुनौती के तहत प्रतिभागियों को सात अलग-अलग महाद्वीपों में सात दिनों के भीतर सात मैराथन पूरी करनी होती हैं। कीने ने 2023 में यह चुनौती पूरी की थी। उस साल वह इस प्रतियोगिता को पूरा करने वाली सबसे तेज महिला धावक थीं।
इस अनुभव ने उनकी लंबी दूरी की दौड़ के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत किया। इसके बाद उन्होंने वर्ल्ड मैराथन मेजर्स को एक ही साल में पूरा करने का लक्ष्य बनाया। गर्भावस्था के दौरान इस लक्ष्य को हासिल करना उनकी यात्रा का एक अप्रत्याशित हिस्सा बन गया।




