दिल्ली में एक हफ्ते में कोरोना मामलों में उछाल, 60 वर्षीय महिला की मौत से फैली चिंता

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण से इस साल पहली मौत की पुष्टि हो गई है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल बन गया है। मृतक महिला की उम्र 60 वर्ष थी और वह पहले से ही कई गंभीर रोगों से ग्रस्त थीं।

पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कोविड मामलों में तेज़ बढ़ोतरी देखने को मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस समय राजधानी में कुल 104 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 99 केस केवल पिछले एक हफ्ते के भीतर दर्ज किए गए हैं। 19 मई तक यहां केवल 24 एक्टिव केस थे, लेकिन बीते कुछ दिनों में स्थिति तेजी से बदली है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि वह कोरोना की इस बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। पूरे देश की बात करें तो सबसे ज्यादा सक्रिय मामले केरल में हैं (430), इसके बाद महाराष्ट्र (209) और फिर दिल्ली (104) का नंबर आता है।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, केरल में बीते दिनों 355 नए मामले, महाराष्ट्र में 153 और दिल्ली में 24 नए मामले सामने आए हैं। मौत के आंकड़ों में महाराष्ट्र में 4 और कर्नाटक में 1 नई मृत्यु दर्ज की गई है।

देश के अन्य राज्यों में भी 19 मई के बाद कोरोना के नए मामले रिपोर्ट किए गए हैं, जिनमें आंध्र प्रदेश (4), गुजरात (76), कर्नाटक (34), राजस्थान (11), हरियाणा (8), मध्य प्रदेश (2), तमिलनाडु (3), तेलंगाना (1), गोवा (1) और छत्तीसगढ़ (1) शामिल हैं।

अब तक की स्थिति के अनुसार, सबसे ज्यादा मरीज महाराष्ट्र (8.29 लाख), केरल (6.84 लाख) और आंध्र प्रदेश (2.32 लाख) में कोरोना से ठीक हो चुके हैं। वहीं, मृत्यु के मामलों में महाराष्ट्र (1,48,606), कर्नाटक (40,412) और तमिलनाडु (38,086) सबसे ऊपर हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें, कोविड से जुड़ी सावधानियों का पालन करें और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

ये भी पढ़ें :- भारत में कोविड-19 अपडेट: कर्नाटक में बुजुर्ग की मौत, केरल में 430 संक्रमित; दिल्ली में 104 सक्रिय केस, सीएम ने कहा- चिंता की जरूरत नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *