नेटफ्लिक्स की इन 3 फिल्मों और सीरीज ने फिल्म मेकिंग को नई दिशा दी। इंटरएक्टिव स्टोरी, अनकट शूट और यूनिक स्क्रीनप्ले ने दर्शकों को नया अनुभव दिया।
ओटीटी और वेब सिरीज़ की दुनिया लगातार बदलती जा रही है। नए निर्माताओं के आ जाने से इस क्षेत्र में निरंतर विकास हो रहे हैं। ओटीटी ने पिछले लंबे समय से चली आ रही फिल्म मेकिंग के परंपरागत तरीके को बदलकर दर्शकों को कुछ नया परोसने का काम भी किया है। इस बीच नेटफ्लिक्स ने भी उन तमाम निर्देशकों को तरजीह देनी शुरू की है, जिन्होंने फ़िल्म निर्माण की सीमाओं को पार करते हुए दर्शकों को एक नया आयाम देने की कोशिश की है।
इस लेख में हम नेटफ्लिक्स द्वारा रिलीज़ की गई ऐसी ही 3 फ़िल्म और शो पर चर्चा करने वाले हैं, जो अपनी प्रयोगात्मक विशेषताओं और दर्शकों की स्वतंत्रता की वजह से खूब पसंद की गई है। इन फिल्मों और शोज ने दर्शकों के सामने कुछ ऐसे उदाहरण पेश किए हैं, जिसकी कल्पना इससे पहले कर पाना लगभग नामुमकिन था।
- Adolescence (अडोलेसेंस) – 2025
साल 2025 में रिलीज़ हुई ब्रिटिश क्राइम मिनी सीरीज Adolescence की कहानी एक 13 वर्षीय किशोर जेमी मिलर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे उसकी सहपाठी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। फिलिप बारेंटिनी द्वारा निर्देशित चार एपिसोड की इस मिनी सिरीज में उन्होंने एक मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने की बजाय किसी किशोर के मन में समाज और खासतौर पर अपने से विपरीत लिंग के लोगों के लिए उत्पन्न होने वाली धारणाओं को समझाने का प्रयास किया है। जैसे-जैसे शो आगे बढ़ता जाता है, दर्शकों के मन में जेमी को लेकर दृष्टिकोण भी बदलते रहते हैं।
शो में क्या है खास?
दरअसल शो की कहानी जितनी दिलचस्प है, उससे ज़्यादा दिलचस्प इसकी सिनेमैटोग्राफी है। शो के चारों एपिसोड की लंबाई 40 मिनट से लेकर 1 घण्टे से ऊपर तक की है। आपको जानकर ये हैरानी होगी कि इसके सारे एपिसोड पूरी तरह से ‘अनकट’ हैं। इसका मतलब है कि एपिसोड के शुरू होने से लेकर उसके ख़त्म होने के बीच कोई भी कट नहीं है। यदि किसी भी पात्र द्वारा कोई गलती होती है, तो पूरा एपिसोड दोबारा शूट करना पड़ा है।
यह अपने-आप में ही एक अद्भुत कार्य है, जिसकी मिसाल किसी और फ़िल्म या सीरीज में अब तक देखने को नहीं मिली है। इसके लिए निर्देशक फिलिप बारेंटिनी के सिनेमाटोग्राफी की जितनी प्रशंसा की जाए कम है।
- Kaleidoscope (कैलिडोस्कोप) – 2023
पॉपुलर शो मनी हाइस्ट की तरह ही Kaleidoscope भी एक थ्रिलर शो है, जिसमे एक शातिर चोर लियो पॉप अपने कुछ साथियों के साथ 24 साल की तैयारी के बाद 7 अरब डॉलर की एक डकैती को अंजाम देता है। यह शो तूफान सैंडी के दौरान मैनहट्टन में गायब हुए 70 अरब डॉलर के बॉन्ड की सच्ची घटना पर आधारित है। शो में मौजूद सस्पेन्स और थ्रिल दर्शकों को हर समय बांधे रखता है। शो का निर्देशन एरिक गार्सिया ने किया है।
शो में क्या है खास?
शो Kaleidoscope की सबसे बड़ी खासियत इसकी पटकथा है। शो में कुल 8 एपिसोड हैं और सभी एपिसोड के नाम रंगों के आधार पर रखे गए हैं। शो पूरी तरह से नॉन पैरेलेल है जो समय में आगे या पीछे मूव करती रहती है। शो का निर्माण कुछ इस तरह से किया गया है कि दर्शक शुरू के 7 एपिसोड किसी भी सीक्वेंस में देख सकते हैं। एपिसोड के क्रम में बदलाव के बावजूद भी दर्शक अंत में एक ही नाटकीय क्लाइमेक्स पर पहुंचते हैं। मेकर्स द्वारा दी गयी इस स्वतंत्रता के कारण सभी दर्शकों का इस शो को देखने का नज़रिया एक-सा नहीं रह जाता।
- ब्लैक मिरर : बैंडर्सनैच (Black Mirror : Bandersnatch) – 2018
डेविड स्लेट द्वारा निर्देशित ब्लैक मिरर : बैंडर्सनैच एक साइंस फिक्शन थ्रिलर फ़िल्म है, जिसे नेटफ्लिक्स पर साल 2018 में रिलीज किया गया। फिल्म की कहानी स्टीफन बटलर नाम के व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है। स्टीफन एक प्रोग्रामर है जो बैंडर्सनैच नामक एक उपन्यास को वीडियो गेम मेस में रूपांतरित करना चाहता है।
फ़िल्म में क्या है खास?
फ़िल्म जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, स्टीफन के सामने चुनौतियां आती हैं जिसपर उसे कुछ अहम फैसले भी लेने होते हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि फ़िल्म में स्टीफ़न द्वारा लिए गए सारे अहम फैसलों का निर्धारण खुद दर्शक कर सकते हैं। जी हां, ब्लैक मिरर एक इंटरएक्टिव फिल्म भी है जिसमें फ़िल्म की कहानी का निर्धारण और अंत दर्शकों के हाथों सौंप दिया गया है। इसके लिए हर पड़ाव पर दर्शकों को फैसले लेने के लिए 10 सेकंड का समय दिया गया है। फ़िल्म में कुल 5 अंत रखे गए हैं, जो दर्शकों द्वारा लिए गए फैसले के आधार पर बदल सकते हैं। इसके अलावा फिल्म देखते वक़्त दर्शकों की स्क्रीन पर टाइमलाइन भी शो नहीं होती है। यानी फ़िल्म की लंबाई भी दर्शकों के फैसले पर निर्भर करती है। फ़िल्म की सबसे छोटी एंडिंग 40 मिनट की है और यह 2:30 घण्टे तक भी जा सकती है।
हालांकि, मई 2025 में नेटफ्लिक्स ने इंटरएक्टिव प्रोग्रामिंग से खुद को अलग कर लिया जिस वजह से अब यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध नहीं है।
