5 साल की उम्र में भारत के तेजस तिवारी ने बनाया शतरंज का वर्ल्ड रिकॉर्ड

नई दिल्ली।

पांच साल की उम्र में ज्यादातर बच्चे क्या करते हैं? जवाब होगा कि वह स्कूल जाते हैं, पढ़ते हैं, अलग-अलग चीजे सीखते हैं। यह उम्र नई चीजें सीखने की होती हैं लेकिन भारत के पांच साल के तेजस तिवारी ने इस छोटी उम्र में ऐसा धमाका किया है जो कि बड़े-बड़े नहीं कर पाए। साढ़े तीन साल की उम्र से चेस खेल रहे तेजस ने इस खेल में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

तेजस को मिली फिडे रेटिंग

तेजस शतरंज की वैश्विक संचालन संस्था फिडे की रेटिंग हासिल करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बने। तेजस की फिडे स्टैंडर्ड रेटिंग 1149 है। फिडे ने कहा कि किंडरगार्टन के छात्र तेजस ने उत्तराखंड के रुद्रपुर में पहली दिवंगत धीरज सिंह रघुवंशी ओपन फिडे रेटिग शतरंज टूर्नामेंट के दौरान अपनी पहली रेटिंग (1149) हासिल की। अपने परिवार के सदस्यों को खेलते हुए देखकर तेजस की शतरंज में रुचि जगी। उन्होंने चार साल की उम्र में जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में खेलना शुरू किया और जल्द ही वह राज्य के बाहर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने लगे। तेजस ने चार साल और तीन महीने की उम्र में अपना पहला फिडे रेटिड रेपिड टूर्नामेंट खेला।

रोज दो-तीन घंटे अभ्यास करते हैं तेजस

उन्होंने 2022 में उत्तराखंड राज्य ओपन टूर्नामेंट के अंडर 8 वर्ग में शीर्ष स्थान हासिल किया। तेजस को कोचिंग देने वाले उनके पिता शरद तिवारी ने बताया कि उनका बेटा दिन में दो से तीन घंटे अभ्यास करता है और उसका लक्ष्य ग्रैंडमास्टर और विश्व चैंपियन बनना है। फिडे ने ट्वीट किया, “तेजस तिवारी से मिलिए, सबसे कम उम्र के फिडे रेटिड खिलाड़ी। वह पांच साल का है और उसकी फिडे स्टैंडर्ड रेटिंग 1149 है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *