Amazon ने 3 ट्रिलियन डॉलर का बाजार मूल्य पार कर नया इतिहास रचा है। जानिए 1994 में शुरू हुई किताबों की ऑनलाइन दुकान कैसे AWS, AI और डिजिटल विज्ञापन की दिग्गज कंपनी बनी।
नई दिल्ली: कभी ऑनलाइन किताबें बेचने वाली एक छोटी सी कंपनी आज दुनिया की सबसे बड़ी और प्रभावशाली टेक कंपनियों में शामिल है। अमेज़न ने एक बार फिर वैश्विक कारोबारी इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया है।
सोमवार, 3 अगस्त को अमेज़न का बाजार पूंजीकरण पहली बार 3 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंच गया। कंपनी के शेयरों में करीब 5 फीसदी की तेजी आई और स्टॉक रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। इस उपलब्धि के साथ अमेज़न दुनिया की उन चुनिंदा कंपनियों के क्लब में शामिल हो गया है, जिनका बाजार मूल्य 3 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा है।
Amazon की इस नई उपलब्धि के पीछे केवल ई-कॉमर्स कारोबार नहीं है। आज कंपनी की असली ताकत कई अलग-अलग क्षेत्रों में फैली हुई है। Amazon Web Services (AWS) का क्लाउड कारोबार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग, डिजिटल विज्ञापन, प्राइम सब्सक्रिप्शन, मनोरंजन, डिवाइस, लॉजिस्टिक्स और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों ने अमेज़न को एक ऐसे बिजनेस साम्राज्य में बदल दिया है, जिसकी शुरुआत 1994 में एक ऑनलाइन बुकस्टोर के रूप में हुई थी।
हालिया तेजी में सबसे बड़ा योगदान AWS का माना जा रहा है। दूसरी तिमाही 2026 में AWS का राजस्व सालाना आधार पर 37 फीसदी बढ़कर 42.2 अरब डॉलर पहुंच गया। यह चार साल से अधिक समय में कंपनी के क्लाउड कारोबार की सबसे तेज वृद्धि रही।
$3 ट्रिलियन क्लब में शामिल हुआ Amazon
सोमवार, 3 अगस्त को Amazon के शेयरों में तेज उछाल के बाद कंपनी का बाजार पूंजीकरण (Market Capitalization) 3 ट्रिलियन डॉलर के पार चला गया। बाजार पूंजीकरण का अर्थ किसी कंपनी के सभी बकाया शेयरों की कुल बाजार कीमत से है। यह किसी कंपनी की वास्तविक नकद संपत्ति नहीं होती, बल्कि शेयर बाजार में निवेशकों द्वारा लगाई गई सामूहिक वैल्यूएशन को दर्शाती है।
Amazon का यह मुकाम खास इसलिए भी है क्योंकि कंपनी ने जून 2024 में ही 2 ट्रिलियन डॉलर का बाजार मूल्य पार किया था। यानी करीब दो वर्षों में कंपनी ने 1 ट्रिलियन डॉलर की अतिरिक्त बाजार पूंजी हासिल की। इस तेजी ने Amazon को दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की शीर्ष श्रेणी में और मजबूत कर दिया है।
AI और AWS ने बदली कहानी
Amazon के 3 ट्रिलियन डॉलर के बाजार मूल्य तक पहुंचने में AWS की तेज रफ्तार और मजबूत प्रदर्शन को एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। Amazon Web Services की शुरुआत 2006 में हुई थी और इसने दुनिया के कारोबार करने के तरीके को बदल दिया। कंपनियों को अपने सर्वर और डेटा सेंटर खरीदने के बजाय इंटरनेट के जरिए कंप्यूटिंग, स्टोरेज और अन्य तकनीकी सेवाएं उपलब्ध कराने का मॉडल तेजी से लोकप्रिय हुआ।
आज AI के दौर में AWS की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। बड़े AI मॉडल को प्रशिक्षित करने और चलाने के लिए भारी मात्रा में कंप्यूटिंग पावर की जरूरत होती है। ऐसे में Amazon अपने डेटा सेंटर, एआई चिप्स और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है।
2026 की दूसरी तिमाही में AWS का राजस्व 42.2 अरब डॉलर रहा, जो एक साल पहले की तुलना में 37 फीसदी ज्यादा था। कंपनी ने एआई और चिप बिजनेस को भी तेजी से बढ़ते क्षेत्रों के रूप में रेखांकित किया है।
1994 में शुरू हुई अमेजन की कहानी
Amazon की कहानी 1994 में शुरू हुई, जब जेफ बेजोस (Jeff Bezos) ने कंपनी की स्थापना की। उस समय इंटरनेट तेजी से उभर रहा था और बेजोस ने महसूस किया कि ऑनलाइन कारोबार में भविष्य की बड़ी संभावनाएं हैं।
कंपनी ने शुरुआत में कई उत्पादों पर विचार किया, लेकिन अंततः किताबों को चुना गया। इसकी वजह थी किताबों की विशाल संख्या और यह तथ्य कि कोई भी पारंपरिक दुकान दुनिया की हर किताब को अपने स्टोर में नहीं रख सकती थी। ऑनलाइन मॉडल इस समस्या का समाधान दे सकता था।
Amazon.com ने जुलाई 1995 में ऑनलाइन बुकस्टोर के रूप में काम शुरू किया। कंपनी की शुरुआती सफलता ने साबित किया कि इंटरनेट पर लोग सामान खरीदने के लिए तैयार हैं। 1997 में अमेज़न स्टॉक मार्केट में एक सार्वजनिक कंपनी बन गई और और और इसकी लिस्टिंग नैस्डैक (Nasdaq) Nasdaq पर हुई।
उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह कंपनी आने वाले दशकों में दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल होगी।
किताबों से शुरू होकर हर चीज तक पहुंचा अमेजन
Amazon ने जल्द ही किताबों से आगे बढ़ना शुरू किया। इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, घरेलू सामान, फर्नीचर, ग्रॉसरी और रोजमर्रा की जरूरतों के लाखों उत्पाद प्लेटफॉर्म पर आने लगे।
कंपनी ने Third-party sellers को अपने प्लेटफॉर्म पर बेचने की अनुमति देकर अपने कारोबार का विस्तार और तेज किया। इससे Amazon केवल खुद सामान बेचने वाला रीटेलर नहीं रहा, बल्कि एक विशाल मार्केटप्लेस बन गया, जहां दुनिया भर के विक्रेता ग्राहकों तक पहुंच सकते थे। यही मॉडल अमेजन की सबसे बड़ी ताकतों में से एक बना।
Amazon Prime ने बदला पूरा माहौल
2005 में अमेजन ने Amazon Prime लॉन्च किया। शुरुआत में इसका मुख्य आकर्षण तेज और मुफ्त शिपिंग था, लेकिन धीरे-धीरे प्राइम एक व्यापक सब्सक्रिप्शन इकोसिस्टम बन गया।
Prime Video, Prime Music, Exclusive Deals और अन्य सेवाओं को इसमें जोड़ा गया। इससे अमेजन को सिर्फ खरीदारी की वेबसाइट से आगे बढ़कर एक ऐसा डिजिटल इकोसिस्टम बनाने में मदद मिली, जहां ग्राहक बार-बार वापस आते हैं।
प्राइम का महत्व केवल सदस्यता राजस्व (Subscription Revenue) तक सीमित नहीं है। प्राइम ग्राहक अमेजन पर ज्यादा खरीदारी करने के लिए भी प्रोत्साहित होते हैं।
Kindle और Alexa से डिवाइस बाजार में एंट्री
Amazon ने केवल इंटरनेट और cloud तक खुद को सीमित नहीं रखा। 2007 में कंपनी ने Kindle लॉन्च किया। इसका उद्देश्य किताब पढ़ने के अनुभव को डिजिटल बनाना था। किंडल ने प्रकाशन उद्योग और पढ़ने की आदतों में बड़ा बदलाव लाया। लॉन्च के समय किंडल पर हजारों किताबें उपलब्ध थीं और उपयोगकर्ता वायरलेस तरीके से किताबें डाउनलोड कर सकते थे।
इसके बाद Amazon ने स्मार्ट उपकरणों के क्षेत्र में भी कदम बढ़ाया। 2014 में Alexa और Echo ecosystem ने वॉयस असिस्टेंट और स्मार्ट होम बाजार में कंपनी की मौजूदगी मजबूत की।
Whole Foods से MGM तक, कारोबार का विस्तार
Amazon ने समय के साथ कई क्षेत्रों में अधिग्रहण (Acquisitions) और निवेश (Investments) के जरिए अपना विस्तार किया।
2017 में Amazon ने Whole Foods Market का अधिग्रहण किया। इससे कंपनी को Grocery और Physical Retail में मजबूत उपस्थिति मिली। Whole Foods की शुरुआत 1980 में Austin, Texas में हुई थी और बाद में यह natural और organic food retail के लिए प्रसिद्ध हुआ।
इसके बाद Amazon ने मनोरंजन उद्योग में भी अपनी स्थिति मजबूत की। कंपनी ने 2022 में MGM का अधिग्रहण पूरा किया, जिससे Prime Video के लिए फिल्मों और टीवी कंटेंट की विशाल लाइब्रेरी तक पहुंच बढ़ी।
Advertising भी बना बड़ा कारोबार
Amazon को लंबे समय तक केवल शॉपिंग (ई-कॉमर्स) और क्लाउड कंपनी के रूप में देखा जाता था, लेकिन डिजिटल विज्ञापन ने भी कंपनी के लिए राजस्व के लिए एक बड़ा हिस्सा तैयार किया है।
जब कोई ग्राहक Amazon पर किसी उत्पाद की खोज करता है, तो कंपनियां अपने उत्पाद को Sponsored listings और अन्य advertising formats के जरिए सामने ला सकती हैं। Amazon के पास ग्राहकों के Shopping intent से जुड़ा विशाल First-party data ecosystem है, जिसने उसके विज्ञापन कारोबार को मजबूत बनाया।
2026 की दूसरी तिमाही में Amazon का विज्ञापन राजस्व सालाना आधार पर 26 फीसदी बढ़कर 19.8 अरब डॉलर पहुंचा। इससे स्पष्ट है कि कंपनी की कमाई अब सिर्फ products बेचने से नहीं आती, बल्कि उसके डिजिटल प्लेटफॉर्म पर Businesses को Customers (B to C) तक पहुंचाने से भी होती है।
आज भी प्रासंगिक क्यों है अमेजन?
अमेजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कंपनी लगातार खुद को बदलती रही है। 1995 में इसका भविष्य ऑनलाइन किताबें बेचने का था। 2006 में क्लाउड कंप्यूटिंग इसकी नई पहचान बनी। 2007 में किंडल ने डिजिटल रीडिंग को बढ़ावा दिया। 2014 में एलेक्सा ने वॉयस कंप्यूटिंग को घरों तक पहुंचाया। आज एआई और जनरेटिव एआई अगला बड़ा मोर्चा है।
इसी बदलाव के साथ चलने की क्षमता ने अमेजन को आज भी प्रासंगिक बनाए रखा है।
कंपनी अब केवल वह जगह नहीं है जहां लोग सामान खरीदते हैं। यह एक ऐसा इकोसिस्टम है जहां उपभोक्ता खरीदारी करता है, प्राइम वीडियो पर मनोरंजन देखता है, AWS पर बिजनेस इंफ्रास्ट्रक्चर चलता है, विज्ञापनदाता ग्राहकों तक पहुंचते हैं और एआई कंपनियां कंप्यूटिंग संसाधनों का इस्तेमाल करती हैं।
अमेजन की यही विविधता उसकी ताकत है। हालांकि, यही विस्तार कंपनी के लिए चुनौतियां भी लेकर आता है। एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी खर्च, फ्री कैश फ्लो पर दबाव, नियामकीय जांच, प्रतिस्पर्धा और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे ऐसे क्षेत्र हैं जिन पर कंपनी को लगातार ध्यान देना होगा।
3 ट्रिलियन डॉलर के बाद Amazon की अगली चुनौती
अमेजन का 3 ट्रिलियन डॉलर का बाजार मूल्य हासिल करना निश्चित रूप से ऐतिहासिक है, लेकिन यह कंपनी की यात्रा का अंत नहीं बल्कि एक नया पड़ाव है।
आज निवेशकों की उम्मीदें एआई और एडब्ल्यूएस की ग्रोथ पर टिकी हैं। अमेजन को यह साबित करना होगा कि 220 अरब डॉलर तक का कैपिटल एक्सपेंडिचर केवल खर्च नहीं, बल्कि भविष्य के टिकाऊ विकास का आधार है। एआई की मांग अगर लंबे समय तक मजबूत रहती है तो एडब्ल्यूएस इस निवेश का बड़ा लाभ उठा सकता है। लेकिन अगर एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च की रफ्तार रेवेन्यू ग्रोथ से आगे निकलती है, तो प्रॉफिटेबिलिटी और कैश फ्लो पर दबाव बढ़ सकता है।
फिर भी अमेजन की अब तक की कहानी बताती है कि कंपनी ने कई बार अपने कारोबार को बदलकर विकास के नए मौके पैदा किए हैं। किताबों से शुरू हुई यह कंपनी आज क्लाउड कंप्यूटिंग, एआई, एडवरटाइजिंग, एंटरटेनमेंट, हेल्थकेयर और लॉजिस्टिक्स जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में मौजूद है।
अगर अमेजन अपनी विशाल क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, एआई क्षमताओं और कंज्यूमर इकोसिस्टम को सफलतापूर्वक एक साथ आगे बढ़ाता है, तो आने वाले वर्षों में इसकी कहानी केवल 3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने की नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी की अगली पीढ़ी को आकार देने की भी हो सकती है।
ये भी पढ़ें :- Flipkart की Food Delivery में एंट्री! Swiggy-Zomato के सामने खड़ी हुई नई चुनौती, समझे पूरा खेल


