‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ पर रोक की सिफारिश: केंद्र के आग्रह के बाद हाईकोर्ट में टली सुनवाई

नई दिल्ली, न्यूज ऑफ द डे

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर आधारित वेब सीरीज ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 ने बताया कि केंद्र सरकार ने फिलहाल इस सीरीज की रिलीज टालने का अनुरोध किया है। यह सीरीज 27 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसके भविष्य पर संशय बन गया है। मामले की सुनवाई कर रहे जस्टिस पुरुषेंद्र कुमार कौरव ने नए घटनाक्रम को देखते हुए सुनवाई सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी।

कोर्ट में जी5 के वकील ने बताया कि Ministry of Information and Broadcasting ने परामर्श जारी कर फिलहाल सीरीज को प्रसारित न करने के लिए कहा है। इसके बाद प्लेटफॉर्म ने अदालत को स्थिति से अवगत कराया। दरअसल, इस सीरीज के खिलाफ खुद लॉरेंस बिश्नोई की ओर से याचिका दायर की गई है, जिसमें रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई है। बिश्नोई इस समय गुजरात की एक जेल में बंद है और उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में भी मुख्य आरोपियों में शामिल है।

इससे पहले पंजाब पुलिस भी इस सीरीज को लेकर आपत्ति जता चुकी है। पुलिस ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर कहा था कि ऐसी सामग्री से कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है। साथ ही यह भी आशंका जताई गई थी कि इस तरह की सीरीज युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित कर सकती है और गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा मिल सकता है। पंजाब पुलिस की साइबर शाखा ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को भेजे पत्र में स्पष्ट किया था कि अपराध से जुड़े व्यक्तियों का महिमामंडन समाज के लिए नुकसानदेह हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *