क्रिकेटर युवराज सिंह की मां से फिरौती मांगने की कोशिश करने वाली महिला गिरफ्तार

नई दिल्ली।

भारत के पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के परिवार को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर उनकी मां से पैसे ऐंठने की कोशिश करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। गुरुग्राम पुलिस ने यह जानकारी दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला युवराज के भाई की देखभाल करती थी।

युवराज सिंह की मां शबनम सिंह की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार परिवार ने 2022 में युवराज सिंह के भाई जोरावर सिंह की देखभाल के लिए हेमा कौशिक नामक एक महिला को काम पर रखा था। जोरावर सिंह पिछले कई वर्षों से अवसाद का शिकार थे। हालांकि पुलिस शिकायत में कहा गया है कि महिला को पेशेवर नहीं होने के कारण 20 दिनों के बाद ही काम से निकाल दिया गया।

हेमा कौशिक ने मई में उन्हें झूठे मामले में फंसाने और परिवार को बदनाम करने की धमकी देकर वाट्सऐप कॉल करना और संदेश भेजना शुरू कर दिया था तथा उनसे 40 लाख रुपये की मांग की थी। गुरुग्राम पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और आरोपी महिला को युवराज सिंह की मां से 5 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गुरुग्राम के पुलिस उपायुक्त नीतीश अग्रवाल ने कहा कि हम आरोपी महिला से पूछताछ कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *