नई दिल्ली पहली बार करेगी वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेज़बानी, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिए हरसंभव सहयोग के संकेत

पैरा ओलंपिक समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आयोजन की तैयारियों पर की चर्चा, 100 से अधिक देशों के एथलीटों के भाग लेने की संभावना

नई दिल्ली, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 की तैयारियों को लेकर पैरा ओलंपिक समिति ऑफ इंडिया (PCI) के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता से भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, कोयंबटूर से विधायक और PCI की मुख्य संरक्षक श्रीमती वनाथी श्रीनिवासन ने किया।

बैठक का उद्देश्य आगामी सितंबर-अक्टूबर में प्रस्तावित चैंपियनशिप की तैयारियों की समीक्षा करना था। इस दौरान PCI अध्यक्ष श्री देवेंद्र झाझरिया, मुख्य कोच श्री सत्यनारायण, निदेशक श्री सत्यबाबू और आयोजन के संयुक्त सचिव श्री किरुबाकरार राजू भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आश्वस्त किया कि दिल्ली सरकार चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए पूर्ण समर्थन और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मेज़बानी का अवसर मिलना गौरव की बात है।

बैठक में आयोजन स्थलों के ढांचे, सुविधाओं की पहुँच, एथलीटों के ठहरने की व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स, स्वयंसेवकों की भागीदारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समन्वय जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

श्रीमती वनाथी श्रीनिवासन ने दिल्ली सरकार की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि यह चैंपियनशिप ना सिर्फ पैरा एथलेटिक्स को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों को वैश्विक मंच प्रदान कर भारत की समावेशी खेल नीति को भी दर्शाएगी।

उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह आयोजन भारत की अंतरराष्ट्रीय खेलों में बढ़ती भागीदारी और समर्पण को उजागर करेगा। PCI इस आयोजन को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि देश में पैरा खेलों को एक नई ऊंचाई दी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *