Wednesday, 25 November 2026
ब्रेकिंग न्यूज़
Miss Universe 2026: प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने जीता ताज, पहली बार मां बनीं विश्व सुंदरी; भारत की कज़िया टॉप-12 से चूकीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया राजस्थान पवेलियन का दौरा, पारंपरिक कला और तकनीकी नवाचारों को सराहा Parastoo Ahmadi Case: ऑनलाइन कॉन्सर्ट में बिना हिजाब गाना पड़ा भारी, ईरानी गायिका को पड़े 74 कोड़े; जानें पूरा मामला 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 52 गेंदों में ठोका दोहरा शतक; एक पारी में बनाए कई विश्व रिकॉर्ड मेडिकल लापरवाही के मामलों के लिए अलग व्यवस्था की मांग, सुप्रीम कोर्ट में 26 नवंबर को सुनवाई Kannauj School Bus Accident: घर लौटने की खुशी मातम में बदली, स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर; 4 बच्चों की मौत दो साल बाद बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना, सरकार के सामने रखी ये मांग MERI ने विद्यार्थियों के लिए रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया Miss Universe 2026: प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने जीता ताज, पहली बार मां बनीं विश्व सुंदरी; भारत की कज़िया टॉप-12 से चूकीं केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया राजस्थान पवेलियन का दौरा, पारंपरिक कला और तकनीकी नवाचारों को सराहा Parastoo Ahmadi Case: ऑनलाइन कॉन्सर्ट में बिना हिजाब गाना पड़ा भारी, ईरानी गायिका को पड़े 74 कोड़े; जानें पूरा मामला 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, 52 गेंदों में ठोका दोहरा शतक; एक पारी में बनाए कई विश्व रिकॉर्ड मेडिकल लापरवाही के मामलों के लिए अलग व्यवस्था की मांग, सुप्रीम कोर्ट में 26 नवंबर को सुनवाई Kannauj School Bus Accident: घर लौटने की खुशी मातम में बदली, स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर; 4 बच्चों की मौत दो साल बाद बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना, सरकार के सामने रखी ये मांग MERI ने विद्यार्थियों के लिए रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया

Miss Universe 2026: प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने जीता ताज, पहली बार मां बनीं विश्व सुंदरी; भारत की कज़िया टॉप-12 से चूकीं

27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो ने अपने देश में आयोजित प्रतियोगिता के 75वें संस्करण में जीत हासिल की। वे मनोविज्ञान और सोशल वर्क में पोस्ट ग्रेजुएट हैं।

सैन जुआन: दुनिया की सबसे चर्चित सौंदर्य प्रतियोगिताओं में शामिल मिस यूनिवर्स 2026 को नया विजेता मिल गया है। प्यूर्टो रिको की 27 वर्षीय जेनिफर बैरेटो ने 75वें संस्करण का खिताब अपने नाम कर लिया है। खास बात यह है कि इस बार प्रतियोगिता का आयोजन जेनिफर के अपने देश में हुआ और उन्होंने घरेलू दर्शकों के सामने दुनिया भर की प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर ताज हासिल किया।

24 नवंबर को सैन जुआन स्थित जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया। इसमें अलग-अलग देशों और क्षेत्रों की 116 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मौजूदा मिस यूनिवर्स फातिमा बॉश ने जेनिफर को ताज पहनाया। डोमिनिकन रिपब्लिक की मेलिसा नुनेज फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि वेनेजुएला की क्लारा वेगास गोएट्ज ने सेकंड रनर-अप का स्थान हासिल किया।

इस बार का आयोजन प्रतियोगिता के 75 साल पूरे होने के लिहाज से भी खास था। हालांकि, प्रतियोगिता से पहले कुछ देशों की प्रतिभागियों के हटने, फ्रेंचाइजी विवाद और आयोजन से जुड़े सवालों के कारण यह संस्करण चर्चा में रहा।

कौन हैं मिस यूनिवर्स 2026 जेनिफर बैरेटो?

जेनिफर बैरेटो प्यूर्टो रिको की रहने वाली हैं। उन्होंने मिस यूनिवर्स 2026 में सैन सेबेस्टियन का प्रतिनिधित्व किया। 27 वर्षीय जेनिफर ने जून 2026 में मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीतकर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई थी। खास बात यह है कि बड़े सौंदर्य प्रतियोगिताओं में उनका अनुभव सीमित था और मिस यूनिवर्स उनका पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय मंच था।

जेनिफर की पहचान केवल मॉडलिंग तक सीमित नहीं है। उन्होंने मनोविज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा, उनके पास मनोविज्ञान और क्लिनिकल सोशल वर्क में मास्टर डिग्री भी है। वह पेशे से प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट हैं और उनका काम घरेलू हिंसा, बाल शोषण तथा पारिवारिक संकटों की रोकथाम से जुड़ा रहा है।

उन्होंने 2021 में अमेरिका के रक्षा विभाग के साथ टेक्सास स्थित फोर्ट हूड में काम शुरू किया था। वहां फैमिली एडवोकेसी प्रोग्राम के तहत उन्होंने घरेलू हिंसा और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार से प्रभावित सैन्य परिवारों को सहायता दी। इसके साथ ही वह परिवारों की सुरक्षा और ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशिक्षण तथा जागरूकता से जुड़े प्रयासों में भी शामिल रहीं।

जेनिफर ने कार्ल आर. डार्नल आर्मी मेडिकल सेंटर में स्वयंसेवक के रूप में सेवाएं दी हैं। प्यूर्टो रिको में वह बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े सामाजिक कार्यों के लिए पीडियाट्रिक डायबिटीज एसोसिएशन के साथ भी सहयोग करती रही हैं।

मां बनने के बाद मिस यूनिवर्स का ताज जीतने वाली पहली महिला

जेनिफर बैरेटो की जीत का एक खास पहलू उनका मातृत्व भी है। वह शादीशुदा हैं और उनकी सात साल की बेटी पेनेलोप है। Miss Universe का खिताब जीतने के साथ ही वह मां बनने के बाद यह ताज हासिल करने वाली पहली महिला बन गई हैं।

उनकी सफलता ने सौंदर्य प्रतियोगिताओं में महिलाओं की बदलती भागीदारी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ पेशेवर जीवन को आगे बढ़ाने की चर्चा को भी जगह दी है।

मिस यूनिवर्स संगठन ने 2023 से प्रतियोगिता के नियमों में बदलाव करते हुए विवाहित महिलाओं और माताओं को भी हिस्सा लेने की अनुमति दी थी। इससे पहले प्रतियोगिता में अविवाहित महिलाओं और बिना बच्चों वाली प्रतिभागियों के लिए ही पात्रता थी। इस बदलाव के बाद मातृत्व और वैवाहिक स्थिति को प्रतियोगिता में भागीदारी की बाधा नहीं माना गया।

जेनिफर की उपलब्धि इसी बदले हुए नियमों के बाद सामने आई है। उन्होंने अपनी शिक्षा, सामाजिक कार्य और पारिवारिक जीवन के साथ अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह बनाई। उनकी जीत को इस लिहाज से भी देखा जा रहा है कि अब मिस यूनिवर्स जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की पहचान केवल उनके रूप-रंग तक सीमित नहीं रह गई है। उनकी शिक्षा, काम, विचार और सामाजिक योगदान भी चर्चा का हिस्सा बन रहे हैं।

ये भी पढ़ें :- Parastoo Ahmadi Case: ऑनलाइन कॉन्सर्ट में बिना हिजाब गाना पड़ा भारी, ईरानी गायिका को पड़े 74 कोड़े; जानें पूरा मामला

फिनाले में पूछे गए सवाल के जवाब ने दिलाया ताज

Miss Universe 2026 के अंतिम चरण में पहुंचीं पांचों प्रतिभागियों से एक ही सवाल पूछा गया। उनसे जाना गया कि इस समय दुनिया को अपने नेताओं से सबसे ज्यादा किस चीज की जरूरत है। इस सवाल के जवाब में जेनिफर ने नेतृत्व में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को जरूरी बताया।

उन्होंने कहा कि दुनिया को ऐसे नेताओं की जरूरत है, जो दूसरों की परिस्थितियों को समझ सकें और उनके प्रति संवेदनशील रहें। उनके मुताबिक, आज के दौर में लोग अक्सर दूसरों के बारे में राय बनाने और उनकी आलोचना करने में व्यस्त रहते हैं। ऐसे माहौल में एक अच्छे नेता को अपने मूल्यों पर कायम रहना चाहिए, अपने आचरण से उदाहरण पेश करना चाहिए और बेहतर मानक स्थापित करने की कोशिश करनी चाहिए।

जेनिफर ने समुदायों की जरूरतों को समझने और उनके अनुरूप योजनाएं तैयार करने पर भी जोर दिया। उनका मानना है कि जब नेतृत्व करने वाले लोग लोगों की बात सुनते हैं और उनकी वास्तविक समस्याओं को ध्यान में रखकर फैसले लेते हैं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

फाइनल राउंड में दिए गए इस जवाब ने जेनिफर की जीत में अहम भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने जिम्मेदार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नेतृत्व और सामुदायिक जरूरतों जैसे विषयों पर भी अपनी राय रखी थी।

प्यूर्टो रिको को छठी बार मिला Miss Universe का खिताब

जेनिफर बैरेटो की जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने छठी बार Miss Universe का ताज हासिल किया है। इससे पहले इस क्षेत्र की पांच महिलाएं यह खिताब जीत चुकी हैं। प्यूर्टो रिको की पहली मिस यूनिवर्स मारिसोल मालारेत थीं, जिन्होंने 1970 में यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके बाद 1985 में डेबोरा कार्थी-ड्यू, 1993 में दयानारा टोरेस, 2001 में डेनिस क्विनोनेस और 2006 में जुलेइका रिवेरा ने यह ताज जीता।

इस बार की जीत प्यूर्टो रिको के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि प्रतियोगिता का आयोजन इसी क्षेत्र में हुआ। इससे पहले 2001 में डेनिस क्विनोनेस ने भी अपने घरेलू दर्शकों के सामने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता था। जेनिफर की सफलता के साथ प्यूर्टो रिको दूसरी बार मेजबान रहते हुए यह ताज जीतने में सफल रहा है।

मिस यूनिवर्स 2026 का आयोजन प्रतियोगिता के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर किया गया। इस खास अवसर पर संगठन ने एक नया ताज भी पेश किया। इसका नाम ‘द रेडियंस ऑफ एन इटरनल लेगेसी’ रखा गया। इसमें 3,150 हीरे लगाए गए हैं। इस डिजाइन को प्रतियोगिता के 75 वर्षों के इतिहास और उसकी विरासत को ध्यान में रखकर तैयार किया गया।

भारत की कज़िया लिज मेजो टॉप-30 तक पहुंचीं

Miss Universe 2026 में भारत की ओर से 19 वर्षीय कज़िया लिज मेजो ने हिस्सा लिया। वह केरलम के मावेलिक्करा की रहने वाली हैं और मॉडलिंग के साथ कानून की पढ़ाई भी कर रही हैं। कज़िया ने अगस्त 2026 में जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया प्रतियोगिता जीतकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका हासिल किया था। वह यह राष्ट्रीय खिताब जीतने वाली केरलम की पहली महिला हैं।

कज़िया का जन्म 2007 में हुआ था और उनका बचपन अबू धाबी, संयुक्त अरब अमीरात में बीता। उन्होंने शुरुआती पढ़ाई वहीं की। फिलहाल वह बेंगलुरु में कानून की पढ़ाई कर रही हैं। सौंदर्य प्रतियोगिताओं में उनकी शुरुआत 2024 में हुई, जब 17 साल की उम्र में उन्होंने मिस टीन दिवा का खिताब जीता। अगले साल मिस टीन इंटरनेशनल में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए वह फर्स्ट रनर-अप रहीं। 2026 में उन्होंने मिस यूनिवर्स केरलम का खिताब भी अपने नाम किया।

पढ़ाई और मॉडलिंग के अलावा कज़िया की रुचि कला में भी है। उन्होंने करीब 12 साल तक शास्त्रीय नृत्य का प्रशिक्षण लिया है। वह गायन के साथ वायलिन और ड्रम्स भी बजाती हैं। मलयालम फिल्म ‘शाइलॉक’ से उन्होंने अभिनय की शुरुआत की थी।

मिस यूनिवर्स 2026 में कज़िया टॉप-30 तक पहुंचीं, लेकिन टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं। भारत ने अब तक तीन बार यह खिताब जीता है। सुष्मिता सेन (1994), लारा दत्ता (2000) और हरनाज संधू (2021) मिस यूनिवर्स बनी थीं।

75वें संस्करण में विवादों ने भी खींचा ध्यान

मिस यूनिवर्स 2026 का आयोजन जहां 75 साल पूरे होने के कारण खास था, वहीं इसके आसपास कई विवाद भी सामने आए। प्रतियोगिता में कुछ प्रतिभागियों के हटने, फ्रेंचाइजी अधिकारों से जुड़े मतभेद और आयोजन के प्रबंधन को लेकर सवाल उठे। कुछ देशों की प्रतिभागियों ने व्यक्तिगत कारणों या स्वास्थ्य संबंधी वजहों से प्रतियोगिता से नाम वापस लिया। वहीं कुछ देशों की अनुपस्थिति को फ्रेंचाइजी विवाद और वीजा संबंधी समस्याओं से जोड़ा गया।

इस संस्करण में शुरुआती तौर पर 130 से अधिक देशों और क्षेत्रों के प्रतिभागियों के शामिल होने की बात कही गई थी। हालांकि, प्रतियोगिता के दौरान कई प्रतिभागियों के हटने के बाद अंतिम मुकाबले में 116 प्रतियोगियों ने हिस्सा लिया। आयोजन से पहले संगठन के प्रबंधन और पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठे थे।

इन चर्चाओं के बावजूद सैन जुआन में आयोजित ग्रैंड फिनाले में दुनिया भर की प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। राष्ट्रीय परिधान, स्विमसूट राउंड, प्रारंभिक चरण और अंतिम सवाल-जवाब के दौर के बाद विजेता का चयन किया गया।

Home » Miss Universe 2026: प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने जीता ताज, पहली बार मां बनीं विश्व सुंदरी; भारत की कज़िया टॉप-12 से चूकीं
शेयर करें: Facebook X WhatsApp
MD Faijan

MD Faijan

लेखक

मोहम्मद फैजान न्यूज़ ऑफ द डे में पत्रकार हैं, जहाँ वे खेल, मनोरंजन, राजनीति और अंतरराष्ट्रीय मामलों को कवर करते हैं। इससे पहले वे यूट्यूब चैनल स्पोर्ट्स यारी में सोशल मीडिया एग्जीक्यूटिव के रूप में कार्य कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने डिजिटल कंटेंट मैनेजमेंट और ऑडियंस एंगेजमेंट का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। भारत के छत्तीसगढ़ राज्य के कोरिया जिले से संबंध रखने वाले फैजान आधुनिक मीडिया कार्यप्रणालियों की अच्छी समझ रखते हैं और कहानी कहने के विभिन्न रूपों में गहरी रुचि रखते हैं।

संबंधित खबरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

// न्यूज़लेटर

हर सुबह सबसे पहले ख़बरें।

अपना ईमेल दर्ज करें — कोई स्पैम नहीं, सिर्फ ज़रूरी खबरें।