दिल्ली ट्रेड फेयर 2026 में थाईलैंड, ईरान, नेपाल, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश सहित 10 देशों के पवेलियन लगाए जाएंगे। विदेशी प्रदर्शक अपने उत्पाद और सेवाएं पेश करेंगे, जिससे दर्शकों और कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार की झलक मिलेगी।
नई दिल्ली: दिल्ली के भारत मंडपम में 13 नवंबर से 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 का आयोजन होने जा रहा है। इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (ITPO) की ओर से आयोजित इस मेले में देश-विदेश के 3,500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाओं, आधुनिक तकनीक और औद्योगिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
ट्रेड फेयर में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अलावा 10 देशों की भागीदारी होगी। मेले में सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, बैंकों, स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) और निजी कंपनियों के उत्पादों तथा सेवाओं को देखने का अवसर मिलेगा।
कब और कहां होगा IITF 2026 का आयोजन?
45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आयोजन नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा। मेले का उद्घाटन 13 नवंबर 2026 को शाम 7 बजे कन्वेंशन सेंटर के ऑडिटोरियम-2 में होगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर पद्मश्री सम्मान से सम्मानित गुरु माधवी मुद्गल और उनका समूह ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति देगा। समारोह में प्रवेश गेट नंबर 7 से होगा।
मेले की प्रदर्शनी 14 नवंबर से शुरू होगी। 14 से 18 नवंबर तक के पांच दिन बिजनेस डेज के रूप में निर्धारित किए गए हैं। इस दौरान व्यापारिक प्रतिनिधियों, कंपनियों और अन्य कारोबारी प्रतिभागियों को प्राथमिकता दी जाएगी। आम जनता के लिए 19 से 27 नवंबर तक प्रवेश उपलब्ध रहेगा।
इस साल ट्रेड फेयर की थीम क्या है?
IITF 2026 की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। यह विषय भारत की आर्थिक और तकनीकी प्रगति के साथ देश की सांस्कृतिक विरासत को भी महत्व देता है। इसके जरिए आधुनिक उद्योग, नवाचार, नई तकनीक और भविष्य की संभावनाओं को पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और क्षेत्रीय पहचान के साथ प्रस्तुत किया जाएगा।
मेले में अलग-अलग राज्यों के पवेलियन के माध्यम से वहां के पारंपरिक उत्पादों, स्थानीय उद्योगों, पर्यटन और सांस्कृतिक विशेषताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारतीय उद्योग और व्यापार की विविधता को सामने लाने के साथ स्थानीय उद्यमियों और कारीगरों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराना भी है।
3,500 से ज्यादा प्रदर्शकों की भागीदारी
ITPO के मुताबिक, इस बार मेले में भारत और विदेशों के 3,500 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पवेलियन में क्षेत्रीय उत्पादों, हस्तशिल्प, स्थानीय उद्योगों, पर्यटन और विकास से जुड़ी पहलों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस साल बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को पार्टनर स्टेट का दर्जा दिया गया है। वहीं, असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल फोकस स्टेट होंगे।
इनके अलावा 51 केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी विभागों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSBs) की भी भागीदारी होगी। ये संस्थान अपनी योजनाओं, नीतिगत पहलों, उपलब्धियों, उत्पादों और सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे।
10 देशों के पवेलियन भी होंगे आकर्षण
IITF 2026 में अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के तहत 10 देशों के पवेलियन लगाए जाएंगे। इनमें थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, दुबई (संयुक्त अरब अमीरात), तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश शामिल हैं।
इन देशों के प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं को भारतीय कारोबारियों तथा आम दर्शकों के सामने पेश करेंगे। विदेशी कंपनियों को भारतीय बाजार में कारोबारी संभावनाएं तलाशने, खरीदारों से संपर्क बनाने और व्यापारिक साझेदारी विकसित करने का अवसर मिलेगा। वहीं, भारतीय कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय उत्पादों और बाजार से जुड़ी संभावनाओं को समझने का मंच मिलेगा।
इस बार ट्रेड फेयर में क्या होगा खास?
मेले में कारोबार और प्रदर्शनी के साथ कुछ नए आकर्षण भी जोड़े गए हैं। इनमें स्टार्टअप, स्थानीय उत्पादों और डिजिटल अनुभवों को विशेष स्थान दिया गया है।
हॉल ऑफ इंस्पिरेशन: इस विशेष पवेलियन में भारतीय स्टार्टअप अपने नए विचारों, आधुनिक तकनीकों और भविष्य से जुड़ी परियोजनाओं को प्रदर्शित करेंगे। यहां दर्शकों को नए उत्पादों और तकनीक आधारित समाधानों को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
ODOP पवेलियन: वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) पवेलियन में देश के अलग-अलग जिलों के विशिष्ट उत्पाद और पारंपरिक शिल्प प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, छोटे कारोबारियों और क्षेत्रीय उत्पादों को पहचान दिलाना है।
इमर्सिव डिजिटल जोन: इस जोन में तकनीक आधारित इंटरैक्टिव अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा। यहां दर्शक डिजिटल माध्यम से मनोरंजन और नए तरह की गतिविधियों का अनुभव कर सकेंगे।
फूड कोर्ट: मेले में 90 से अधिक फूड आउटलेट लगाए जाएंगे। यहां अलग-अलग तरह के व्यंजन और खानपान के विकल्प उपलब्ध होंगे।
ट्रेड फेयर में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम और लाइव परफॉर्मेंस
IITF 2026 में प्रदर्शनी के अलावा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें शास्त्रीय नृत्य, सूफी संगीत, लाइव कॉन्सर्ट और लोक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। कार्यक्रम कन्वेंशन सेंटर, म्यूजिकल फाउंटेन एरिया और ओपन एयर एम्फीथिएटर में आयोजित किए जाएंगे।
13 नवंबर को उद्घाटन समारोह में गुरु माधवी मुद्गल और उनका समूह ओडिसी नृत्य प्रस्तुत करेगा। 15 नवंबर को ऑडिटोरियम-1 में विशेष कर्नाटक संगीत कार्यक्रम होगा। 18 नवंबर को म्यूजिकल फाउंटेन एरिया में ‘मंगनियार सेडक्शन’ और 19 नवंबर को ‘तल फ्राई-ए परकशन इनोवेशन’ की प्रस्तुति निर्धारित है।
20 नवंबर को कन्वेंशन सेंटर के ओपन एयर एम्फीथिएटर में ‘भजन क्लबिंग’ और 21 नवंबर को म्यूजिकल फाउंटेन एरिया में ‘मोहब्बत की पाठशाला’ आयोजित होगी। 22 नवंबर को निजामी बंधु कव्वाली की प्रस्तुति देंगे। इसी दिन ऑडिटोरियम-2 में ‘रूहानियत-सूफी एंड गजल’ कार्यक्रम होगा।
24 नवंबर को कन्वेंशन सेंटर के प्लेनरी हॉल में हरिहरन और पृथ्वी गंधर्व की प्रस्तुति होगी। इसी दिन ओपन एयर एम्फीथिएटर में शहजाद अली का कार्यक्रम निर्धारित है। 25 नवंबर को महाराष्ट्र स्टेट डे के अवसर पर प्लेनरी हॉल में सलीम-सुलेमान की प्रस्तुति होगी।
कब किस राज्य का होगा स्टेट डे?
ट्रेड फेयर में अलग-अलग राज्यों और संगठनों के लिए स्टेट डे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में राज्यों की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और क्षेत्रीय विशेषताओं को प्रस्तुत किया जाएगा।
- 15 नवंबर: तमिलनाडु, दोपहर 3 से शाम 4:30 बजे।
- 16 नवंबर: उत्तर प्रदेश, शाम 6 से 7:30 बजे।
- 17 नवंबर: मणिपुर, शाम 6 से 7:30 बजे।
- 18 नवंबर: आंध्र प्रदेश, शाम 6 से 7:30 बजे।
- 19 नवंबर: मध्य प्रदेश, दोपहर 3 से 4:30 बजे और दिल्ली, शाम 6 से 7:30 बजे।
- 20 नवंबर: बिहार, दोपहर 3 से 4:30 बजे और छत्तीसगढ़, शाम 6 से 7:30 बजे।
- 21 नवंबर: ओडिशा, दोपहर 3 से 4:30 बजे और राजस्थान, शाम 6 से 7:30 बजे।
- 22 नवंबर: उत्तराखंड, दोपहर 3 से 4:30 बजे और हरियाणा, शाम 6 से 7:30 बजे।
- 23 नवंबर: जम्मू-कश्मीर, दोपहर 3 से 4:30 बजे। इसी दिन SEBI और असम के कार्यक्रम शाम 6 से 7:30 बजे निर्धारित हैं।
- 24 नवंबर: महाराष्ट्र और झारखंड के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
- 25 नवंबर: पश्चिम बंगाल, शाम 6 से 7:30 बजे।
- 27 नवंबर: पंजाब, शाम 6 से 7:30 बजे।
ये कार्यक्रम मुख्य रूप से एम्फीथिएटर-1 में होंगे। कुछ आयोजनों के लिए एम्फीथिएटर-2 और कन्वेंशन सेंटर का ओपन एयर एम्फीथिएटर निर्धारित किया गया है।
ये भी पढ़ें :- IITF 2026: दिल्ली के ट्रेड फेयर में इस बार महंगी होगी एंट्री, जानें टिकट के नए रेट, तारीखें और मेले से जुड़ी खास बातें
IITF 2026 के टिकट
ट्रेड फेयर में प्रवेश के लिए बिजनेस डेज और आम दिनों के टिकट की कीमत अलग-अलग रखी गई है। 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डेज के दौरान प्रवेश टिकट की कीमत 500 रुपये निर्धारित है। आम दर्शकों के लिए 19 से 27 नवंबर तक टिकट की दरें सप्ताह के दिन और वीकेंड के हिसाब से अलग होंगी।
सामान्य दिनों में वयस्कों के लिए वीकडे टिकट 100 रुपये और वीकेंड या राजपत्रित अवकाश पर 200 रुपये का होगा। बच्चों के लिए वीकडे टिकट 50 रुपये और वीकेंड या राजपत्रित अवकाश पर 100 रुपये निर्धारित है। सभी टिकट दरों में GST शामिल है।
सीजन टिकट की सुविधा भी उपलब्ध होगी। बिजनेस डेज के लिए पांच टिकटों का सीजन पास 1,800 रुपये में मिलेगा। सामान्य दिनों के लिए नौ टिकटों का सीजन पास 800 रुपये और प्रदर्शकों के लिए 14 टिकटों वाला सीजन पास 2,000 रुपये का होगा। सरकारी विभागों के लिए QR कोड या बारकोड टिकट की कीमत 40 रुपये रखी गई है।
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सामान्य दिनों यानी 19 से 27 नवंबर तक वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाने पर मुफ्त प्रवेश दिया जाएगा। पहचान पत्र में जन्मतिथि दर्ज होना जरूरी है। उनके साथ आने वाले व्यक्ति को सामान्य टिकट खरीदना होगा। टिकट पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर उपलब्ध होंगे।
ट्रेड फेयर का समय और प्रवेश के गेट
14 से 27 नवंबर तक मेले का निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक रहेगा। आम दर्शकों को सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक प्रवेश दिया जाएगा, जबकि प्रदर्शकों के लिए प्रवेश का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा।
आम दर्शक भैरों रोड स्थित गेट नंबर 3 और 4 तथा मथुरा रोड स्थित गेट नंबर 6 और 10 से प्रवेश कर सकेंगे। प्रोटोकॉल प्रवेश के लिए गेट नंबर 1, 5A, 7 और 10 निर्धारित किए गए हैं। वहीं, माल और प्रदर्शनी से जुड़े सामान की आवाजाही के लिए गेट नंबर 1, 3 और 5B का इस्तेमाल किया जाएगा। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के अनुसार प्रवेश के नियमों में बदलाव हो सकता है।
दर्शकों के लिए मोबाइल ऐप और दूसरी सुविधाएं
ITPO ने IITF 2026 के लिए आधिकारिक मोबाइल ऐप भी उपलब्ध कराया है। इसे Google Play Store और Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप के जरिए दर्शक ऑनलाइन टिकट बुक करने के साथ प्रदर्शनी हॉल, पवेलियन, प्रदर्शकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इसमें भारत मंडपम का इंटरैक्टिव नक्शा भी दिया गया है, जिसकी मदद से हॉल, प्रवेश द्वार, फूड कोर्ट, पार्किंग और एम्फीथिएटर तक पहुंचने में सुविधा होगी। ऐप में शटल और ई-रिक्शा मार्गों की जानकारी, हेल्पडेस्क, चिकित्सा सहायता और आपात स्थिति के लिए SOS सुविधा भी उपलब्ध होगी। प्रदर्शकों के लिए डिजिटल एंट्री बैज और कारोबारियों के बीच नेटवर्किंग की सुविधा भी दी गई है।
मेले में दर्शकों की सुविधा के लिए शटल सेवा, गोल्फ कार्ट, पार्किंग, कैब पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट, मेडिकल सहायता और एंबुलेंस की व्यवस्था होगी। दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा 24 घंटे निगरानी, खोया-पाया केंद्र, पोर्टर और कंसीयर्ज सेवाएं, क्लोकरूम तथा पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधाएं भी रहेंगी।
किस हॉल में क्या देखने को मिलेगा?
भारत मंडपम के अलग-अलग हॉल में उत्पादों और प्रदर्शकों को श्रेणियों के आधार पर रखा जाएगा। हॉल-1 के ग्राउंड फ्लोर पर विदेशी देशों के पवेलियन और ODOP प्रदर्शनी होगी। हॉल-2 से 5 के ग्राउंड फ्लोर पर पार्टनर और फोकस स्टेट्स, केंद्रीय मंत्रालयों, सरकारी विभागों, कमोडिटी बोर्ड, PSUs और PSBs के पवेलियन होंगे।
हॉल-1 की पहली मंजिल पर अंतरराष्ट्रीय भागीदारी, दूतावासों और राज्य सरकारों की प्रदर्शनियां तथा नई पहलें दिखाई जाएंगी। हॉल-2 से 5 की पहली मंजिल और हॉल-6 में भी राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेशों, मंत्रालयों, विभागों और सार्वजनिक संस्थानों के पवेलियन होंगे।
हॉल-8 से 11 में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल सामान, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, फुटवियर, टेक्सटाइल, किचन उपकरण और घड़ियों से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। हॉल-12 और 12A में प्रोसेस्ड फूड, पेय पदार्थ, मसाले, कृषि उत्पाद, हस्तशिल्प, फर्नीचर और अन्य वस्तुओं की प्रदर्शनी होगी।
हॉल-14 के ग्राउंड फ्लोर पर सौंदर्य प्रसाधन, कॉस्मेटिक्स, ज्वेलरी और विभिन्न उत्पादों के स्टॉल होंगे, जबकि इसकी पहली मंजिल पर नई पहल और अनुभव आधारित जोन बनाया जाएगा।
ऑनलाइन टिकट कहां से बुक करें?
IITF 2026 के टिकट ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल https://booking.indiatradefair.com के माध्यम से खरीदे जा सकते हैं। मेले से जुड़ी तारीखों, कार्यक्रमों, टिकट और प्रवेश व्यवस्था की ताजा जानकारी के लिए दर्शक ITPO की आधिकारिक वेबसाइट https://www.itpo.gov.in/iitf पर भी जा सकते हैं। आयोजकों ने दर्शकों को मेले में पहुंचने से पहले आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध नवीनतम जानकारी देखने की सलाह दी है।
