FIFA World Cup 2026 : ब्राजील ने किया स्क्वाड का ऐलान, नेमार की हुई टीम में वापसी

FIFA 2026: ब्राजील टीम में नेमार की वापसी

नई दिल्ली: अगले महीने से शुरु होने वाले FIFA World Cup के लिए ब्राजील ने अपनी टीम की घोषणा की है। इस ऐलान के साथ ही ढाई साल बाद इस टीम में स्टार प्लेयर नेमार जूनियर की भी वापसी हो गई है। कोच कार्लो एंसेलोटी ने इस दौरान कहा कि नेमार के आने से टीम में एक नई जान

12 जून से शुरु होने वाले फुटबॉल के सबसे बड़े महासंग्राम से पहले फीफा विश्व कप की सबसे सफलतम टीम ब्राजील ने भी अपनी तैयारी पुख्ता कर ली है। कोच कार्लो एंसेलोटी ने सोमवार को टीम की घोषणा की।

इस घोषणा में एक ऐसा नाम भी था जिसने सभी को चौंका कर रख दिया। चोट के कारण लगातार ढाई साल से टीम से बाहर रहे ब्राजील के स्टार फॉरवर्ड खिलाड़ी नेमार जूनियर की भी 26 सदस्यीय टीम में वापसी हो गई है। आपको बता दें कि नेमार ने अपना आखिरी अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला अक्टूबर 2023 में खेला था। तब से लेकर अब तक वे टीम में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

ब्राजील का स्क्वाड

  • गोलकीपर – एडर्सन, वेवर्टन, एलिसन
  • डिफेंडर – ब्रेमर, लियो परेरा, एलेक्स सैंड्रो, वेस्ले, डेनिलो, इबनेज, डगलस सैंटोस, मार्क्विनहोस, गेब्रियल
  • मिडफील्डर – कासेमिरो, लुकास पाकटेवा, ब्रूनो गुइमारेस, डेनिलो सैंटोस, फैबिन्हो
  • फॉरवर्ड – इगोर थियागो, रफिन्हा, लुइज हेनरिक, एंड्रिक, माथियस कुन्हा, विनिसियस जूनियर, गेब्रियल मार्टिनेली, रेयान, नेमार

फीफा विश्व कप में ब्राजील का इतिहास

फीफा विश्व कप में ब्राजील की विरासत बहुत समृद्ध है। ब्राजील ने कुल 5 बार (1958, 1962, 1970, 1994, 2002) फीफा विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है, जो किसी भी अन्य टीम की तुलना में सबसे अधिक है।

लेकिन पिछले दो दशक से भी लंबे समय से ब्राजील फीफा की ट्राफी से वंचित रही है। ब्राजील ने आखिरी बार 2002 में कप जीता था। उसके बाद से अब तक टीम एक भी फाइनल नहीं खेल पाई है।

2014 में आखिरी बार ब्राजील ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। घरेलू मैदान में खेले गए इस मुकाबले में ब्राजील को जर्मनी के हाथों 7-1 से करारी हार का सामना करना पड़ा था।

नेमार का चौथा विश्व कप

स्कवाड की आधिकारिक घोषणा के बाद नेमार जूनियर लगातार चौथी बार विश्व कप की टीम का हिस्सा बन गए हैं। इससे पहले वे 2014, 2018 और 2022 में भी विश्व कप खेलते नजर आए थे। 34 वर्षीय नेमार ब्राजील के लिए सबसे अधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक खेले अपने 128 मैचों में कुल 79 गोल दागे हैं।

विश्व कप में ब्राजील के शुरुआती मुकाबले

2026 के फीफा विश्व कप में ब्राजील को ग्रूप सी में स्थान मिला है। ग्रूप सी में ब्राजील के तीन मैच मोरक्को (14 जून), हैती (20 जून) और स्कॉटलैंड (25 जून) के खिलाफ होंगे।

यह भी पढ़े: ऋषिकेश में उज्जैन एक्सप्रेस के 3 डिब्बे ट्रैक से उतरे, बड़ा हादसा टला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *