EPS-95 पेंशन बढ़ोतरी की मांग को लेकर पेंशनर्स 19 नवंबर को ईपीएफओ मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। न्यूनतम 7,500 रुपये पेंशन की मांग उठेगी
नई दिल्ली में 19 नवंबर को ईपीएस-95 पेंशनर्स अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। पेंशन में लंबे समय से बढ़ोतरी नहीं होने और महंगाई के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे पेंशनर्स ईपीएफओ मुख्यालय पर जुटेंगे। वे न्यूनतम पेंशन बढ़ाने और महंगाई भत्ता देने की मांग उठाएंगे।
ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के बैनर तले होने वाले इस प्रदर्शन में दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के पेंशनर्स शामिल होंगे। इनमें विभिन्न विभागों और निजी संस्थानों से सेवानिवृत्त कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राऊत और राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र सिंह राजावत सहित कई पदाधिकारी प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे।
कमांडर अशोक राऊत ने कहा कि पिछले 14 वर्षों से पेंशन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उनके मुताबिक, महंगाई के मौजूदा दौर में 1,000 रुपये की पेंशन से जीवनयापन करना बेहद मुश्किल है। उन्होंने सरकार से न्यूनतम मासिक पेंशन 7,500 रुपये करने और महंगाई भत्ता देने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान पेंशनर्स प्रधानमंत्री और श्रम मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। उनकी प्रमुख मांगों में न्यूनतम 7,500 रुपये मासिक पेंशन, महंगाई भत्ता और पति-पत्नी को मुफ्त चिकित्सा सुविधा देना शामिल है।
इसके अलावा, पेंशनर्स सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार सभी पात्र लाभार्थियों को समान रूप से उच्च पेंशन का लाभ देने की मांग भी करेंगे।
समिति का कहना है कि पिछले कई वर्षों से पेंशन बढ़ाने का आश्वासन मिलता रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस फैसला नहीं हुआ। पेंशनर्स को उम्मीद है कि केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) की बैठक में उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा।



