डॉ. के.ए. पॉल का सरकार पर तीखा प्रहार: पुल हादसों पर चुप्पी और ईडी की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई पर उठाए सवाल

प्रजा शांति पार्टी के प्रमुख ने प्रेस वार्ता में प्रशासनिक विफलताओं और न्याय व्यवस्था में गिरावट को बताया देश के लिए खतरा

प्रजा शांति पार्टी के संस्थापक डॉ. के.ए. पॉल ने गुरुवार को नई दिल्ली के आंध्र भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र व राज्य सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने देश में कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, पुल हादसों में प्रशासनिक लापरवाही और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कथित राजनीतिक पक्षपातपूर्ण कार्रवाई को लेकर गहरी चिंता जताई।

डॉ. पॉल ने हालिया पुल दुर्घटनाओं को शासन तंत्र की नाकामी बताया और कहा, “बीते वर्षों में 150 से अधिक पुल ढह चुके हैं, जिनमें सैकड़ों लोगों की जान चली गई, लेकिन आज तक किसी अधिकारी की जवाबदेही तय नहीं की गई।” उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों से जवाबदेही तय करने की मांग की।

उन्होंने तेलंगाना में ईडी द्वारा 29 लोगों पर की जा रही कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह एकतरफा है। इन सभी पर अवैध सट्टा ऐप्स के प्रचार का आरोप है, लेकिन सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों पर कोई जांच क्यों नहीं हो रही है? डॉ. पॉल ने कहा कि इस मुद्दे को उन्होंने 23 मई को सुप्रीम कोर्ट में उठाया था, जिसके बाद कोर्ट ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा।

हैदराबाद स्थित सिगाची फार्मास्युटिकल्स में हुई दर्जनों मौतों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि सुरक्षा मानकों को लेकर पहले ही चेतावनी दी गई थी, बावजूद इसके लापरवाही बरती गई। “अब तक किसी वरिष्ठ अधिकारी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे साफ है कि सिस्टम पूरी तरह फेल हो चुका है,” उन्होंने कहा।

प्रेस वार्ता में डॉ. पॉल ने न्यायपालिका में फैले भ्रष्टाचार और संस्थागत पारदर्शिता में आई गिरावट पर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उच्च न्यायालयों और सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिकाओं के माध्यम से इस लड़ाई को जारी रखेगी।

अंत में उन्होंने मीडिया, आम जनता और सिविल सोसायटी से देशहित में एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा, “देश एक संकट के दौर से गुजर रहा है, और अब समय आ गया है कि सभी जागरूक नागरिक मिलकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए खड़े हों।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *