भीलवाड़ा छठ महोत्सव की दूसरी शाम भोजपुरी गीतों, छठी मैया की झांकियों और भक्ति संगीत के नाम रही। अभिनेत्री भारती मेहता भी कार्यक्रम में शामिल हुईं
भीलवाड़ा। वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में आयोजित दो दिवसीय छठ महोत्सव की दूसरी शाम भक्ति और लोक संस्कृति के रंग में रंगी नजर आई। वॉटर वर्क्स स्थित लेबर कॉलोनी के श्रम कल्याण केंद्र परिसर में पूर्वांचल जन चेतना समिति (चैरिटेबल ट्रस्ट) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भोजपुरी गीतों, भक्ति संगीत और धार्मिक झांकियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। इस अवसर पर अभिनेत्री भारती मेहता की मौजूदगी भी खास आकर्षण रही।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद ‘माय फ्रेंड गणेशा’ और ‘देवा हो देवा’ जैसे भक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। समीर शर्मा एंटरटेनमेंट के माध्यम से वृंदावन से आए कलाकारों ने छठी मैया और अन्य देवी-देवताओं से जुड़ी झांकियां पेश कीं। वॉटर टैंक में छठी मैया के स्वरूप और सूर्य को अर्घ्य देते श्रद्धालुओं की झांकी विशेष आकर्षण रही। इसके अलावा अमरनाथ में भगवान शिव के साथ रहने वाले दो कबूतरों के प्रसंग का भी मंचन किया गया।

भोजपुरी संगीत की प्रस्तुति में छपरा के गायक श्याम सिंह ने ‘मंगल के दाता, हुआ बिगड़ी बनाई जी’, ‘रेलगड़िया धराई द बलमुआ, जाइब छठ’ और ‘विद्या बनाई द छठी घाटे, देवरू’ जैसे गीत सुनाए। गायिका संजना राय ने ‘कोन संकट परल तोहार दीनानाथ’, ‘उगा है सूरज देव’ और ‘कांचे ही बांस के बहंगिया’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों से श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। नृत्यांगनाओं यीशु गुप्ता और आरोही ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी अभिनेत्री भारती मेहता भी शामिल हुईं। फिल्मों, वेब सीरीज, ओटीटी और टेलीविजन प्रोजेक्ट्स में काम कर चुकीं अभिनेत्री की मौजूदगी को लेकर दर्शकों में उत्साह दिखाई दिया। आयोजन दिल्ली के टीजे एंटरटेनमेंट के तत्वावधान में हुआ।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने कहा कि छठ महापर्व पूर्वांचल की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। यह पर्व सूर्य उपासना के साथ त्याग, तपस्या, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य लोकगीतों और पारंपरिक रीति-रिवाजों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है।
इस मौके पर दिनेश साहनी, बबलू सिंह, अनुराधा झा, पूनम, मंजू देवी, वैभव जोशी, चिराग ट्रेलर, लीलकांत चौधरी और प्रभु नारायण झा सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।



