दयालपुर में पर्यावरण संरक्षण की मिसाल: CSR पहल के तहत 10,000 पौधों का लक्ष्य

फरीदाबाद के दयालपुर गांव में इन दिनों हरियाली की एक नई मिसाल कायम की जा रही है। इम्पीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज लिमिटेड की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) योजना और नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल के संयुक्त प्रयास से यहां व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चल रहा है। यह पहल नवंबर 2024 में शुरू हुई थी और अब तक इसमें सैकड़ों पौधे लगाए जा चुके हैं।

संस्था ने इस वर्ष 10,000 पौधे लगाने का संकल्प लिया है, जिस पर तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष गुंजन मेहता ने बताया कि दयालपुर गांव के सरपंच और स्थानीय निवासियों के सहयोग से पौधरोपण के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराई गई।

गांव की चार एकड़ में फैली हर्बल पार्क की परती भूमि, जो 2018 से खाली पड़ी थी, को इस कार्य के लिए चयनित किया गया। लिखित अनुमति मिलने के बाद यहां एक एकड़ क्षेत्र को साफ कर पौधरोपण प्रारंभ किया गया। एक महीने से अधिक की तैयारी के बाद बड़े स्तर पर पौधे लगाने की शुरुआत हुई।

इस अभियान का अगला बड़ा चरण 5 जून – विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होगा, जिसके लिए भव्य कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। इम्पीरियल ऑटो की टीम को इसमें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।

यह पहल केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता को बढ़ाना और ग्रामीण समुदाय को पर्यावरणीय गतिविधियों में सहभागी बनाना भी है। नेशनल ह्यूमन वेलफेयर काउंसिल का मानना है कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही स्थायी विकास और पर्यावरण संरक्षण जैसे लक्ष्यों को साकार किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें :- जितेन्द्र श्रीवास्तव ने आरईसी लिमिटेड के नए सीएमडी के रूप में कार्यभार संभाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *