भारत मंडपम में IITF 2026 के दौरान बिहार दिवस मनाया गया। नीतू कुमारी नवगीत, रंजना झा और रिया सिंह की लोकगीत प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया
नई दिल्ली: 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में बिहार की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं की शानदार झलक देखने को मिली। नई दिल्ली के भारत मंडपम में बिहार सरकार के उद्योग विभाग की ओर से बिहार दिवस का रंगारंग आयोजन किया गया। इस दौरान लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को बिहार की समृद्ध विरासत से रूबरू कराया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। भारत मंडपम के ओपन एयर एम्फीथिएटर-1 में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘बिहार दिवस : अपनी जड़ों का उत्सव, अपनी विरासत को नमन’ रखी गई थी।
सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध लोक गायिका डॉ. नीतू कुमारी नवगीत, रंजना झा और गायिका रिया सिंह ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके अलावा नालंदा संगीत कला विकास संस्थान और रंग सेतु के कलाकारों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।

डॉ. नीतू कुमारी नवगीत ने बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाते हुए ‘बुद्ध और महावीर ने यहीं लिया अवतार, ये है मेरा बिहार’ गीत प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे। उन्होंने छठ पर्व पर आधारित पारंपरिक गीतों और अपने लोकप्रिय लोकगीतों से भी समां बांधा।
वहीं, रिया सिंह ने प्रसिद्ध गीत ‘ऐ राजाजी’ की प्रस्तुति देकर माहौल को संगीतमय बना दिया। नालंदा संगीत कला विकास संस्थान के कलाकारों ने ‘महका महका सोंधी-सोंधी माटी का बिहार है’ गीत पर शानदार लोकनृत्य प्रस्तुत किया।
IITF 2026 में बिहार की भागीदारी का उद्देश्य राज्य की औद्योगिक क्षमता, हस्तशिल्प, उद्यमिता, पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
बिहार सरकार का उद्योग विभाग राज्य की पारंपरिक पहचान के साथ आधुनिक विकास और उद्यमिता की संभावनाओं को भी व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने के लिए प्रयासरत है। रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ बिहार दिवस समारोह का समापन हुआ।




