एम. जॉन हैरिसन ब्रिटेन के प्रसिद्ध लेखक और साहित्यिक आलोचक हैं। करीब छह दशक के करियर में उन्होंने साइंस फिक्शन, फैंटेसी और मुख्यधारा के साहित्य में लेखन किया है। अब 81 साल की उम्र में उन्होंने बुकर पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया है।
लंदन: साहित्य की दुनिया में कुछ उपलब्धियां ऐसी होती हैं, जो किसी लेखक की उम्र या उसके लंबे अनुभव से आगे बढ़कर लेखन की ताकत का उदाहरण बन जाती हैं। ब्रिटेन के लेखक एम. जॉन हैरिसन ने 81 साल की उम्र में ऐसा ही एक मुकाम हासिल किया है।
उनके उपन्यास ‘The End of Everything’ को 2026 का प्रतिष्ठित बुकर पुरस्कार दिया गया है। इस जीत के साथ वह बुकर पुरस्कार के इतिहास में यह सम्मान पाने वाले सबसे उम्रदराज लेखक बन गए हैं।
हैरिसन के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि करीब छह दशक से लेखन कर रहे इस लेखक को पहली बार बुकर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया था। 9 नवंबर को लंदन में आयोजित समारोह में विजेता के नाम की घोषणा की गई।
बुकर पुरस्कार के सबसे उम्रदराज विजेता
एम. जॉन हैरिसन की जीत ने बुकर पुरस्कार के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड दर्ज किया है। 81 साल की उम्र में यह सम्मान हासिल कर उन्होंने कनाडाई लेखिका मार्गरेट एटवुड का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। एटवुड 79 साल की थीं, जब उन्होंने 2019 में अपने उपन्यास The Testaments के लिए यह पुरस्कार साझा किया था।
हैरिसन को यह पुरस्कार उनके 13वें उपन्यास The End of Everything के लिए मिला है। खास बात यह है कि यह उनकी पहली बुकर नामांकन वाली किताब थी। इससे पहले वह छह दशकों के अपने लेखन करियर में कई प्रतिष्ठित साहित्यिक पुरस्कार हासिल कर चुके हैं। हालांकि, बुकर पुरस्कार के लिए उनका नाम पहली बार 2026 में शॉर्टलिस्ट किया गया और पहली ही कोशिश में उन्होंने यह सम्मान जीत लिया।
क्या है ‘The End of Everything’ की कहानी?
एम. जॉन हैरिसन का उपन्यास The End of Everything भविष्य की ऐसी दुनिया की कहानी है, जहां एक रहस्यमयी आपदा के बाद ब्रिटेन की सामाजिक व्यवस्था बिखर चुकी है। कहानी इंग्लैंड के केंट तट के आसपास आगे बढ़ती है। यहां सरकारी व्यवस्था कमजोर है, कानून-व्यवस्था चरमराई हुई है और समुद्र से ऐसी अजीब वस्तुएं तथा जीव सामने आ रहे हैं, जिनके बारे में लोगों को ज्यादा जानकारी नहीं है।
कहानी का मुख्य किरदार फिलिप टेनेन्ट (Phillip Tennent) है, जो समुद्र किनारे मिलने वाली चीजों को इकट्ठा करके अपनी आजीविका चलाता है। एक दिन उसे पानी में एक रहस्यमयी वस्तु मिलती है। वह उसे अपने साथ ले आता है, लेकिन जल्द ही यह वस्तु अपना आकार बदलने लगती है और उसमें जीवित प्राणी जैसे गुण दिखाई देने लगते हैं। फिलिप को धीरे-धीरे एहसास होता है कि यह उसकी समझ से कहीं अधिक रहस्यमयी है।
उपन्यास में उसकी बुजुर्ग मौसी मार्नी (Marnie) भी अहम भूमिका निभाती हैं। वह पहले कलाकार रह चुकी हैं। कहानी में ‘iGhetti’ नाम की एक विचित्र प्रजाति का भी जिक्र है। ये जीव अपना आकार बदलने के साथ इंसानों की भाषा और व्यवहार की नकल कर सकते हैं।
लेखक आपदा की पूरी वजह स्पष्ट नहीं करते, जिससे कहानी में रहस्य बना रहता है। 198 पन्नों के इस उपन्यास में छोटे और फिल्मी अंदाज वाले अध्याय हैं। यह इस साल बुकर पुरस्कार की शॉर्टलिस्ट में शामिल सबसे छोटी किताब भी थी।
कहां से आया उपन्यास का विचार?
हैरिसन ने बताया है कि इस उपन्यास की शुरुआती प्रेरणा 2008 की वैश्विक आर्थिक मंदी से मिली थी। वह समाज में उस स्थिति को समझना चाहते थे, जहां लोगों के पास घटनाओं को समझने और उनकी व्याख्या करने के पुराने तरीके काम करना बंद कर दें।
बीबीसी रेडियो 4 के कार्यक्रम ‘फ्रंट रो’ में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा था कि वह ऐसा उपन्यास लिखना चाहते थे, जो समाज में चीजों को समझने की क्षमता के विफल होने पर केंद्रित हो। उनके अनुसार, किसी बड़ी आपदा को कहानी की शुरुआत बनाकर यह दिखाया जा सकता है कि जब दुनिया पहले जैसी नहीं रहती, तो लोगों के लिए अपने आसपास की घटनाओं को समझना कितना मुश्किल हो जाता है।
हैरिसन ने बुकर पुरस्कार की आधिकारिक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में कहा कि उपन्यास की पृष्ठभूमि के लिए उन्हें ब्रिटेन के पूर्वी तट के कला-प्रधान कस्बों से प्रेरणा मिली। वहीं, इसकी थीम और व्यंग्य के लिए उन्होंने समकालीन घटनाओं को आधार बनाया। वह यह सवाल उठाना चाहते थे कि जब दुनिया के बारे में हमारी उम्मीदें और उसकी व्याख्याएं लगातार किसी संकट में बदलती रहें, तब भी इंसान अपनी जिंदगी कैसे आगे बढ़ाता है।
ये भी पढ़ें :- चीनी जासूस के साथ संबंध के आरोप में फंसे Nvidia CEO जेनसन हुआंग, कंपनी पर शेयरधारकों ने किया मुकदमा
जजों ने क्यों चुनी यह किताब?
2026 के बुकर पुरस्कार निर्णायक मंडल की अध्यक्ष इतिहासकार और लेखिका मैरी बियर्ड थीं। उनके साथ कवि रेमंड एंट्रोबस, संगीतकार एवं लेखक जार्विस कॉकर, पत्रकार और आलोचक रेबेका लियू तथा लेखिका पेट्रीशिया लॉकवुड निर्णायक मंडल में शामिल थे।
जजों ने एम. जॉन हैरिसन के उपन्यास The End of Everything को सर्वसम्मति से विजेता चुना। मैरी बियर्ड के मुताबिक, यह किताब भविष्य की काल्पनिक दुनिया के जरिए मौजूदा राजनीति और समाज की परिस्थितियों पर सवाल उठाती है। इसकी कहानी कई जगह पाठक को असहज करती है, तो कहीं व्यंग्य के जरिए मुस्कुराने का मौका देती है। इसके बावजूद इसमें उम्मीद की एक झलक भी दिखाई देती है।
बियर्ड ने बताया कि उपन्यास में सामाजिक नियम और कानून-व्यवस्था कमजोर पड़ चुके हैं। कई जगह हथियारबंद समूहों का नियंत्रण है, लेकिन लोग इसके बीच भी सामान्य जिंदगी जीने की कोशिश करते हैं। कोई बच्चों की पार्टी आयोजित करता है, तो कोई समुद्र किनारे कैफे में कॉफी पीता है। यही विरोधाभास इस कहानी को खास बनाता है।
कौन हैं एम. जॉन हैरिसन?
एम. जॉन हैरिसन ब्रिटेन के प्रसिद्ध लेखक और साहित्यिक आलोचक हैं। उनका लेखन साइंस फिक्शन, फैंटेसी और मुख्यधारा के साहित्य के बीच की सीमाओं को चुनौती देता है। करीब छह दशक लंबे करियर में उन्होंने उपन्यास, लघुकथाएं और साहित्यिक समीक्षाएं लिखी हैं।
हैरिसन की पहली कहानी 1965 में प्रकाशित हुई थी। इसके चार साल बाद, 1969 में वह ब्रिटेन की साइंस फिक्शन पत्रिका ‘New Worlds’ से जुड़े। उन्होंने 1978 तक इस पत्रिका में किताबों से संबंधित सामग्री का संपादन किया और साइंस फिक्शन साहित्य पर लेखन जारी रखा।
उनके चर्चित उपन्यासों में ‘Climbers’, ‘Nova Swing’ और ‘The Sunken Land Begins to Rise Again’ शामिल हैं। ‘Climbers’ को 1989 में पर्वतारोहण साहित्य के लिए बोर्डमैन टास्कर पुरस्कार मिला। ‘Nova Swing’ को 2007 में आर्थर सी. क्लार्क पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि ‘The Sunken Land Begins to Rise Again’ को 2020 में गोल्डस्मिथ्स पुरस्कार मिला।
हैरिसन के पांच लघुकथा संग्रह भी प्रकाशित हो चुके हैं। इनमें 2017 में आया ‘You Should Come With Me Now’ और 1970 से 2020 के बीच लिखी गई कहानियों का संग्रह ‘Settling the World’ शामिल है। उन्होंने ‘Wish I Was Here’ नाम से संस्मरण भी लिखा है।
लेखन के अलावा उन्होंने ‘द गार्जियन’, ‘द टेलीग्राफ’, ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ और ‘टाइम्स लिटरेरी सप्लीमेंट’ जैसे प्रकाशनों के लिए साहित्यिक समीक्षाएं लिखी हैं।
शॉर्टलिस्ट हुई अन्य किताबों की सूची
2026 के बुकर पुरस्कार के लिए निर्णायक मंडल ने कुल 163 पुस्तकों पर विचार किया था। इनमें से छह किताबों को अंतिम शॉर्टलिस्ट में जगह मिली। इस पुरस्कार के लिए किसी भी देश का लेखक पात्र होता है, बशर्ते उसकी किताब अंग्रेजी में लिखी गई हो और ब्रिटेन या आयरलैंड में निर्धारित अवधि के दौरान प्रकाशित हुई हो।
इस साल की शॉर्टलिस्ट में शामिल छह किताबें थीं:
- The End of Everything – M. John Harrison
- The Disappearers – Marlon James
- Black Bag – Luke Kennard
- May We Feed the King – Rebecca Perry
- The Things We Never Say – Elizabeth Strout
- John of John – Douglas Stuart
इस सूची में मार्लन जेम्स और डगलस स्टुअर्ट जैसे पहले बुकर पुरस्कार जीत चुके लेखकों के नाम भी शामिल थे। एलिजाबेथ स्ट्राउट पुलित्जर पुरस्कार विजेता लेखिका हैं। ऐसे में हैरिसन की जीत मजबूत साहित्यिक प्रतिस्पर्धा के बीच हासिल की गई उपलब्धि है।
बुकर पुरस्कार के नियमों के अनुसार, विजेता को 50 हजार पाउंड मिलते हैं, जबकि शॉर्टलिस्ट में शामिल अन्य पांच लेखकों को 2,500-2,500 पाउंड दिए जाते हैं। इस साल के निर्णायक मंडल ने 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2026 के बीच ब्रिटेन या आयरलैंड में प्रकाशित अंग्रेजी की लंबी कथा-कृतियों पर विचार किया था।
साइंस फिक्शन साहित्य के लिए भी क्यों अहम है यह जीत?
एम. जॉन हैरिसन की जीत केवल उम्र के लिहाज से बना रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि साइंस फिक्शन साहित्य के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लंबे समय तक इस विधा को मुख्यधारा के गंभीर साहित्य से अलग रखकर देखा जाता रहा है। हैरिसन ने अपने लेखन के जरिए इस धारणा को चुनौती दी है। उनकी कहानियों में कल्पना और भविष्य की दुनिया के साथ सामाजिक, राजनीतिक और दार्शनिक सवाल भी शामिल होते हैं।
हैरिसन का मानना रहा है कि साइंस फिक्शन को भी साहित्य की दूसरी विधाओं की तरह गंभीरता से पढ़ा और परखा जाना चाहिए। बुकर पुरस्कार के लिए नामांकित होने के बाद उन्होंने कहा था कि वह कई दशकों से लेखक और आलोचक के रूप में साइंस फिक्शन और मुख्यधारा के साहित्य के बीच की दूरी कम करने की कोशिश कर रहे हैं।
‘The End of Everything’ में भविष्य की आपदा और रहस्यमयी जीवों के जरिए असल में इंसानी व्यवहार और सामाजिक व्यवस्था पर सवाल उठाए गए हैं। कहानी दिखाती है कि जब पुराने नियम और व्यवस्थाएं काम करना बंद कर दें, तो लोग परिस्थितियों से कैसे निपटते हैं।
इस तरह हैरिसन की जीत साइंस फिक्शन को गंभीर साहित्यिक पहचान दिलाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। यह साबित करती है कि कल्पनात्मक लेखन भी मौजूदा समाज और उसकी चुनौतियों पर गहरी टिप्पणी कर सकता है।

