आरोपों के बीच Nvidia के निदेशक मंडल ने CEO जेनसन हुआंग से जुड़े मामले की स्वतंत्र जांच शुरू की है। जांच में कथित विदेशी खुफिया अभियान और कंपनी की गोपनीय कारोबारी जानकारी से जुड़े पहलुओं की समीक्षा होगी।
कैलिफ़ोर्निया: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के प्रमुख जेनसन हुआंग इन दिनों एक ऐसे विवाद में घिर गए हैं, जिसका असर उनकी निजी जिंदगी से लेकर कंपनी के कारोबार और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा तक पहुंच गया है। एक चीनी कारोबारी महिला के साथ उनके कथित संबंधों को लेकर अमेरिका में जासूसी से जुड़े गंभीर सवाल उठे हैं।
विवाद के बीच हुआंग ने अपनी पत्नी से बेवफाई करने की बात स्वीकार की है। हालांकि, उन्होंने अपने सार्वजनिक संदेश में महिला का नाम नहीं बताया। दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उनका बचाव करते हुए कहा है कि उन्हें विश्वास है कि हुआंग को महिला की कथित जासूसी गतिविधियों की जानकारी नहीं थी। इस बीच Nvidia के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
इस विवाद की शुरुआत Nvidia के CEO जेनसन हुआंग और सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल से जुड़ी कारोबारी अधिकारी एलिस हुआंग के संबंधों को लेकर सामने आई रिपोर्टों से हुई। द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को संदेह था कि एलिस हुआंग चीन के लिए जानकारी जुटा रही थीं। रिपोर्ट में दावा किया गया कि उनका जेनसन हुआंग के साथ करीबी संबंध था और अमेरिकी अधिकारियों को इस बात की जानकारी मिली थी।
रिपोर्टों के अनुसार, एलिस हुआंग को चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) से जुड़ा हुआ माना गया। आरोप है कि उन्हें जेनसन हुआंग के करीब पहुंचकर उनसे जुड़ी जानकारी हासिल करने के उद्देश्य से इस्तेमाल किया गया।
इससे पहले Nvidia और जेनसन हुआंग ने दोनों के बीच संबंधों को सामान्य कारोबारी संपर्क बताया था। अक्टूबर 2026 में ब्लूमबर्ग को दिए एक इंटरव्यू में हुआंग ने कहा था कि एलिस के साथ उनकी बातचीत मेगास्पीड के कारोबारी संबंधों से जुड़ी थी। कंपनी ने भी कहा था कि ग्राहकों के अधिकारियों से मिलना सीईओ के काम का सामान्य हिस्सा है।
लेकिन 8 नवंबर को हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में पत्नी से बेवफाई करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद कंपनी के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच की घोषणा की।
कौन हैं एलिस हुआंग?
एलिस हुआंग चीन की नागरिक और टेक कारोबार से जुड़ी एक अधिकारी बताई जाती हैं। वह सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर और AI कंप्यूटिंग सेवा कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल से जुड़ी रही हैं।
रिपोर्टों के मुताबिक, कंपनी Nvidia की बड़ी ग्राहकों में शामिल है और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में उसकी तकनीक उपलब्ध कराती है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एलिस हुआंग पहले चीन में टेलीविजन पत्रकार के रूप में काम कर चुकी थीं। बाद में उन्होंने वित्तीय क्षेत्र में भी काम किया और फिर टेक्नोलॉजी कारोबार से जुड़ गईं। उन्होंने खुद को मेगास्पीड की प्रमुख अधिकारी के रूप में पेश किया था। हालांकि, कंपनी के आधिकारिक दस्तावेजों में उनके पद को लेकर बदलाव की जानकारी भी सामने आई है।
एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग के बीच संबंधों को लेकर अक्टूबर के अंत में रिपोर्टें प्रकाशित हुई थीं। दोनों की एक तस्वीर जून 2024 में ताइपे में भी सामने आई थी।
पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार की
8 नवंबर को जेनसन हुआंग ने Nvidia के कर्मचारियों को एक संदेश भेजकर अपनी निजी जिंदगी से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। उन्होंने अपने परिवार और पत्नी से माफी मांगते हुए कहा कि उनके कदमों से पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचा है और इसके लिए कोई बहाना नहीं दिया जा सकता।
हुआंग ने अपने संदेश में परिवार के प्रति प्रेम जताया और उम्मीद व्यक्त की कि समय के साथ रिश्तों में सुधार होगा तथा वह दोबारा उनका विश्वास हासिल कर सकेंगे। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों, बोर्ड सदस्यों, कारोबारी साझेदारों और शेयरधारकों से भी माफी मांगी।
हालांकि, इस संदेश में उन्होंने एलिस हुआंग का नाम नहीं लिया। महिला की पहचान और कथित जासूसी से जुड़े विवरण मीडिया रिपोर्टों में सामने आए हैं। इस स्वीकारोक्ति के बाद यह स्पष्ट हो गया कि मामला केवल सामान्य कारोबारी संपर्क तक सीमित नहीं था, जैसा कि पहले कंपनी की ओर से कहा गया था।
Nvidia ने शुरू की स्वतंत्र जांच
विवाद सामने आने के बाद Nvidia के निदेशक मंडल ने 8 नवंबर को स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की। बोर्ड के आधिकारिक बयान के मुताबिक, कंपनी के स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बाहरी स्वतंत्र कानूनी सलाहकारों की मदद से जांच की निगरानी करेगी।
जांच का उद्देश्य उन सभी जानकारियों की समीक्षा करना है, जिनके आधार पर यह आरोप सामने आया कि जेनसन हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना बने थे। बोर्ड ने कहा कि उसे फिलहाल ऐसा मानने का कोई कारण नहीं दिखता कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या Nvidia की गोपनीय कारोबारी जानकारियों से समझौता हुआ है। इसके बावजूद सभी उपलब्ध तथ्यों की जांच की जाएगी।
Nvidia के लिए यह जांच इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कंपनी के एडवांस AI प्रोसेसर और ग्राफिक्स चिप्स वैश्विक तकनीकी प्रतिस्पर्धा का अहम हिस्सा हैं। अमेरिका इन चिप्स के चीन तक पहुंचने पर कई तरह के निर्यात प्रतिबंध लागू कर चुका है। ऐसे में यदि किसी विदेशी खुफिया अभियान के जरिए कंपनी की तकनीक या कारोबारी जानकारी हासिल करने की कोशिश हुई हो, तो उसका असर केवल कंपनी तक सीमित नहीं रहेगा।
ट्रंप ने किया जेनसन हुआंग का बचाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने जेनसन हुआंग से बात की है। ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने हुआंग से पूछा था कि क्या उन्हें इस बात की जानकारी थी कि एलिस हुआंग कथित तौर पर चीन के लिए जासूसी कर रही थीं। जवाब में Nvidia प्रमुख ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी नहीं थी।
ट्रंप ने कहा कि वह हुआंग की बात पर विश्वास करते हैं और उन्हें एक सम्मानित व्यक्ति मानते हैं। उन्होंने जानतारी दी कि FBI इस मामले को देख रही है। राष्ट्रपति ने भरोसा जताया कि हुआंग इस विवाद से बाहर निकल आएंगे।
राष्ट्रपति ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब अमेरिका और चीन के बीच AI तकनीक तथा सेमीकंडक्टर उद्योग को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज है। Nvidia के चिप्स इस प्रतिस्पर्धा में बेहद महत्वपूर्ण माने जाते हैं। कंपनी लंबे समय से चीन को अपने एडवांस प्रोसेसर बेचने की अनुमति और निर्यात नियमों में ढील की पैरवी करती रही है।
ये भी पढ़ें :- पाकिस्तानी टीवी एंकर राबिया अहसान की गोली मारकर हत्या, पति पर हत्या का आरोप; जानें पूरा मामला
चीन ने जासूसी के आरोपों को बताया बेबुनियाद
इस मामले पर चीन की सरकार ने भी प्रतिक्रिया दी है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने अमेरिका की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि चीन को बदनाम करने के लिए इस तरह के दावे किए जा रहे हैं।
चीन का यह बयान अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की रिपोर्टों और मीडिया में प्रकाशित दावों के विपरीत है। फिलहाल सार्वजनिक रूप से ऐसे दस्तावेज या साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं, जिनके आधार पर इस कथित जासूसी अभियान के सभी पहलुओं की स्वतंत्र पुष्टि की जा सके।
इस विवाद के कारण अमेरिका-चीन संबंधों में तकनीकी प्रतिस्पर्धा का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है। अमेरिका का आरोप है कि चीन एडवांस चिप्स और AI तकनीक तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहा है, जबकि चीन इन आरोपों को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताता रहा है।
जेनसन हुआंग के खिलाफ शेयरधारकों का मुकदमा
विवाद ने 9 नवंबर को कानूनी रूप ले लिया, जब Nvidia और उसके CEO जेनसन हुआंग के खिलाफ शेयरधारकों ने अमेरिका की कैलिफोर्निया स्थित सैन जोस की संघीय अदालत में प्रस्तावित क्लास-एक्शन मुकदमा दायर किया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी और उसके प्रमुख ने एलिस हुआंग के साथ कथित संबंधों तथा उससे जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों की जानकारी निवेशकों से छिपाई। शेयरधारकों का दावा है कि इस जानकारी के सामने आने से Nvidia की प्रतिष्ठा और भविष्य की कारोबारी संभावनाओं पर असर पड़ सकता है। उनका कहना है कि निवेशकों को कंपनी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी समय पर नहीं दी गई।
मुकदमे में निवेशकों की ओर से हर्जाने की मांग की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, शेयरधारकों के समूह का नेतृत्व मार्क किस्टनमाकर कर रहे हैं। हालांकि, अभी अदालत ने इन आरोपों पर कोई फैसला नहीं सुनाया है। यह मामला फिलहाल शिकायत और लगाए गए आरोपों के स्तर पर है।
शेयर बाजार में कंपनी के शेयरों में गिरावट के बाद इस तरह का मुकदमा दायर होना निवेशकों की चिंता को भी दिखाता है। लेकिन केवल शेयरों में गिरावट या मुकदमा दायर होने से यह साबित नहीं होता कि कंपनी ने जानबूझकर निवेशकों को गुमराह किया था। इसका फैसला कानूनी प्रक्रिया और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगा।
हुआंग की संपत्ति पर भी असर
विवाद का असर Nvidia के शेयरों और जेनसन हुआंग की संपत्ति पर भी दिखाई दिया। 9 नवंबर को कंपनी के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को Nvidia के शेयर 4.3 प्रतिशत नीचे बंद हुए। इससे कंपनी के बाजार पूंजीकरण में करीब 190 अरब डॉलर की कमी आई।
फोर्ब्स की रियल-टाइम अरबपतियों की सूची के हवाले से बताया कि कारोबार शुरू होने के शुरुआती आधे घंटे में हुआंग की संपत्ति में करीब 7.4 अरब डॉलर की गिरावट आई। उनकी अनुमानित संपत्ति 162.2 अरब डॉलर से घटकर 154.7 अरब डॉलर रह गई और वह सूची में आठवें से दसवें स्थान पर पहुंच गए। कारोबार के दौरान शेयरों में और गिरावट के कारण उनकी संपत्ति पर दबाव बना रहा।
10 नवंबर की रिपोर्ट में ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के आंकड़ों के हवाले से हुआंग की संपत्ति 148 अरब डॉलर बताई गई। इस अपडेट में वह दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में 12वें स्थान पर पहुंच गए थे।
Nvidia के लिए क्यों अहम है यह विवाद?
एनवीडिया केवल एक चिप निर्माता कंपनी नहीं है। उसके प्रोसेसर दुनिया भर में AI मॉडल विकसित करने, डेटा सेंटर चलाने और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। कंपनी के कारोबार का बड़ा हिस्सा ऐसे चिप्स और तकनीक से जुड़ा है, जिन्हें अमेरिका राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील मानता है।
अमेरिका और चीन के बीच तकनीकी प्रतिस्पर्धा में एडवांस सेमीकंडक्टर की भूमिका लगातार बढ़ी है। अमेरिकी सरकार ने चीन को अत्याधुनिक चिप्स की आपूर्ति सीमित करने के लिए निर्यात नियंत्रण लागू किए हैं। वहीं, Nvidia ने कई मौकों पर चीन के बाजार में कारोबार करने की जरूरत पर जोर दिया है।
फिलहाल, जांच में यह पता लगाना महत्वपूर्ण होगा कि क्या किसी गोपनीय कारोबारी जानकारी तक पहुंच बनाई गई थी, क्या कंपनी की तकनीक या रणनीति प्रभावित हुई और क्या एनवीडिया के आंतरिक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन हुआ।
