बीकानेर हाउस में राजस्थान टूरिज्म मीट का आयोजन, पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

राजस्थान के पर्यटन को वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने और इसे नए आयाम देने के उद्देश्य से नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में पर्यटन विभाग द्वारा टूरिज्म मीट का आयोजन किया गया। यह विशेष बैठक नौ दिवसीय राजस्थान उत्सव के तहत आयोजित की गई, जो 2 अप्रैल तक चलेगा। इस आयोजन में पर्यटन उद्योग के अनुभवी विशेषज्ञ, केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के अधिकारी, विभिन्न राज्यों के पर्यटन प्रतिनिधि, ट्रैवल एजेंट, राजस्थानी व गैर-राजस्थानी नागरिकों को आमंत्रित किया गया।

राजस्थान पर्यटन विभाग की उप निदेशक डॉ. दीपाली शर्मा ने जानकारी दी कि इस अवसर पर “म्हारो राजस्थान” नामक म्यूजिक वेंडरा के सहयोग से एक विशेष टॉक शो का आयोजन किया गया, जिसमें छह पैनलिस्टों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि राजस्थान वर्तमान में देश के शीर्ष पर्यटन स्थलों में सातवें स्थान पर है, और बीते वर्ष इसमें 28% की बढ़ोतरी देखी गई, जो गर्व की बात है।

पर्यटन प्रचार के लिए विशेष इंतजाम
उत्सव को आकर्षक बनाने के लिए पूरे बीकानेर हाउस परिसर में राजस्थान के प्रमुख पर्यटक स्थलों के कटआउट्स, सेल्फी प्वाइंट्स, बड़ी स्क्रीन और रंगीन फ्लैक्स लगाए गए हैं, जिससे लोग राजस्थान की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर को नजदीक से महसूस कर सकें।

राजस्थान सरकार की नई पर्यटन नीति
इस मौके पर राजस्थान सरकार की उप आवासीय आयुक्त श्रीमती रिंकू मीणा ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने नई नीति लागू की है। इसके तहत ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, एडवेंचर, डेजर्ट, वन्यजीव, धार्मिक और फेस्टिवल टूरिज्म को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, सड़क, हवाई और रेल संपर्क सुधार, हेरिटेज होटल्स और होमस्टे को बढ़ावा, डिजिटल प्रमोशन, इको-टूरिज्म और फिल्म टूरिज्म के विस्तार पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है।

यह आयोजन न केवल राजस्थान के पर्यटन उद्योग को नई दिशा देने में सहायक होगा, बल्कि देश-विदेश के पर्यटकों को भी राजस्थान की समृद्ध संस्कृति से जोड़ने का बेहतरीन माध्यम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *