Xiaomi भारतीय बाजार में अपना एक नया और शक्तिशाली फोन Xiaomi 17T लॉन्च करने की तैयारी में है। फोन में Leica कैमरा समेत कई अन्य स्पेसिफिकेशन शामिल हैं जो इसे दूसरे स्मार्टफोन से अलग बनाती है।
Xiaomi अपने नए स्मार्टफोन Xiaomi 17T को भारत में 4 जून को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। आधिकारिक लॉन्च से पहले ही इस डिवाइस की संभावित कीमत और कई प्रमुख स्पेसिफिकेशंस ऑनलाइन लीक हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत में Xiaomi इस फोन को यूरोप की तुलना में अधिक सस्ती कीमत पर लॉन्च करने वाली है, जिससे यह प्रीमियम स्मार्टफोन को पसंद करने वालों के बीच एक मजबूत विकल्प बन सकता है।
कंपनी ने इस बात की पुष्टि पहले ही कर दी है कि 17T सीरीज में Leica कैमरा तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा, फोन में बड़ी बैटरी, हाई-रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और लेटेस्ट मीडिया टेक प्रोसेसर के भी मिलने की उम्मीद है। यही कारण है कि लॉन्च से पहले ही यह डिवाइस टेक जगत में चर्चा का विषय बन चुका है।
क्या हो सकती है Xiaomi 17T की कीमत?
हालिया रिपोंर्ट बताते हैं कि Xiaomi 17T का 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाला बेस वेरिएंट भारत में लगभग 65,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च हो सकता है। यह कीमत यूरोपीय बाजार में घोषित कीमत से काफी कम बताई जा रही है, जिससे भारतीय ग्राहकों को बेहतर वैल्यू मिलने की संभावना है।
यूरोप में Xiaomi 17T की शुरुआती कीमत 749 यूरो रखी गई है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 83,000 रुपये के करीब बैठती है। ऐसे में भारतीय बाजार के लिए लीक हुई कीमत Xiaomi की आक्रामक रणनीति को दर्शाती है, ताकि इससे भारतीय खरीददारों आसानी से आकर्षित किया जा सके।
Leica कैमरा सिस्टम होगा सबसे बड़ा आकर्षण
Xiaomi 17T की सबसे बड़ी हाईलाइट इसके कैमरा सेटअप को माना जा रहा है। कंपनी ने इस बात की पुष्टि की है कि उपयोगकर्ताओं को फोन में Leica-ट्यून्ड 5x टेलीफोटो कैमरा मिलेगा। आपको बता दें कि पहले यह फीचर केवल प्रीमियम या प्रो मॉडल्स में देखने को मिलता था, लेकिन इस बार कंपनी ने इसे स्टैंडर्ड मॉडल में भी शामिल किया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार फोन में 50 Megapixel का प्राइमरी कैमरा, 50 Megapixel का 5x टेलीफोटो सेंसर और अल्ट्रावाइड कैमरा भी दिए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 32 Megapixel का फ्रंट कैमरा मिलने की संभावना है। Leica की इमेज प्रोसेसिंग तकनीक बेहतर कलर रिप्रोडक्शन और प्रोफेशनल-ग्रेड फोटोग्राफी अनुभव देने में मदद कर सकती है।
दमदार प्रोसेसर से मिलेगा फ्लैगशिप जैसा प्रदर्शन
परफॉर्मेंस के मामले में Xiaomi 17T MediaTek के नए Dimensity 8500 Ultra प्रोसेसर से लैस हो सकता है। यह चिपसेट हाई-एंड स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है जिससे गेमिंग, मल्टीटास्किंग तथा AI आधारित फीचर्स को बेहतर तरीके से तलाने में मदद मिलेगी।
फोन में 12GB LPDDR5X RAM और 256GB या 512GB स्टोरेज विकल्प मिलने की उम्मीद है। इस फीचर के साथ उपयोगकर्ताओं को तेज ऐप लॉन्चिंग, स्मूथ मल्टीटास्किंग और हाई-परफॉर्मेंस गेमिंग का अनुभव भी मिल सकता है।
6500mAh बैटरी से मिलेगा लंबा बैकअप
बैटरी के मामले में भी Xiaomi 17T काफी मजबूत दिखाई देता है। लीक रिपोर्ट्स के अनुसार इसमें 6500mAh की बैटरी दी जा सकती है, जो सामान्य उपयोग में पूरे दिन से अधिक का बैकअप देने में सक्षम होगी। इसके साथ कंपनी की तरफ से 67W का फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलने की संभावना है, जिससे फोन कम समय में चार्ज हो सकेगा।
आज के समय में जहां उपयोगकर्ता लगातार वीडियो स्ट्रीमिंग, सोशल मीडिया और गेमिंग का उपयोग करते हैं, वहां बड़ी बैटरी और फास्ट चार्जिंग सेटअप फोन की सबसे महत्वपूर्ण खूबियों में से एक बन जाती है। Xiaomi इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए बड़ी बैटरी क्षमता पर फोकस करती नजर आ रही है।
डिस्प्ले भी होगा प्रीमियम
Xiaomi 17T में 6.59 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगा। यह स्क्रीन स्मूथ स्क्रॉलिंग, बेहतर गेमिंग अनुभव और शानदार विजुअल क्वालिटी प्रदान कर सकती है।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि डिस्प्ले हाई ब्राइटनेस लेवल के साथ आएगा, जिससे धूप में भी कंटेंट आसानी से देखा जा सकेगा। AMOLED पैनल को बेहतर कलर, गहरे ब्लैक और ऊर्जा दक्षता के लिए जाना जाता है।
Android 16 और HyperOS का मिलेगा साथ
सॉफ्टवेयर की बात करें तो Xiaomi 17T के Android 16 आधारित HyperOS पर चलने की उम्मीद है। Xiaomi का HyperOS पिछले कुछ समय से कंपनी के डिवाइस इकोसिस्टम को एकीकृत करने पर फोकस कर रहा है। नए ऑपरेटिंग सिस्टम की मदद से फोन में बेहतर परफॉर्मेंस, AI फीचर्स और इंटरफेस में सुधार देखने को मिल सकते हैं।
भारत में वापसी कर रही है T-Series
Xiaomi की T-Series लंबे समय बाद भारतीय बाजार में वापसी कर रही है। भारत में आखिरी बार साल 2022 में Xiaomi 11T Pro लॉन्च किया गया था। ऐसे में Xiaomi 17T कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण लॉन्च साबित हो सकता है।
भारतीय स्मार्टफोन बाजार में Samsung, OnePlus, iQOO और Vivo जैसे ब्रांड पहले से ही प्रीमियम सेगमेंट में अपनी एक मजबूत पकड़ बना चुके हैं। Xiaomi 17T की कीमत और आधुनिक कैमरा सिस्टम इसे इस प्रतिस्पर्धा में अलग पहचान दिला सकते हैं।
ये भी पढ़ें :- Starship V3 Testing : स्टारशिप का समंदर में उतरते ही विस्फोट, खुशी से झूम उठे एलन मस्क
