मुंबई के नए उद्घाटन किए गए वर्ली मेट्रो स्टेशन में पानी घुसा, छत से टपकाव, यात्रियों की मुश्किलें बढ़ीं

मानसून की जल्दी दस्तक के साथ मुंबई में भारी बारिश, वर्ली मेट्रो स्टेशन की छत से टपकता पानी और प्लेटफॉर्म पर भरा कीचड़ वाला पानी; सोशल मीडिया पर उठे बुनियादी ढांचे पर सवाल

मुंबई में मानसून की समय से पहले दस्तक के साथ ही वर्ली स्थित हाल ही में शुरू हुआ भूमिगत मेट्रो स्टेशन पानी से भर गया। बीती रात से जारी भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा गया कि वर्ली मेट्रो स्टेशन के गेट से लेकर प्लेटफॉर्म तक पानी भर गया है और कीचड़ युक्त पानी स्टेशन के अंदर घुसने को तैयार है।

यात्रियों को घुटनों तक भरे पानी में पैंट मोड़कर और चप्पल पहनकर रास्ता पार करते देखा गया। एक अन्य वीडियो में छत से प्लेटफॉर्म पर पानी टपकता दिखा, जिससे स्टेशन की छत में रिसाव की पुष्टि होती है। यह भी संकेत मिलता है कि स्टेशन में जल निकासी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी।

मुंबई मेट्रो लाइन-3 का बीकेसी से वर्ली स्थित आचार्य अत्रे चौक तक का संचालन इसी महीने 10 मई से शुरू हुआ था। लेकिन उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद इस तरह जलभराव की घटना ने निर्माण गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सोशल मीडिया पर एक यूज़र ने व्यंग्य करते हुए लिखा, “हम मूर्ख हैं, जब उन्होंने इसका नाम ‘एक्वा लाइन’ रखा था तो वो सीरियस थे।”

साउथ मुंबई में धंसी सड़क, ट्रैफिक रूट बदले

मुंबई की एक और घटना में साउथ मुंबई के केम्प्स कॉर्नर इलाके में सड़क धंस गई, जिससे ट्रैफिक पर असर पड़ा। यह इलाका ब्रीच कैंडी, वॉर्डन रोड, पेडर रोड और नेपियन सी रोड के बीच स्थित एक पॉश इलाका है।
धंसी सड़क के कारण वॉर्डन कलेक्शन के पास सभी वाहनों का मार्ग बंद कर दिया गया है। अब केम्प्स कॉर्नर से मुकेश चौक की ओर जाने वाले सभी वाहनों को यू-टर्न लेकर वापस केम्प्स कॉर्नर फ्लाईओवर की ओर लौटना पड़ रहा है।

35 साल में पहली बार इतना जल्दी आया मानसून

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून रविवार को महाराष्ट्र पहुंच गया है, जो पिछले 35 वर्षों में सबसे जल्दी हुआ आगमन है। मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक केरल, कर्नाटक, कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।

मुंबई में सोमवार सुबह से हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, सुबह 6 से 7 बजे के बीच नरीमन प्वाइंट में 40 मिमी, ग्रांट रोड में 36 मिमी, कोलाबा में 31 मिमी और भायखला में 21 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में भी हल्की बारिश जारी है।

इस बारिश का असर हवाई और रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। कई फ्लाइट्स लेट हुईं, जिसके चलते एयर इंडिया और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी जरूर लें।

ये भी पढ़ें :- उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू: गांवों का होगा पुनर्गठन, 5 जून तक मांगे गए प्रस्ताव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version