गाजियाबाद: संगम कला संस्थान, गाजियाबाद में ‘नाद संगम’ मासिक श्रृंखला के अंतर्गत एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान की अध्यक्षा डॉ. दीप्ति वत्स और सचिव कुमार सूरज के संयोजन में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गायन और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में दूरदर्शन की ग्रेडेड कथक कलाकार आंचल शर्मा और युवा गायिका परिणिका चंद्रा विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुईं। दोनों कलाकारों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को देखा और उन्हें कला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान डॉ. दीप्ति वत्स और कुमार सूरज ने अतिथियों को शॉल एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी कला को मंच पर प्रस्तुत करने और अनुभवी कलाकारों से सीखने का अवसर दिया।
संस्थान का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय कलाओं को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी को उनसे जोड़ना और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उचित मंच उपलब्ध कराना है।

