खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025: दिल्ली में शूटिंग स्पर्धाओं की धमाकेदार शुरुआत, राजस्थान ने जीता पहला स्वर्ण

राजस्थान की मयंक-प्राची जोड़ी ने रोमांचक मुकाबले में मारी बाज़ी

खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की शूटिंग स्पर्धाओं का आज भव्य आगाज़ हुआ। राजधानी स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में पहले दिन 10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम (यूथ वर्ग) का मुकाबला खेला गया, जिसमें राजस्थान ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

राजस्थान ने दिखाया दम, उत्तर प्रदेश को पछाड़ा
राजस्थान के मयंक चौधरी और प्राची की जोड़ी ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक प्रदर्शन किया और बढ़त बना ली। हालांकि उत्तर प्रदेश की टीम – देव प्रताप और उर्वा चौधरी – ने बेहतरीन वापसी कर स्कोर बराबर कर दिया, लेकिन आखिरी क्षणों में राजस्थान ने धैर्य और सटीकता से खेलते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

दिल्ली ने कांस्य मुकाबले में हरियाणा को हराया
कांस्य पदक के लिए हुए मुक़ाबले में दिल्ली के नियमिका राणा और हार्दिक बंसल की जोड़ी ने हरियाणा की कनक और प्रतीक श्योकंद की जोड़ी को शिकस्त देकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

दिल्ली में सिर्फ़ तीन खेल, बाकी मुक़ाबले बिहार में
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के तहत राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में सिर्फ शूटिंग, साइक्लिंग और जिम्नास्टिक की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं, जबकि अन्य सभी खेल प्रतियोगिताएं बिहार राज्य में संपन्न हो रही हैं।

ये भी पढ़ें :- दयाल सिंह कॉलेज ने नेशनल-इंटरनेशनल खिलाड़ियों को किया सम्मानित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version