Tuesday, 17 November 2026
ब्रेकिंग न्यूज़
देवास के पत्रकार राजेश मालवीय को मिला डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 MS Dhoni ने बतौर खिलाड़ी IPL को कहा अलविदा! जानिए विकेट के पीछे से खेल पलटने वाले ‘कैप्टन कूल’ के 7 यादगार मास्टरस्ट्रोक भारतीय ग्राहकों को सेवाएं देने वाली विदेशी कंपनियों के लिए भारत में रजिस्ट्रेशन का प्रस्ताव Bilkis Bano Case: दो दोषियों को मिली सुप्रीम कोर्ट से जमानत, फैसले पर बोलीं- मुझे सुने बिना कैसे दिया गया आदेश? नव निर्माण-ए-भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 में महिला आरक्षण पर मंथन IITF 2026: बिहार पवेलियन में दिखी विरासत और विकास की झलक राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारों का सम्मान, पेंशन और सुविधाओं की मांग क्या भारतीय सेना में खत्म होने जा रहा है ब्रिगेडियर का पद? अब कर्नल से सीधे मेजर जनरल बनाने की तैयारी! देवास के पत्रकार राजेश मालवीय को मिला डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 MS Dhoni ने बतौर खिलाड़ी IPL को कहा अलविदा! जानिए विकेट के पीछे से खेल पलटने वाले ‘कैप्टन कूल’ के 7 यादगार मास्टरस्ट्रोक भारतीय ग्राहकों को सेवाएं देने वाली विदेशी कंपनियों के लिए भारत में रजिस्ट्रेशन का प्रस्ताव Bilkis Bano Case: दो दोषियों को मिली सुप्रीम कोर्ट से जमानत, फैसले पर बोलीं- मुझे सुने बिना कैसे दिया गया आदेश? नव निर्माण-ए-भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 में महिला आरक्षण पर मंथन IITF 2026: बिहार पवेलियन में दिखी विरासत और विकास की झलक राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारों का सम्मान, पेंशन और सुविधाओं की मांग क्या भारतीय सेना में खत्म होने जा रहा है ब्रिगेडियर का पद? अब कर्नल से सीधे मेजर जनरल बनाने की तैयारी!

MS Dhoni ने बतौर खिलाड़ी IPL को कहा अलविदा! जानिए विकेट के पीछे से खेल पलटने वाले ‘कैप्टन कूल’ के 7 यादगार मास्टरस्ट्रोक

धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने पांच बार आईपीएल ट्रॉफी जीती। उनके नेतृत्व, विकेटकीपिंग और रणनीतिक फैसलों ने टीम को खास पहचान दिलाई। CSK ने उन्हें 2027 सीजन के लिए मेंटर नियुक्त किया है।

नई दिल्ली: क्रिकेट के मैदान पर कुछ खिलाड़ी अपने बल्ले और गेंद से पहचान बनाते हैं, तो कुछ ऐसे होते हैं जो अपनी सोच से मैच का रुख बदल देते हैं। महेंद्र सिंह धोनी इस दूसरी श्रेणी के सबसे बड़े नामों में शामिल हैं।

विकेट के पीछे खड़े होकर बल्लेबाज की अगली चाल भांपना हो या मैदान पर ऐसी फील्डिंग सजाना जिसकी कल्पना विरोधी टीम ने भी न की हो, धोनी ने बार-बार साबित किया कि क्रिकेट केवल ताकत का नहीं, दिमाग का खेल भी है। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने कई मुश्किल मुकाबलों में वापसी की और पांच बार आईपीएल का खिताब जीता।

मंगलवार, 17 नवंबर को धोनी के आईपीएल खिलाड़ी के तौर पर संन्यास की घोषणा के साथ उनके लंबे सफर का एक अध्याय समाप्त हो गया। चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें आईपीएल 2027 के लिए टीम का मेंटर नियुक्त किया है। धोनी ने 2008 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट में करीब दो दशक तक अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। अब वह मैदान पर खिलाड़ी के रूप में नजर नहीं आएंगे, लेकिन उनकी रणनीतियों और फैसलों की चर्चा लंबे समय तक होती रहेगी।

आइए, उनके आईपीएल करियर के कुछ ऐसे यादगार पलों को याद करते हैं, जिन्होंने उनकी क्रिकेटिंग समझ और नेतृत्व क्षमता को खास पहचान दी।

1. धोनी ने चालाकी से लक्ष्मी रतन शुक्ला को किया रन आउट (2008)

आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 में महेंद्र सिंह धोनी ने विकेट के पीछे अपनी सतर्कता और चतुराई का ऐसा नमूना पेश किया, जिसने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बल्लेबाज लक्ष्मी रतन शुक्ला को चौंका दिया। यह घटना केकेआर की पारी के आखिरी ओवर की है, जब टीम का स्कोर 145/8 था और जोगिंदर शर्मा गेंदबाजी कर रहे थे।

ओवर की एक गेंद पर शुक्ला यॉर्कर को खेलने से चूक गए। नॉन-स्ट्राइकर छोर पर मौजूद ईशांत शर्मा ने रन लेने के लिए दौड़ लगा दी, लेकिन शुक्ला ने उन्हें वापस भेज दिया। इस दौरान दोनों बल्लेबाज गेंदबाज के छोर पर पहुंचकर असमंजस में फंस गए। धोनी ने विकेटकीपर के तौर पर गेंद हासिल की और उसे जोगिंदर शर्मा तक पहुंचा दिया। हालांकि, उन्होंने गेंदबाज को तुरंत बेल्स गिराने के बजाय रुकने का इशारा किया।

धोनी समझ गए थे कि शुक्ला को लग रहा है कि ईशांत रन आउट हो चुके हैं। इसी भरोसे में शुक्ला अपनी क्रीज से बाहर निकल आए और ईशांत से बात करने लगे। धोनी ने इस मौके को भांप लिया। इसके बाद जोगिंदर शर्मा ने शुक्ला को क्रीज से बाहर पाकर उन्हें रन आउट कर दिया। यह घटना धोनी की खेल को पढ़ने और दबाव में सही मौका पहचानने की क्षमता का उदाहरण बनी।

2. फाइनल में पोलार्ड के लिए बिछाया जाल (2010)

IPL 2010 का फाइनल चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया था। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए और मुंबई को जीत के लिए 169 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में मुंबई की टीम मुकाबले में बनी हुई थी। कायरन पोलार्ड तेजी से रन बना रहे थे और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते थे। ऐसे में धोनी को उन्हें रोकने के लिए कुछ अलग करना था।

धोनी ने पोलार्ड की बल्लेबाजी की प्रवृत्ति को समझते हुए फील्डिंग में असामान्य बदलाव किया। उन्होंने मैथ्यू हेडन को सामान्य मिड-ऑफ से काफी सीधा, लगभग गेंदबाज के पीछे की दिशा में खड़ा किया। इसके साथ ही लॉन्ग-ऑफ को भी उसी सीध में रखा गया।

इस फील्डिंग का मकसद पोलार्ड को सीधे शॉट खेलने के लिए उकसाना था। योजना काम कर गई। पोलार्ड ने गेंद को सीधे हेडन की ओर खेल दिया और उनका कैच लपक लिया गया। चेन्नई ने यह फाइनल 22 रन से जीता और अपना पहला IPL खिताब हासिल किया। धोनी की यह चाल आज भी उनकी बेहतरीन कप्तानी रणनीतियों में गिनी जाती है।

3. आखिरी ओवर में 23 रन बनाकर दिलाई जीत (2016)

धोनी की बल्लेबाजी और मैच फिनिश करने की क्षमता का सबसे यादगार उदाहरण आईपीएल 2016 में देखने को मिला। उस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स निलंबित थी और धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट की कप्तानी कर रहे थे। टीम का मुकाबला किंग्स इलेवन पंजाब से था। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 172 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए पुणे की टीम मुश्किल में थी। आखिरी ओवर में उसे जीत के लिए 23 रन चाहिए थे और गेंदबाजी की जिम्मेदारी अक्षर पटेल को सौंपी गई थी।

धोनी ने दबाव के बावजूद जल्दबाजी नहीं दिखाई। उन्होंने शुरुआती गेंद पर रन लेने के बजाय बड़े शॉट का जोखिम उठाया। इसके बाद अक्षर की गेंदों पर उन्होंने छक्का, चौका और लगातार दो छक्के जड़कर मुकाबला पुणे के पक्ष में कर दिया। आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने टीम को चार विकेट से जीत दिलाई। धोनी ने 32 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाए और इस ओवर में कुल 23 रन बटोरे। इस पारी में उनकी ताकत के साथ-साथ गेंदबाज की रणनीति को पढ़ने की क्षमता भी नजर आई। उन्होंने दबाव को खुद पर हावी नहीं होने दिया और आखिरी गेंद तक मैच को अपने नियंत्रण में रखा। यह पारी आईपीएल इतिहास के यादगार फिनिश में शामिल हो गई।

ये भी पढ़ें :- Bilkis Bano Case: दो दोषियों को मिली सुप्रीम कोर्ट से जमानत, फैसले पर बोलीं- मुझे सुने बिना कैसे दिया गया आदेश?

4. दिनेश कार्तिक को सीधे थ्रो से किया रनआउट (2017)

धोनी की पहचान केवल कप्तानी और बल्लेबाजी तक सीमित नहीं रही। विकेट के पीछे उनकी तेजी और सटीक निशाने ने कई बार विरोधी टीम को चौंकाया है। ऐसा ही एक यादगार नजारा आईपीएल 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट और गुजरात लायंस के मुकाबले में देखने को मिला।

गुजरात की पारी का आखिरी ओवर चल रहा था। जयदेव उनादकट गेंदबाजी कर रहे थे और बेसिल थंपी स्ट्राइक पर थे। उनादकट ने धीमी गेंद डाली, जिस पर थंपी बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में चूक गए।

नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े दिनेश कार्तिक आखिरी गेंद पर स्ट्राइक हासिल करना चाहते थे। गेंद छूटते ही वह रन लेने के लिए दौड़ पड़े। लेकिन विकेट के पीछे मुस्तैद धोनी ने तेजी से गेंद पकड़ी और बिना समय गंवाए स्ट्राइकर छोर के स्टंप पर सीधा थ्रो मार दिया। कार्तिक ने क्रीज में पहुंचने के लिए डाइव भी लगाई, लेकिन धोनी का निशाना इतना सटीक था कि वह रनआउट हो गए।

इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि धोनी गेंद को पकड़ने के बाद फैसला लेने में कितना कम समय लगाते थे। उनकी नजर बल्लेबाज की हरकतों पर रहती थी और मौका मिलते ही वह उसे विकेट में बदल देते थे।

5. फाफ डु प्लेसिस पर जताया भरोसा (2018)

IPL 2018 में CSK की वापसी का सीजन था। दो साल के निलंबन के बाद टीम टूर्नामेंट में लौटी थी और फाइनल तक पहुंचने की चुनौती उसके सामने थी। क्वालिफायर-1 में चेन्नई का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से हुआ।

हैदराबाद के गेंदबाजी आक्रमण के सामने 140 रनों का लक्ष्य भी आसान नहीं था। इस मुकाबले में धोनी ने फाफ डु प्लेसिस को ओपनिंग में भेजने का फैसला किया, जबकि वह उस सीजन में लगातार नहीं खेले थे और उनकी फॉर्म को लेकर भी सवाल थे।

चेन्नई की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 62 रन पर छह विकेट गंवा दिए और मुकाबला उसके हाथ से निकलता नजर आने लगा। ऐसे समय में डु प्लेसिस ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की और दबाव के बीच रन बनाते रहे। डु प्लेसिस ने 42 गेंदों पर नाबाद 67 रन बनाए और टीम को दो विकेट से जीत दिलाकर फाइनल में पहुंचा दिया।

धोनी का यह फैसला इसलिए खास था क्योंकि उन्होंने हालिया प्रदर्शन के बजाय खिलाड़ी के अनुभव और बड़े मुकाबलों में दबाव झेलने की क्षमता पर भरोसा जताया था। डु प्लेसिस ने उस भरोसे को सही साबित किया।

6. पोलार्ड के सामने शिवम दुबे की फील्ड प्लेस्मेंट (2022)

धोनी की फील्डिंग सजाने की कला का एक और उदाहरण आईपीएल 2022 में देखने को मिला। इस बार भी सामने मुंबई इंडियंस के विस्फोटक बल्लेबाज कायरन पोलार्ड थे। चेन्नई की ओर से स्पिनर महीश तीक्ष्णा गेंदबाजी करने वाले थे। पोलार्ड सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए थे और पारी को तेजी देने की कोशिश कर रहे थे। गेंदबाज के गेंद डालने से ठीक पहले धोनी ने फील्डिंग में बदलाव किया और शिवम दुबे को लॉन्ग-ऑन की जगह बेहद सीधी दिशा में, लगभग साइट-स्क्रीन के सामने तैनात कर दिया।

यह सामान्य फील्डिंग पोजिशन नहीं थी। धोनी जानते थे कि पोलार्ड सीधे बल्ले से बड़े शॉट खेलने में विश्वास रखते हैं। तीक्ष्णा ने धीमी और छोटी गेंद डाली। पोलार्ड ने उसे सीधे बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन शॉट में पर्याप्त ताकत नहीं थी। गेंद सीधे दुबे के हाथों में चली गई और पोलार्ड को पवेलियन लौटना पड़ा।

कमेंट्री के दौरान भी इस फील्डिंग को लेकर चर्चा हुई। खास बात यह थी कि धोनी ने 2010 के फाइनल में पोलार्ड को रोकने के लिए इसी तरह की सोच अपनाई थी। 12 साल बाद उन्होंने एक बार फिर उसी बल्लेबाज के खिलाफ फील्डिंग से जाल बिछाया और सफलता हासिल की।

7. गिल के खिलाफ बिजली जैसी स्टंपिंग (2023)

IPL 2023 का फाइनल चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। गुजरात की ओर से शुभमन गिल शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने तेजी से रन बनाते हुए चेन्नई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया था। ऐसे में गिल का विकेट चेन्नई के लिए बेहद जरूरी था।

धोनी ने रविंद्र जडेजा को गेंद थमाई। जडेजा की गेंद पर गिल ने टर्न का अनुमान लगाकर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद अपनी दिशा पर रही और उनके बल्ले को छकाते हुए विकेटकीपर धोनी के दस्तानों में पहुंच गई।

गिल का संतुलन बिगड़ा और उनका पैर कुछ पल के लिए क्रीज से बाहर रह गया। धोनी ने इसी छोटे से मौके को भांपते हुए पलक झपकते ही बेल्स गिरा दीं। गिल 20 गेंदों पर 39 रन बनाकर आउट हुए। इस स्टंपिंग को लगभग 0.1 सेकंड की तेजी से पूरा किए जाने के कारण खूब चर्चा मिली।

यह विकेट चेन्नई के लिए अहम साबित हुआ, क्योंकि गिल गुजरात की पारी को मजबूत शुरुआत दे चुके थे। धोनी ने दिखाया कि विकेटकीपर के तौर पर उनकी प्रतिक्रिया कितनी तेज थी। गेंद की दिशा, बल्लेबाज का संतुलन और क्रीज से पैर की दूरी, हर चीज पर उनकी नजर एक साथ रहती थी।

बतौर मेंटर दिखेंगे धोनी

धोनी का आईपीएल करियर केवल आंकड़ों या खिताबों से नहीं आंका जा सकता। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच आईपीएल ट्रॉफी दिलाईं और टीम को एक मजबूत पहचान दी। बीच के दो सीजन में जब चेन्नई पर प्रतिबंध लगा, तब उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट का नेतृत्व किया।

2026 का पूरा सीजन चोट के कारण नहीं खेल पाने के बाद अब उन्होंने खिलाड़ी के रूप में आईपीएल को अलविदा कह दिया है। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता जारी रहेगा।

2027 से वह टीम के मेंटर की जिम्मेदारी संभालेंगे और युवा खिलाड़ियों के साथ अपना अनुभव साझा करेंगे। मैदान पर उनकी जगह कोई दूसरा खिलाड़ी ले सकता है, लेकिन विकेट के पीछे से खेल को पढ़ने और एक छोटी-सी रणनीति से मुकाबले का रुख बदलने की उनकी कला लंबे समय तक याद की जाएगी।

Home » MS Dhoni ने बतौर खिलाड़ी IPL को कहा अलविदा! जानिए विकेट के पीछे से खेल पलटने वाले ‘कैप्टन कूल’ के 7 यादगार मास्टरस्ट्रोक
शेयर करें: Facebook X WhatsApp

MD Faijan

लेखक

मोहम्मद फैजान न्यूज़ ऑफ द डे में पत्रकार हैं, जहाँ वे खेल, मनोरंजन, राजनीति और अंतरराष्ट्रीय मामलों को कवर करते हैं। इससे पहले वे यूट्यूब चैनल स्पोर्ट्स यारी में सोशल मीडिया एग्जीक्यूटिव के रूप में कार्य कर चुके हैं, जहाँ उन्होंने डिजिटल कंटेंट मैनेजमेंट और ऑडियंस एंगेजमेंट का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। भारत के छत्तीसगढ़ राज्य के कोरिया जिले से संबंध रखने वाले फैजान आधुनिक मीडिया कार्यप्रणालियों की अच्छी समझ रखते हैं और कहानी कहने के विभिन्न रूपों में गहरी रुचि रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

// न्यूज़लेटर

हर सुबह सबसे पहले ख़बरें।

अपना ईमेल दर्ज करें — कोई स्पैम नहीं, सिर्फ ज़रूरी खबरें।

Exit mobile version