ऑपरेशन सिंदूर पर AIMF की सराहना: महिला अधिकारियों की भागीदारी को बताया समावेशिता की मिसाल

ऑल इंडिया माइनॉरिटीज फ्रंट (AIMF) ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर की सराहना की है। संगठन ने कहा कि पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (POK) में मौजूद नौ आतंकी अड्डों को नष्ट कर भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता को मजबूती से दुनिया के सामने रखा है।

AIMF की राष्ट्रीय अध्यक्ष लुबना आसिफ ने इस सैन्य कार्रवाई को “संतुलित, निर्णायक और समयोचित” बताया। उन्होंने कहा,
“पहलगाम का हमला सिर्फ निर्दोष नागरिकों पर नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज की अंतरात्मा पर हमला था। ऐसे में भारत की यह कड़ी प्रतिक्रिया देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा के लिए अनिवार्य थी।”

महिला अधिकारियों की भागीदारी को बताया देश की समावेशिता का प्रतीक
मुस्लिम महिला अधिकारी की भूमिका पर AIMF ने जताया गर्व

लुबना आसिफ ने ऑपरेशन सिंदूर में दो महिला अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी की विशेष सराहना करते हुए कहा कि यह भारत की समावेशी और प्रेरणादायक सैन्य संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा,
“इस अभियान में एक मुस्लिम महिला अधिकारी की मौजूदगी देश की विविधता और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है। यह बताता है कि आतंक के खिलाफ लड़ाई में भारत का हर नागरिक एकजुट है।”

AIMF का नागरिकों से आह्वान: आतंकवाद के खिलाफ रहें एकजुट
शहीदों को श्रद्धांजलि और शांति बनाए रखने की अपील

AIMF की ओर से बोलते हुए लाइका आसिफ ने कहा,
“भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अपने नागरिकों पर हमले बर्दाश्त नहीं करेगा। महिला नेतृत्व के माध्यम से भारत ने यह भी दिखा दिया कि हमारी विविधता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

संगठन ने आतंकवाद से प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आम नागरिकों से देश में शांति, सौहार्द और एकता बनाए रखने की अपील की। AIMF ने दोहराया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version