भारत में इंजीनियरिंग के लिए सबसे प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा माने जाने वाले JEE Advanced 2026 के परिणाम घोषित हो चुके हैं। IIT Delhi जोन के शुभम कुमार ने इस परीक्षा में 330 अंक हासिल कर पहला रैंक प्राप्त किया है।
आईआईटी द्वारा हर साल कराए जाने वाले इंजीनियरिंग के सबसे प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षा JEE Advanced 2026 के परिणाम जारी हो चुके हैं। 17 मई को आयोजित इस प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी इस साल IIT रुड़की को मिली थी। सोमवार (1 जून) को जारी रिजल्ट के अनुसार, IIT दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने इस परिक्षा में ऑल इंडिया पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने 360 में से 330 अंक प्राप्त किए हैं।
56,880 उम्मीदवारों ने क्वालीफाई की परीक्षा
आपको बता दें कि इस परिक्षा के लिए देशभर से कुल 1,87,389 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,79,694 अभ्यर्थी दोनों ही परीक्षाओं (पेपर 1 और पेपर 2) में उपस्थित हुए। इस कठिन परीक्षा को 56,880 उम्मीदवारों ने क्वालिफाई किया। जिसमें 10,107 छात्राएं भी शामिल हैं।
ये हैं JEE Advance 2026 के तीन टॉपर्स
बात करें इस साल के JEE Advanced के तीनों टॉपर्स की, तो लड़कों ने इस परीक्षा में बाजी मारी है और तीनों ही अभ्यर्थी आईआईटी दिल्ली जोन के अंतर्गत आते हैं। कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) के अनुसार पहला रैंक आईआईटी दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने प्राप्त किया है। उन्होंने इस परीक्षा में 360 में से 330 अंक प्राप्त किए। समान जोन से ताल्लुक रखने वाले कबीर छिल्लर 329 अंकों के साथ दूसरे रैंक पर रहे, वहीं जतिन चाहर 319 अकों के साथ तीसरे पायदान पर रहे।
टॉपर शुभम कुमार ने बनाई सोशल मीडिया से दूरी
आपको बता दें कि JEE Advance 2026 में टॉप करने वाले शुभम कुमार मूल रूप से बिहार के गया क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके पिता गया में एक हार्डवेयर कारोबारी हैं। उनकी मां कंचन देवी एक हाउस वाईफ हैं। शुभम ने बताया कि इस परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी। वे अपने मोबाइल फोन का उपयोग भी केवल अपने माता-पिता और शिक्षकों से बात करने के लिए करते थे। शुभम ने बताया कि वे रोजाना 8 से 10 घंटे पढ़ाई करते थे। इसके अलावा वे अपने शारीरिक एवं मानसिक सेहत का भी पूरा ख्याल रखते हुए हर रविवार क्रिकेट और बैडमिंटन भी खेला करते थे। शुभम ने माना की ध्यान भटकाने वाली तमाम चीजों से दूरी बनाकर उन्होंने केवल आवश्यक चीजों पर ही ध्यान दिया जिसकी वजह से उन्हें इतने सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए।
कबीर छिल्लर ने की तनावमुक्त पढ़ाई
बात करें ऑल इंडिया दूसरा रैंक प्राप्त करने वाले कबीर छिल्लर की, तो उनका मानना है कि उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान कभी भी तनाव नहीं लिया। उन्होंने पूरे परीक्षा की तैयारी के लिए खुद को तनावमुक्त रखा। इसका परिणाम यह हुआ उन्हें कोई भी सबक समझने में उसे केवल एक ही बार ध्यान पढ़ने की जरूरत पड़ी। कबीर ने इस परीक्षा की तैयारी के दौरान खुद को सोशल मीडिया से दूर कर दिया था, ताकि वे ध्यानपूर्वक अपनी पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रख सकें। उन्होंने कहा कि उनके पास व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम तो है, पर इसका उपयोग उन्होंने केवल शिक्षकों और अपने साथियों से विषयों पर चर्चा करने के लिए किया।
आपको बता दें कि कबीर के पिता मोहित छिल्लर खुद भी आईआईटी से पढ़े हैं और वर्तमान सें एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। जबकि कबीर की माता प्रियंका छिल्लर एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं।
ये भी पढ़ें :- एमईआरआई कॉलेज ने किया पद्म श्री सम्मानित प्रो. वेम्पति कुटुम्बा शास्त्री का स्वागत
