5 लोगों ने युवक को चाकू गोदकर उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किए गिरफ्तार

नई दिल्ली।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में तीन किशोरों समेत पांच लोगों ने एक 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और हथियार भी बरामद कर लिया है। शव को एम्स शव गृह भेज दिया गया है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) राजेश देव ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस की एक टीम मीत चौक के पास गौतमपुरी इलाके में गश्त कर रही थी, तभी उन्होंने देखा कि तीन-चार लोग एक आदमी को घसीट रहे थे, जोकि बेहोश था और बुरी तरह घायल था। बाद में उस व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान गौतमपुरी, फेज-2 निवासी गौरव उर्फ लंबू (22) के रूप में हुई है।

डीसीपी ने कहा कि दोनों पुलिस कर्मचारियों ने अन्य उपलब्ध कर्मचारियों के साथ आरोपियों का बीआईडब्ल्यू कॉलोनी की ओर पीछा किया और एनटीपीसी गेट नंबर 1 के पास पहुंचे, जहां स्टाफ के साथ एसएचओ भी पहुंचे और उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान अरमान उर्फ कुर्रू और दो किशोरों के रूप में की गई। उनसे पूछताछ करने पर पता चला कि उनका गौरव से निजी हिसाब-किताब तय करने को लेकर झगड़ा हुआ था। डीसीपी ने कहा कि लड़ाई के दौरान उन्होंने उस पर कई बार चाकू से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए अरमान उर्फ कुर्रू और दो किशोरों को पकड़ा। बाद में उनके दो सहयोगियों, साहिद और एक किशोर को भी पकड़ लिया गया। डीसीपी ने कहा कि अपराध में इस्तेमाल किया गया खून से सना हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *