क्या WWE का वर्तमान प्रोडक्ट पहले जितना रोमांचक नहीं रहा? Vince McMahon Era और Triple H Era की तुलना में जानिए Shock Factor, Storylines और Business की पूरी सच्चाई।
नई दिल्ली: एक समय था जब हर सोमवार और शुक्रवार WWE देखने वाले दर्शकों के मन में सिर्फ कई सवाल उठते थे। “आज कौन लौटेगा?”, “किसका Heel Turn होगा?”, या “कौन-सा चौंकाने वाला मोमेंट देखने को मिलेगा?”।
1990 के दशक के अंत से लेकर 2010 के दशक तक Vince McMahon के नेतृत्व में WWE ने प्रोफेशनल रेसलिंग को वैश्विक मनोरंजन उद्योग का हिस्सा बना दिया। Stone Cold Steve Austin, The Rock, John Cena, Randy Orton, Batista और Brock Lesnar जैसे सुपरस्टार सिर्फ रेसलर नहीं, बल्कि पॉप कल्चर आइकन बन गए।
लेकिन 2022 के बाद तस्वीर बदलने लगी। Vince McMahon के क्रिएटिव कंट्रोल से हटने और उनके दामाद Triple H के नेतृत्व संभालने के बाद WWE का प्रोडक्ट अधिक Long Term Storytelling, In Ring Wrestling और वास्तविक खेल जैसी प्रस्तुति की ओर बढ़ा। इससे कंपनी ने व्यावसायिक सफलता के नए रिकॉर्ड बनाए, लेकिन साथ ही एक बड़ा वर्ग यह भी मानने लगा कि मौजूदा WWE में पहले जैसा अप्रत्याशित रोमांच और “शॉक फैक्टर” कम हो गया है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या Triple H Era वास्तव में Vince McMahon Era से बेहतर है, या दोनों की अपनी-अपनी अलग पहचान है?
Vince McMahon का युग
1982 में Vince McMahon ने अपने पिता से WWF खरीदकर अगले चार दशकों में उसे दुनिया की सबसे बड़ी प्रोफेशनल रेसलिंग कंपनी बना दी। WrestleMania की शुरुआत, Attitude Era, Ruthless Aggression Era और PG Era जैसे कई बड़े दौर उनके नेतृत्व में आए। हालांकि, 2022 में उनके खिलाफ पूर्व कर्मचारियों से जुड़े भुगतान और कॉर्पोरेट गवर्नेंस को लेकर जांच शुरू हुई, जिसके बाद उन्होंने CEO और Chairman पद छोड़ दिया।
2023 में वे कंपनी में लौटे और Endeavor के साथ WWE के विलय की प्रक्रिया पूरी कराई, जिससे सितंबर 2023 में TKO Group Holdings का गठन हुआ।
लेकिन जनवरी 2024 में एक पूर्व कर्मचारी द्वारा लगाए गए गंभीर यौन उत्पीड़न और तस्करी से जुड़े आरोपों वाले मुकदमे के बाद Vince McMahon ने TKO और WWE के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सभी आरोपों से इनकार किया, लेकिन इसके साथ ही WWE के रचनात्मक नेतृत्व का पूरा भार Triple H के कंधों पर आ गया और कंपनी के नए दौर की शुरुआत हुई।
Triple H Era
Triple H ने क्रिएटिव हेड बनने के बाद WWE की प्रस्तुति में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए। Vince McMahon के दौर में अक्सर आखिरी समय पर स्क्रिप्ट बदलने, शो के दौरान फैसले बदलने और माइक्रोमैनेजमेंट की बातें सामने आती थीं।
सके विपरीत Triple H ने लंबी अवधि की स्टोरीलाइन, पात्रों के विकास और इन-रिंग प्रदर्शन पर अधिक ध्यान दिया। The Bloodline जैसी कहानी लगभग तीन वर्षों तक लगातार विकसित होती रही और इसे आधुनिक WWE की सबसे सफल स्टोरीलाइन में गिना जाता है।
Cody Rhodes, Gunther, Damian Priest, Rhea Ripley और Jey Uso जैसे सितारों को धीरे-धीरे मजबूत पहचान दी गई। NXT में सफल रहे कई रेसलर्स को भी मुख्य रोस्टर पर बेहतर अवसर मिलने लगे।
हालांकि कुछ प्रशंसकों का मानना है कि लंबी स्टोरीलाइन के कारण कई बार घटनाक्रम बहुत धीमा हो जाता है और हर बड़े मैच का परिणाम पहले से अनुमानित लगने लगता है। यही बात Triple H Era की सबसे बड़ी ताकत और सबसे बड़ी आलोचना दोनों साबित हुई हैं।
Storytelling में कौन कितना बेहतर
Vince McMahon के दौर में WWE की पहचान तेज़ रफ्तार और अप्रत्याशित स्टोरीलाइन से होती थी। एक ही रात में चैंपियन बदल जाते थे, अचानक वापसी, विश्वासघात, हील टर्न और बड़े सरप्राइज दर्शकों को हर सप्ताह टीवी से जोड़े रखते थे। Attitude Era और Ruthless Aggression Era में यह शैली बेहद लोकप्रिय रही।
इसके विपरीत Triple H ने लॉन्ग-टर्म स्टोरीटेलिंग को प्राथमिकता दी, जिसमें महीनों या कभी-कभी वर्षों तक कहानी विकसित होती है। इससे पात्रों को गहराई मिलती है, लेकिन कुछ दर्शकों को यह प्रक्रिया बहुत धीमी लगती है।
कई Premium Live Events में भी परिणाम पहले से अनुमानित महसूस होने की शिकायत सोशल मीडिया और फैन समुदायों में अक्सर देखने को मिलती है। हालांकि दूसरी ओर, समर्थकों का तर्क है कि यही लंबी योजना बड़े मुकाबलों को अधिक भावनात्मक और यादगार बनाती है। इसलिए यह बदलाव गुणवत्ता बनाम गति की बहस बन चुका है।
क्या दर्शकों को रास नहीं आ रहा मौजूदा प्रोडक्ट?
यह कहना सही नहीं होगा कि आज का WWE खराब है, क्योंकि कंपनी रिकॉर्ड टिकट बिक्री, मर्चेंडाइज और वैश्विक लोकप्रियता हासिल कर रही है। लेकिन कई पुराने प्रशंसकों का मानना है कि मौजूदा प्रोडक्ट में “Must Watch TV” वाली भावना पहले जैसी नहीं रही।
Vince McMahon के दौर में लगभग हर शो में कोई बड़ा ट्विस्ट, अप्रत्याशित वापसी या विवादित सेगमेंट देखने को मिलता था। आज Triple H अधिक व्यवस्थित और खेल-केंद्रित प्रस्तुति पर जोर देते हैं। इससे शो तकनीकी रूप से बेहतर हुए हैं, लेकिन Surprises की संख्या कम महसूस होती है।
इसके अलावा, सोशल मीडिया पर पहले ही कई खबरें और योजनाएं लीक हो जाती हैं, जिससे बड़े मोमेंट्स का प्रभाव भी घट जाता है। यही कारण है कि कुछ प्रशंसक वर्तमान WWE को अधिक सुरक्षित (Safe Booking) और कम जोखिम लेने वाला मानते हैं, जबकि अन्य इसे पहले की तुलना में अधिक परिपक्व और संतुलित प्रोडक्ट बताते हैं।
Shock Factor और Unpredictability में आई कमी?
WWE की सबसे बड़ी ताकत हमेशा उसका “Shock Factor” रहा है। Vince McMahon के दौर में दर्शकों को कभी नहीं पता होता था कि अगले ही पल क्या होने वाला है। Stone Cold Steve Austin द्वारा Vince पर हमला, The Rock की अचानक वापसी, Edge का 2020 Royal Rumble में लौटना, Brock Lesnar का अप्रत्याशित आगमन, Seth Rollins का 2014 में The Shield से विश्वासघात या Money in the Bank कैश-इन जैसे पल दर्शकों को चौंका देते थे।
Triple H के दौर में भी सरप्राइज होते हैं, लेकिन उनकी संख्या अपेक्षाकृत कम है और अधिकांश बड़े एंगल पहले से लंबी कहानी का हिस्सा होते हैं। कई प्रशंसकों का मानना है कि आज WWE कम जोखिम लेते हुए है विवादित या अचानक होने वाले फैसलों से बच रही है। हालांकि इसका सकारात्मक पक्ष यह है कि अब कहानियां अधिक तार्किक लगती हैं।
सुपरस्टार बनाने का तरीका
Vince McMahon की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक उनका वैश्विक सुपरस्टार तैयार करना था। Hulk Hogan, Bret Hart, Shawn Michaels, Stone Cold Steve Austin, The Rock, John Cena, Randy Orton, Batista और Brock Lesnar जैसे नाम WWE की सीमाओं से निकलकर वैश्विक पहचान बने। Vince अक्सर किसी एक चेहरे को कंपनी का मुख्य आकर्षण बनाते थे और उसी के इर्द-गिर्द ब्रांड तैयार करते थे।
दूसरी ओर Triple H का दृष्टिकोण अधिक संतुलित दिखाई देता है। Cody Rhodes, Gunther, Rhea Ripley, Tiffany Stratton, Jey Uso, Jacob Fatu और Bron Breakker जैसे कई सितारों को अलग-अलग स्तर पर विकसित किया जा रहा है। इससे रोस्टर गहरा हुआ है, लेकिन आलोचक कहते हैं कि आज भी John Cena या The Rock जैसी वैश्विक लोकप्रियता वाला नया मेगास्टार सामने नहीं आया है।
Triple H ने दिलाई व्यवसाय में रिकॉर्ड सफलता
यदि केवल व्यापारिक दृष्टि से देखा जाए, तो Triple H और TKO Group के दौर में WWE अपने इतिहास के सबसे सफल दौर से गुज़र रही है।
Premium Live Events लगातार रिकॉर्ड टिकट बिक्री कर रहे हैं। फ्रांस के ल्यों, जर्मनी के बर्लिन, स्कॉटलैंड के ग्लासगो, ऑस्ट्रेलिया के पर्थ और सऊदी अरब में आयोजित बड़े शो ने यह साबित किया कि WWE अब केवल अमेरिकी कंपनी नहीं, बल्कि एक वैश्विक मनोरंजन ब्रांड बन चुकी है।
जनवरी 2025 से Raw का Netflix पर प्रसारण शुरू होना भी कंपनी के इतिहास का बड़ा बदलाव माना गया। इसके अलावा विज्ञापन, प्रायोजन, लाइव गेट और मर्चेंडाइज से होने वाली आय लगातार बढ़ी है।
हालांकि दूसरी ओर, कुछ प्रशंसकों का मानना है कि व्यावसायिक सफलता के बावजूद Creative Team को हर Premium Live Event में कुछ ऐसे पल देने चाहिए जो वर्षों तक याद रखे जाएं। इसलिए आज WWE के सामने सबसे बड़ी चुनौती बिज़नेस की सफलता और रचनात्मक रोमांच के बीच संतुलन बनाए रखने की है।
क्या Triple H Era, Vince Era से बेहतर है?
Vince McMahon और Triple H की तुलना करना आसान नहीं है, क्योंकि दोनों ने अलग-अलग समय और परिस्थितियों में WWE का नेतृत्व किया। Vince McMahon ने WWE को एक क्षेत्रीय रेसलिंग प्रमोशन से दुनिया की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स एंटरटेनमेंट कंपनी बनायी।
वहीं Triple H उस विरासत को ऐसे समय में आगे बढ़ा रहे हैं, जब सोशल मीडिया, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म और वैश्विक दर्शकों की अपेक्षाएं पहले से कहीं अधिक हैं।
Triple H ने इन-रिंग क्वालिटी, लॉन्ग-टर्म स्टोरीटेलिंग और रेसलर्स की क्रिएटिव आज़ादी को बेहतर बनाया है, जबकि Vince के दौर में तेज़ रफ्तार मनोरंजन, बड़े सरप्राइज और करिश्माई सुपरस्टार WWE की पहचान थे।
क्या WWE में किसी बदलाव की जरूरत है?
यदि WWE भविष्य में अपने प्रोडक्ट को और मजबूत बनाना चाहता है, तो उसे कुछ अहम बदलावों पर ध्यान देना होगा। इसमें Long Term Storytelling के साथ बीच-बीच में Unexpected Moments और बड़े ट्विस्ट शामिल किए जाने चाहिए।
मिड-कार्ड सुपरस्टार्स को भी उतनी ही मजबूत कहानियां दी जाएं जितनी मेन इवेंट सितारों को मिलती हैं। टैग टीम और महिला डिवीज़न में अधिक विविधता लाई जाए तथा नए चेहरों को धीरे-धीरे मुख्य इवेंट स्तर तक पहुंचाया जाए।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि WWE को ऐसा कंटेंट तैयार करना होगा जो केवल रिकॉर्ड कमाई ही न करे, बल्कि वर्षों बाद भी प्रशंसकों की यादों में उसी तरह जीवित रहे, जैसे Attitude Era, Ruthless Aggression Era और Bloodline Saga आज भी याद किए जाते हैं।
ये भी पढ़ें :- जब इंग्लैंड के सट्टेबाजों की 5000-1 की भविष्यवाणी हुई गलत, फुटबॉल इतिहास के सबसे बड़े उलटफेर की कहानी
