अंतरराष्ट्रीय पैरा गेम्स के लिए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को मिला निमंत्रण, दिल्ली कमेटी अध्यक्ष पारुल सिंह ने की मुलाकात

नई दिल्ली में 26 सितंबर से होगा अब तक का सबसे बड़ा पैरा गेम्स; खिलाड़ियों के पोषण और संसाधनों पर सहयोग की चर्चा

नई दिल्ली, दिल्ली स्टेट पैरा ओलंपिक कमेटी की अध्यक्ष पारुल सिंह ने मंगलवार को केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से उनके कार्यालय में भेंट की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को आगामी अंतरराष्ट्रीय पैरा गेम्स में आमंत्रित किया, जो इस वर्ष 26 सितंबर से 7 अक्टूबर तक नई दिल्ली में आयोजित होने जा रहा है। यह आयोजन देश की राजधानी में होने वाला अब तक का सबसे भव्य पैरा खेल आयोजन होगा, जिसमें 115 से अधिक देशों के खिलाड़ी भाग लेंगे।

इस मुलाकात के दौरान पैरा ओलंपिक कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव सत्य बाबू, दिल्ली सचिव राहुल कसाना, कमेटी सदस्य ललित और वरिष्ठ पत्रकार राकेश कुमार भी मौजूद रहे।

बैठक में पैरा खिलाड़ियों के लिए पोषण, प्रशिक्षण और संसाधनों की उपलब्धता को लेकर मंत्रालय और कमेटी के बीच आपसी सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया गया। पारुल सिंह ने मंत्री को बताया कि कमेटी लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है ताकि पैरा खिलाड़ियों को श्रेष्ठ सुविधाएं मिल सकें।

बिहार से सांसद और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कमेटी के विजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन और प्रयास न केवल दिल्ली बल्कि बिहार सहित पूरे देश के पैरा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।

पारुल सिंह ने मंत्री का आभार जताते हुए कहा, “हम चाहते हैं कि हमारे देश के पैरा खिलाड़ियों को वह सभी आवश्यक सुविधाएं मिलें जो उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जरूरी हैं। श्री चिराग पासवान जी का आभार है कि उन्होंने हमारे प्रयासों को समझा और समर्थन दिया।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version