तमिलनाडु के होसुर में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्ट्री में हुए गैस हादसे में जान गंवाने वाले तीनों कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे थे। टैंक के रखरखाव का काम संभालने वाली कंपनियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
होसुर: तमिलनाडु के होसुर में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की एक फैक्ट्री में हुए हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार शाम, 9 अक्टूबर को प्लांट में रखे एक वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट टैंक के पास काम कर रहे तीन कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की संदिग्ध जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीनों कर्मचारी टैंक की जांच और सफाई से जुड़े काम में लगे थे। हादसे के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
यह फैक्ट्री एप्पल के आईफोन के लिए जरूरी कंपोनेंट बनाती है। घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। तमिलनाडु सरकार ने भी मामले की विस्तृत जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
कहां और कब हुआ हादसा?
यह घटना 9 नवंबर 2026 की शाम तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में होसुर के पास स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के प्लांट में हुई। फैक्ट्री वन्नियापुरम इलाके में उड्डनापल्ली के नजदीक है। पुलिस के मुताबिक, हादसा शाम करीब 5:10 बजे कंपनी की मैरीगोल्ड (Marie Gold) इकाई में हुआ। यह इकाई एप्पल के आईफोन के लिए कंपोनेंट तैयार करती है।
तीनों कर्मचारी फैक्ट्री के एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) में रखे नैनो-फिल्टर टैंक से जुड़े रखरखाव और सफाई के काम में लगे थे। इस टैंक में औद्योगिक प्रक्रिया से निकलने वाला गंदा पानी पहुंचता है। पुलिस के अनुसार, कर्मचारी इसी टैंक का निरीक्षण और सफाई कर रहे थे, तभी वे गैस की चपेट में आ गए।
इस तरह के टैंक में जमा पानी और औद्योगिक अवशेषों के कारण काम करना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे स्थानों पर प्रवेश से पहले गैस की मौजूदगी की जांच, पर्याप्त वेंटिलेशन और सुरक्षा उपकरणों की जरूरत होती है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हादसे के समय इन प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं।
एक कर्मचारी पहले बेहोश हुआ, बचाने पहुंचे दो अन्य भी गिरे
जिला प्रशासन से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीनों कर्मचारी चार लोगों की एक मेंटेनेंस टीम का हिस्सा थे। घटना के दौरान बी. अकमल सबसे पहले टैंक के पास पहुंचे और अंदर देखने की कोशिश की। इसी दौरान गैस की चपेट में आने के बाद वह बेहोश होकर टैंक में गिर पड़े।
उन्हें मुसीबत में देखकर दूसरे कर्मचारी एम. सरथिकुमार उनकी मदद के लिए आगे बढ़े। लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर टैंक के भीतर गिर गए। इसके बाद पी. कावेरी ने दोनों को देखने और बचाने की कोशिश की। वह भी वहां मौजूद गैस से प्रभावित होकर गिर पड़े। टीम के चौथे सदस्य ने यह स्थिति देखी और तुरंत मदद के लिए दूसरे कर्मचारियों को बुलाया।
फैक्ट्री की सुरक्षा टीम ने तीनों को बाहर निकाला। उन्हें पहले परिसर में मौजूद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद फैक्ट्री की एंबुलेंस से होसुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
कर्मचारियों का टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स से सीधा संबंध नहीं
तीनों कर्मचारी सीधे टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के नियमित कर्मचारी नहीं थे, बल्कि ठेकेदार के माध्यम से रखरखाव से जुड़े काम कर रहे थे। जिला प्रशासन के अनुसार, पानी के फिल्ट्रेशन टैंक के रखरखाव का काम नाल्को (Nalco) से जुड़ी कंपनी को दिया गया था, जिसने आगे एक अन्य कंपनी के जरिए कर्मचारियों को काम पर लगाया था।
यानी इस मामले में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ-साथ ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन करने वाली कंपनी और कर्मचारियों को उपलब्ध कराने वाले सब-कॉन्ट्रैक्टर की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। यह पता लगाना जरूरी होगा कि काम की निगरानी किसके जिम्मे थी और कर्मचारियों को किस स्तर की सुरक्षा ट्रेनिंग तथा उपकरण दिए गए थे।
ये भी पढ़े :- Booker Prize 2026: 81 साल के M. John Harrison ने रचा इतिहास, बने पुरस्कार जीतने वाले सबसे उम्रदराज लेखक
क्या सुरक्षा इंतजामों में हुई थी लापरवाही?
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर उठा है। कृष्णागिरी के जिला कलेक्टर सी. दिनेश कुमार ने कहा कि एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट में काम के दौरान उचित सुरक्षा उपाय मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन इस घटना की जांच कर रहा है।
रिपोर्ट में औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से भी कहा गया कि काम के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं थे। अधिकारी के मुताबिक, ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन करने वाली कंपनी ने एक अन्य कंपनी के जरिए कर्मचारियों को काम पर लगाया था। ऐसे में जांच में यह भी देखा जाएगा कि सुरक्षा की जिम्मेदारी किस कंपनी की थी और क्या कर्मचारियों को जोखिम के बारे में पहले से जानकारी दी गई थी।
औद्योगिक इकाइयों में टैंक, सीवेज चैंबर और अन्य बंद स्थानों पर काम करने के लिए विशेष सावधानियों की जरूरत होती है। ऐसे स्थानों में जहरीली गैस जमा हो सकती है या ऑक्सीजन का स्तर कम हो सकता है।
पुलिस और जिला प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी फैक्ट्री पहुंचे। कृष्णागिरी के जिला कलेक्टर दिनेश कुमार, डेनकानिकोट्टई के तहसीलदार वी. शनमुगम, डीएसपी अनंतराज और औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय के संयुक्त निदेशक सरवनन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस की शुरुआती जांच में मौतों की वजह जहरीली गैस के संपर्क में आना मानी जा रही है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौतों के वास्तविक कारण की पुष्टि अंतिम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगी। तीनों शवों को कृष्णागिरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है, जहां पोस्टमॉर्टम किया जाना है।
तमिलनाडु की उद्योग मंत्री विरुधईमगल कीर्तना ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि तीन कर्मचारियों की मौत की विस्तृत जांच कराई जाएगी और निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
क्या फैक्ट्री में उत्पादन पर पड़ा असर?
हादसा ऐसे समय हुआ, जब दीपावली के कारण फैक्ट्री बंद थी। उद्योग से जुड़े सूत्रों ने रॉयटर्स को बताया कि इस वजह से उत्पादन पर तत्काल कोई असर नहीं पड़ा।
होसुर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स का यह प्लांट एप्पल की आईफोन सप्लाई चेन का अहम हिस्सा है। यहां आईफोन के बैक पैनल और अन्य सटीक मशीनिंग वाले धातु के हिस्से तैयार किए जाते हैं। प्रीमियम स्मार्टफोन में इन धातु के हिस्सों का इस्तेमाल फोन के बाहरी फ्रेम और दूसरे कंपोनेंट को जोड़ने के लिए होता है। इसी परिसर में टाटा का एक अलग प्लांट तैयार iPhone की असेंबली भी करता है।
भारत में iPhone असेंबली का करीब 40 फीसदी हिस्सा टाटा समूह की इलेक्ट्रॉनिक्स इकाई से आता है, जबकि बाकी उत्पादन में फॉक्सकॉन की बड़ी भूमिका है। भारत अब दुनिया में बनने वाले कुल iPhone का लगभग एक चौथाई हिस्सा तैयार कर रहा है। ऐसे में होसुर का प्लांट एप्पल की चीन से बाहर विनिर्माण बढ़ाने की रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
पहले भी विवादों में रहा है होसुर का टाटा प्लांट
होसुर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स परिसर पहले भी कई घटनाओं और विवादों के कारण चर्चा में रहा है। सितंबर 2024 में यहां केमिकल स्टोरेज क्षेत्र में आग लग गई थी। इस घटना में 11 लोगों को सांस लेने में परेशानी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें हुई थीं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आग के कारण iPhone कंपोनेंट का उत्पादन भी कई दिनों तक प्रभावित रहा था।
इसके अलावा, जून 2026 में तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने आसपास के खेतों के कुओं में गंदे पानी के कथित प्रदूषण को लेकर टाटा के होसुर प्लांट को बंद करने की चेतावनी दी थी। कंपनी ने कहा था कि स्वतंत्र जांच में पानी के नमूने नियामकीय मानकों के अनुरूप पाए गए। बाद में टाटा ने बताया कि उसने बोर्ड के सवालों का जवाब दे दिया है और आगे की कार्रवाई रोक दी गई है।
इसी परिसर में स्थित iPhone असेंबली प्लांट से जुड़ा एक साइबर सुरक्षा मामला भी सामने आया था। 2026 में रैनसमवेयर हमले के बाद 2 लाख से ज्यादा फाइलें डार्क वेब पर पोस्ट की गई थीं।
