संडे को गोल्ड मेडल के लिए उतरेंगी भारत की ‘गोल्डन गर्ल’
नई दिल्ली, न्यूज ऑफ द डे
भारतीय कराटे (Indian Karate) के इतिहास में वो पल आ गया है, जिसका बरसों से इंतजार था। इंडोनेशिया के बाली में खेली जा रही ’22वीं एशियन सीनियर कराटे चैंपियनशिप’ में भारत की अलीशा ने इतिहास रच दिया है। अलीशा ने अपने अदम्य साहस और अचूक तकनीक के दम पर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को धूल चटाते हुए इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसके साथ ही कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (KIO) की इस धाकड़ खिलाड़ी ने देश के लिए कम से कम सिल्वर मेडल पक्का कर लिया है।
चीन, ईरान और वियतनाम की ‘दीवार’ ढहाई
एशियन चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंचने का अलीशा का यह सफर किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था। उन्होंने मैट पर उतरकर दुनिया के उन देशों के खिलाड़ियों को शिकस्त दी, जिनका कराटे में एकछत्र राज माना जाता है। नॉकआउट मुकाबलों में अलीशा ने सबसे पहले ईरान की वर्ल्ड क्लास खिलाड़ी को बाहर का रास्ता दिखाया। इसके बाद उन्होंने अपनी फुर्ती और सटीक प्रहारों से चीन और वियतनाम की सबसे मजबूत दावेदारों को मात देकर जजों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।
मिशन गोल्ड: संडे को रचेगी महाइतिहास
18 से 21 जून तक इंडोनेशिया के बाली में चल रही इस चैंपियनशिप में उनका यह आत्मविश्वास साफ बता रहा है कि वह सिर्फ फाइनल में पहुंचकर संतुष्ट नहीं हैं, बल्कि उनका लक्ष्य देश के लिए सोना (Gold) जीतना है। अलीशा अब रविवार (संडे) को होने वाले महामुकाबले में गोल्ड मेडल के लिए मैट पर उतरेंगी। पूरे देश के खेल प्रेमियों और कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन को भरोसा है कि अलीशा रविवार को इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों से भारत का नाम दर्ज कराएंगी।
