
दिल्ली पुलिस और ड्रग कंट्रोल की संयुक्त कार्रवाई; मास्टरमाइंड निखिल अरोड़ा समेत 6 गिरफ्तार, मरीजों की जान से हो रहा था खिलवाड़
नई दिल्ली, न्यूज ऑफ द डे
राजधानी दिल्ली में दवाओं के नाम पर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 1.20 लाख नकली दवाई की गोलियों का जखीरा बरामद किया है। इस मामले में मास्टरमाइंड निखिल अरोड़ा सहित 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक यह पूरा नेटवर्क दिल्ली के चर्चित भागीरथ पैलेस मार्केट की आड़ में संचालित किया जा रहा था। यह मार्केट देशभर में दवा और मेडिकल उपकरणों के बड़े व्यापार के लिए जाना जाता है, जिसका फायदा उठाकर आरोपी लंबे समय से नकली दवाओं का कारोबार चला रहे थे।
कैसे चल रहा था ‘मौत का सिंडिकेट’
पुलिस के अनुसार आरोपी असली दवाओं जैसी पैकिंग तैयार कर बाजार में नकली गोलियां सप्लाई करते थे। इन दवाओं में जरूरी तत्वों की जगह सस्ते और हानिकारक केमिकल मिलाए जाते थे, जिससे मरीजों की सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता था। ये नकली दवाएं दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों में भी सप्लाई की जा रही थीं।
छापेमारी में बड़ा खुलासा
संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, जहां भारी मात्रा में नकली दवाएं, पैकिंग मशीन और रॉ मटेरियल बरामद हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कई महीनों से इस अवैध धंधे में सक्रिय थे और लाखों रुपये का मुनाफा कमा रहे थे।
स्वास्थ्य के साथ बड़ा खतरा
अधिकारियों ने बताया कि नकली दवाओं का यह कारोबार सीधे लोगों की जान के लिए खतरा बन सकता है। इन गोलियों का सेवन करने से बीमारी ठीक होने के बजाय और बिगड़ सकती है, यहां तक कि गंभीर मामलों में जान भी जा सकती है।
जांच जारी, और गिरफ्तारी संभव
पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य लिंक खंगाल रही है। संभावना है कि इस रैकेट में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
