IITF 2025: राजस्थान मंडप में उमड़ी भीड़, हस्तशिल्प और मॉडल्स ने जीता दिल

IITF 2025: राजस्थान मंडप में उमड़ी भीड़, हस्तशिल्प और मॉडल्स ने जीता दिल

राजस्थान के हस्तशिल्प उत्पादों ने जीता दिल; कलाकारों ने बताया—सरकारी सहयोग बना शक्ति स्रोत

नई दिल्ली: IITF में राजस्थान मंडप अपनी संस्कृति, कला और पर्यटन मॉडलों के साथ आगंतुकों को एक जीवंत अनुभव प्रदान कर रहा है, जिससे यह मेले के सबसे लोकप्रिय स्थलों में शामिल हो गया है।

मंडप में इस बार राजस्थान की पारंपरिक कला और संस्कृति ने लोगों का मन मोह लिया। मेले में लगाया गया राजस्थान की लोक कला का स्टॉल हर दिन भीड़ से भरा रहा। यहाँ आने वाले लोग लंबे समय तक रुककर कलाकृतियों को देखते रहे और कई आगंतुकों ने कहा कि उन्हें यहाँ एक अलग ही अपनापन और खुशी महसूस हुई।

मंडप में राज्य की प्रसिद्ध कठपुतलियाँ, बंदनवार, डोर हैंगिंग्स, घरेलू साज-सज्जा की खूबसूरती सबको अपनी ओर आकर्षित कर रही है।
मेले में केवल वस्तुएँ ही नहीं, बल्कि राजस्थान की लोक-संस्कृति की जीवंत झलक भी देखने को मिली। यहाँ कठपुतली शो और राजस्थानी लोकनृत्य का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकठ्ठा हुए। प्रस्तुति शुरू होते ही दर्शकों ने मोबाइल कैमरे निकाल लिए और बच्चे तालियाँ बजाते दिखाई दिए। सबके चेहरों की मुस्कान यह बता रही थी कि कला इंसान को कुछ पलों के लिए दुनिया की भागदौड़ से दूर ले जाती है। उस माहौल में ऐसा लग रहा था जैसे रंग-बिरंगा राजस्थान अपने पूरे सौंदर्य के साथ दिल्ली में उतर आया हो।

कठपुतली प्रर्दशन के लिए सीकर से आए कलाकार अशोक भट्ट ने बताया कि वे लंबे समय से राजस्थान की पारंपरिक कला से जुड़े हुए हैं और पिछले कई वर्षों से वे विभिन्न मेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी कला का प्रदर्शन करते आ रहे हैं। अशोक भट्ट ने बताया कि उनके लिए कला सिर्फ काम नहीं बल्कि जीवन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जब लोग उनके काम को समझते हैं और सराहते हैं, तो उन्हें लगता है कि उनकी मेहनत सफल हुई। उन्होंने कहा कि उन्हें यहाँ मिली गर्मजोशी और प्यार यह दिखाता है कि आज भी लोग अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहना चाहते हैं। उनके अनुसार, सरकार द्वारा दिए गए मंच और सहयोग ने कलाकारों को आगे बढ़ने की बड़ी ताकत दी है।

रोमानिया के प्रतिनिधिमंडल ने किया राजस्थान मंडप का अवलोकन


रोमानिया के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान मंडप का अवलोकन किया। इस प्रतिनिधिमंडल ने मंडप में लगे प्रत्येक स्टाॅल्स का भ्रमण कर स्टाॅल संचालकों से वार्ता की। उन्होंने मंडप में प्रदर्शित उत्पादों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *