पत्रकारों पर बढ़ते हमलों पर राष्ट्रीय पत्रकार संघ की बैठक

वीरेंद्र प्रसाद सैनी बने दिल्ली-एनसीआर अध्यक्ष, केशरी देवी मिश्रा को महासचिव नियुक्त

दिल्ली के आईएनएस कॉन्फ्रेंस हॉल में राष्ट्रीय पत्रकार संघ के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य विषय था “पत्रकारों पर बढ़ते हमले और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता।” इस अवसर पर पत्रकारों पर हो रहे हमलों को लेकर गहरी चिंता जताई गई और उनकी सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने पर चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि और वक्ताओं की उपस्थिति

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों को मोमेंटो और शॉल भेंट कर हुई। राज्यसभा सांसद और भाजपा के डिप्टी नेशनल इलेक्शन इंचार्ज श्री नरेश बंसल इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता डॉ. मल्लिका गौतम, IFSMN के चेयरमैन श्री अरुण गोयल, एक्रेडिटेड जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री विजय चतुर्वेदी, वरिष्ठ पत्रकार व फिल्म निर्माता श्री जवाहर जयरथ, आईएमए के अध्यक्ष श्री संजय राय और राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के अध्यक्ष डॉ. पवित्र मोहन सामंतराय जैसे प्रमुख वक्ताओं ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

पत्रकारों की सुरक्षा पर जोर

राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पवित्र मोहन सामंतराय ने कहा, “पत्रकार केवल खबरें नहीं लिखते, वे लोकतंत्र की नींव को मजबूत करते हैं। उनकी सुरक्षा को नजरअंदाज करना, पूरे लोकतांत्रिक तंत्र को खतरे में डालना है। हम इसे हर स्तर पर उठाएंगे और किसी भी समझौते के लिए तैयार नहीं हैं।”

सभी वक्ताओं ने एक सुर में पत्रकारों पर हो रहे हमलों की निंदा की और सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रेस स्वतंत्रता पर हमला पूरे समाज और लोकतंत्र के लिए खतरा है।

एकजुटता का आह्वान

बैठक में शामिल प्रमुख पत्रकारों, जैसे अजीत दबाई, तबजील अहमद, मोहम्मद आबिद, अनिल कुमार और अन्य ने इस मुद्दे पर अपनी एकजुटता व्यक्त की। सभी ने अन्याय के खिलाफ मिलकर लड़ने का संकल्प लिया।

नई नियुक्तियां और आगे की रणनीति

बैठक के दौरान, वीरेंद्र प्रसाद सैनी को दिल्ली-एनसीआर का अध्यक्ष और केशरी देवी मिश्रा को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया। संघ ने यह निर्णय लिया कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए एक व्यापक रणनीति बनाई जाएगी और सरकार को जागरूक करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।

अंतिम संकल्प

बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने के लिए राष्ट्रीय पत्रकार संघ हर स्तर पर संघर्ष करेगा। संघ ने प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए इस मुद्दे को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का वादा किया।

ये भी पढ़ें :- सावधान! सरकार की चेतावनी: इन नंबरों से कॉल आए तो न उठाएं, बड़ा स्कैम हो सकता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *