राजस्थान की डॉ. रिया वर्मा ने मनोरोग चिकित्सा में प्रथम स्थान हासिल किया। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया
नई दिल्ली: राजस्थान की डॉ. रिया वर्मा ने मनोरोग चिकित्सा (साइकेट्री) में अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। 18 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित समारोह में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने उन्हें यह पदक प्रदान किया।
डॉ. रिया वर्मा ने नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से मनोरोग चिकित्सा में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की है। वे डॉ. बिजेंद्र कुमार और डॉ. शांता मीणा की बेटी हैं। फिलहाल वे जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के मनोरोग विभाग में वरिष्ठ रेजिडेंट के पद पर कार्यरत हैं।
साइकेट्री में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और चिकित्सा क्षेत्र के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि को उनके शैक्षणिक और पेशेवर सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
