नूंह में पाकिस्तान जासूसी रैकेट का पर्दाफाश: सेना की गोपनीय जानकारी लीक करता युवक गिरफ्तार

हरियाणा के नूंह जिले में पाकिस्तान जासूसी नेटवर्क पर एक और बड़ी कार्रवाई हुई है। तावडू उपमंडल के गांव कांगरका निवासी मोहम्मद तारीफ को देशद्रोह और जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों की संयुक्त टीम ने यह गिरफ्तारी रविवार देर शाम की। इससे पहले दो दिन पहले इसी जिले के राजाका गांव से अरमान नाम के युवक को भी जासूसी के आरोप में पकड़ा गया था।

व्हाट्सएप चैट से खुला राज, पाकिस्तान भेजता था सैन्य गतिविधियों की जानकारी

तारीफ पर आरोप है कि वह भारतीय सेना से संबंधित गोपनीय जानकारियां व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान उच्चायोग, दिल्ली में तैनात पाकिस्तानी नागरिकों—आसिफ बलोच और जाफर—को भेज रहा था। जांच में उसके मोबाइल से पाकिस्तान के नंबरों से की गई संदिग्ध चैटिंग, फोटो, वीडियो और सैन्य गतिविधियों से जुड़ी तस्वीरें बरामद हुई हैं।

गुप्त सूचना पर हुआ एक्शन, चैट डिलीट करने की भी की कोशिश

हरियाणा पुलिस को इनपुट मिला था कि तारीफ लंबे समय से भारत की डिफेंस गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं दुश्मन देश को भेज रहा है। इसी आधार पर चंडीगढ़ विशेष पुलिस बल, केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे गांव बावला राधा स्वामी सत्संग के पास से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी से पहले तारीफ ने अपने मोबाइल से कुछ चैट डिलीट करने की भी कोशिश की थी।

दिल्ली स्थित पाक दूतावास के अफसरों से था लगातार संपर्क

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तारीफ, पाकिस्तान उच्चायोग के कर्मचारी आसिफ बलोच को लगातार भारत की सैन्य गतिविधियों की सूचनाएं देता था। बदले में उसे पैसे भी मिलते थे। बाद में जब आसिफ का तबादला हुआ तो तारीफ की मुलाकात जाफर नामक दूसरे कर्मचारी से दिल्ली में हुई और उसने उसे भी संवेदनशील जानकारी दी।

देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़, तीनों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज

इस पूरे प्रकरण में हरियाणा पुलिस ने मोहम्मद तारीफ, पाकिस्तान उच्चायोग के कर्मचारी आसिफ बलोच और जाफर के खिलाफ देशद्रोह, ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि तारीफ ने राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ कर देश की अखंडता और एकता को खतरे में डाला है।

ये भी पढ़ें :-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version