दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण के बीच फेफड़ों के कैंसर का खतरा चिंता बढ़ा रहा है। विशेषज्ञों से जानें बीमारी के शुरुआती लक्षण और जांच के विकल्प।
नई दिल्ली: दिल्ली की हवा में घुला प्रदूषण केवल खांसी, सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन तक सीमित नहीं है। लंबे समय तक प्रदूषित वातावरण में रहने से फेफड़ों की सेहत पर पड़ने वाले असर को लेकर चिकित्सा विशेषज्ञ लगातार चिंता जता रहे हैं। अब राजधानी के अस्पतालों से सामने आए फेफड़ों के कैंसर के आंकड़ों ने इस चिंता को और गंभीर बना दिया है।
सूचना के अधिकार (RTI) के तहत मिली जानकारी के अनुसार, जनवरी 2020 से जुलाई 2026 के बीच दिल्ली के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में फेफड़ों के कैंसर के हजारों मामले दर्ज किए गए।
ये आंकड़े ऐसे समय सामने आए हैं, जब दिल्ली और आसपास के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में वायु प्रदूषण एक बार फिर गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बना हुआ है।
छह साल में 6,500 से ज्यादा मामले दर्ज
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, सूचना के अधिकार (RTI) के तहत AIIMS, राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल और दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (DSCI) से फेफड़ों के कैंसर के मरीजों और इससे होने वाली मौतों का डेटा मांगा गया था। यह जानकारी 1 जनवरी 2020 से 31 जुलाई 2026 तक की अवधि से संबंधित है।
तीन अस्पतालों के उपलब्ध आंकड़ों को मिलाकर इस दौरान फेफड़ों के कैंसर के 6,581 मामले सामने आए। वहीं, चारों संस्थानों में इस बीमारी से कुल 913 मरीजों की मौत दर्ज की गई। सफदरजंग अस्पताल ने कुल मामलों की संख्या नहीं बताई, लेकिन मौतों का आंकड़ा साझा किया।
अस्पतालों में सबसे अधिक मामले AIIMS में दर्ज हुए। जनवरी 2020 से मार्च 2026 के बीच यहां 4,860 मरीजों में फेफड़ों के कैंसर की पुष्टि हुई और 158 मौतें हुईं। DSCI में जनवरी 2020 से जुलाई 2026 तक 1,613 मामले और 354 मौतें दर्ज की गईं। इसी अवधि में RML अस्पताल ने 108 मामले और आठ मौतें बताईं। सफदरजंग अस्पताल में इस बीमारी से 393 मरीजों की मौत हुई।
इन आंकड़ों में महिलाओं और बच्चों के मामले भी शामिल हैं। DSCI के अनुसार, जनवरी 2020 से जुलाई 2026 के बीच 351 महिलाओं में फेफड़ों का कैंसर पाया गया। वहीं, वर्ष 2021 में दो बच्चे भी इस बीमारी से पीड़ित पाए गए।
क्या दिल्ली का प्रदूषण बढ़ा रहा है फेफड़ों के कैंसर का खतरा?
दिल्ली में सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ना लोगों की सेहत के लिए गंभीर चिंता का विषय है। वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल, औद्योगिक उत्सर्जन और दूसरे स्रोत हवा को प्रदूषित करते हैं। इनमें PM2.5 जैसे सूक्ष्म कण खास तौर पर खतरनाक माने जाते हैं, क्योंकि ये सांस के जरिए फेफड़ों के अंदरूनी हिस्सों तक पहुंच सकते हैं।
लंबे समय तक इन कणों के संपर्क में रहने से श्वसन तंत्र में सूजन, ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और कोशिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी स्थितियां फेफड़ों के कैंसर की आशंका बढ़ाने वाले कारकों में शामिल हो सकती हैं।
HCG कैंसर अस्पताल की मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. इंदू अंबुलकर ने बताया कि PM2.5 जैसे कण फेफड़ों में गहराई तक पहुंचकर शरीर में सूजन और कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने वाली प्रक्रियाओं को बढ़ावा दे सकते हैं। लंबे समय तक ऐसा संपर्क कैंसर के विकास में योगदान दे सकता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने बाहरी वायु प्रदूषण और उसमें मौजूद कणों को मनुष्यों के लिए कैंसरकारी घोषित किया है।
ये भी पढ़ें :- ₹2 करोड़ का हेल्थ इंश्योरेंस कवर, सर्जरी के लिए कंपनी ने दिए सिर्फ ₹7,642; स्टार हेल्थ पर सवाल
धूम्रपान नहीं करने वालों में भी सामने आ रहे मामले
तंबाकू का सेवन फेफड़ों के कैंसर का एक प्रमुख जोखिम कारक माना जाता है। सिगरेट, बीड़ी और दूसरे तंबाकू उत्पादों के धुएं में मौजूद जहरीले रसायन फेफड़ों की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं। हालांकि, विशेषज्ञों के मुताबिक यह बीमारी केवल धूम्रपान करने वालों तक सीमित नहीं है। ऐसे लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं, जिन्होंने कभी तंबाकू का सेवन नहीं किया। दिल्ली-NCR जैसे प्रदूषित इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह चिंता का विषय है।
अपोलो एथेना वुमेन्स कैंसर सेंटर की प्रमुख विशेषज्ञ डॉ. गीता कदायप्रथ के अनुसार, दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में फेफड़ों के कैंसर के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। मरीजों की बदलती प्रोफाइल में महिलाएं, युवा और धूम्रपान से दूर रहने वाले लोग भी शामिल हैं। ऐसे मरीजों में फेफड़ों के कैंसर का एक प्रकार एडेनोकार्सिनोमा अपेक्षाकृत अधिक पाया जाता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, तंबाकू के अलावा भी कई परिस्थितियां इस बीमारी का खतरा बढ़ा सकती हैं। इनमें पैसिव स्मोकिंग, घर के भीतर खाना पकाने से निकलने वाला धुआं, वायु प्रदूषण और कार्यस्थल पर एस्बेस्टस जैसे हानिकारक पदार्थों के संपर्क में रहना शामिल है। इसलिए धूम्रपान नहीं करने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को फेफड़ों का कैंसर होने का जोखिम नहीं है।
भारत में बढ़ता फेफड़ों का कैंसर
फेफड़ों का कैंसर केवल दिल्ली तक सीमित समस्या नहीं है। देशभर में भी इससे जुड़े आंकड़े चिंता बढ़ाते हैं। इंडिया टुडे की रिपोर्ट में ग्लोबोकैन 2024 के अनुमानों के हवाले से बताया गया है कि भारत में वर्ष 2024 के दौरान फेफड़ों के कैंसर के 1,12,659 नए मामले सामने आए। यह देश में सबसे अधिक पाए जाने वाले कैंसर के प्रकारों में तीसरे स्थान पर था।
इसी साल इस बीमारी से 98,687 मौतें दर्ज होने का अनुमान है। कैंसर से होने वाली मौतों के मामले में फेफड़ों का कैंसर देश में पहले स्थान पर रहा। वैश्विक स्तर पर भी यह कैंसर से होने वाली मौतों के प्रमुख कारणों में शामिल है।
इस बीमारी के गंभीर होने की एक बड़ी वजह यह है कि कई मरीजों में इसकी पहचान काफी देर से होती है। शुरुआती चरण में फेफड़ों के कैंसर के लक्षण स्पष्ट नहीं होते या कई बार दिखाई ही नहीं देते। जब तक मरीज को लगातार परेशानी महसूस होती है और वह जांच के लिए पहुंचता है, तब तक बीमारी आगे बढ़ चुकी हो सकती है। ऐसे मामलों में इलाज के विकल्प सीमित हो सकते हैं।
फेफड़ों के कैंसर के शुरुआती लक्षण
फेफड़ों के कैंसर की पहचान में देरी इलाज को मुश्किल बना सकती है। लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी और सीने में दर्द जैसे लक्षणों को अक्सर सामान्य संक्रमण, टीबी या वायु प्रदूषण का असर समझकर नजरअंदाज कर दिया जाता है। दिल्ली जैसे शहर में सर्दियों के दौरान सांस संबंधी समस्याएं आम होने के कारण इन लक्षणों पर ध्यान नहीं दिया जाता।
इसके संभावित संकेतों में लंबे समय तक खांसी रहना, खांसी में खून आना, सांस फूलना, सीने में दर्द, बिना वजह वजन कम होना और लगातार थकान या कमजोरी महसूस होना शामिल हैं। हालांकि, इन लक्षणों का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को कैंसर ही है। इनकी वजह दूसरी बीमारियां भी हो सकती हैं।
फोर्टिस गुरुग्राम के मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. नितेश रोहतगी ने बताया कि उनके पास आने वाले कई मरीज बीमारी के तीसरे या चौथे चरण में पहुंचते हैं। उनके मुताबिक, लगातार खांसी जैसे लक्षणों की जांच में देरी होने से कैंसर की पहचान देर से हो सकती है। कई मरीजों का पहले टीबी या प्रदूषण से जुड़ी सांस की समस्याओं के लिए इलाज चलता रहता है।
बीमारी का शुरुआती चरण में पता चलने पर उपचार के विकल्प अधिक हो सकते हैं। वहीं, एडवांस स्टेज में इलाज चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसलिए लंबे समय तक बने रहने वाले लक्षणों की चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है।
क्या धूम्रपान नहीं करने वालों के लिए भी स्क्रीनिंग जरूरी?
फेफड़ों के कैंसर की समय पर पहचान के लिए स्क्रीनिंग अहम भूमिका निभा सकती है। कुछ ऐसे लोगों के लिए लो-डोज सीटी स्कैन की सलाह दी जाती है, जिन्हें धूम्रपान के कारण बीमारी का जोखिम अधिक होता है। इस जांच के जरिए फेफड़ों में छोटे बदलावों का पता लगाया जा सकता है। हालांकि, मौजूदा स्क्रीनिंग मानदंड मुख्य रूप से अधिक जोखिम वाले धूम्रपान करने वालों को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं।
ऐसे में धूम्रपान नहीं करने वाले लोगों में पर्यावरणीय प्रदूषण या दूसरे कारणों से पैदा होने वाले जोखिम की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि भारत में ऐसी स्क्रीनिंग व्यवस्था की जरूरत है, जो यहां की आबादी और बीमारी के बदलते स्वरूप को ध्यान में रखे। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि हर व्यक्ति को नियमित रूप से सीटी स्कैन कराना चाहिए। जांच की जरूरत और तरीका व्यक्ति के जोखिम, लक्षणों और डॉक्टर की सलाह के आधार पर तय होना चाहिए।
इलाज की नई तकनीक के बीच लागत एक बड़ी चुनौती
फेफड़ों के कैंसर के उपचार में पिछले कुछ वर्षों में कई नई तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ा है। टारगेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी ने कुछ मरीजों के इलाज में बेहतर परिणाम की संभावनाएं बढ़ाई हैं। लेकिन इन उपचारों का लाभ बीमारी के प्रकार, उसकी अवस्था और मरीज की चिकित्सकीय स्थिति पर निर्भर करता है।
टारगेटेड थेरेपी देने से पहले कई मामलों में ट्यूमर की आणविक जांच यानी मॉलिक्यूलर टेस्टिंग की जरूरत होती है। इससे कैंसर कोशिकाओं में मौजूद कुछ खास आनुवंशिक बदलावों की पहचान की जाती है। EGFR और ALK जैसे बदलावों का पता चलने पर कुछ मरीजों को विशेष दवाओं से उपचार दिया जा सकता है। लेकिन जांच और इलाज की लागत कई मरीजों के लिए बड़ी बाधा बनी हुई है।
डॉक्टरों के मुताबिक, भारत में फेफड़ों के कैंसर की बेहतर निगरानी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मरीजों का रजिस्टर तैयार करने, जोखिम के आधार पर स्क्रीनिंग की व्यवस्था विकसित करने और लगातार बने रहने वाले श्वसन संबंधी लक्षणों वाले मरीजों को समय पर विशेषज्ञों तक पहुंचाने की जरूरत है। इसके साथ ही जांच और दवाओं को अधिक किफायती बनाना भी जरूरी है।
