FIFA World Cup 2026 में आज चार बड़े मुकाबले खेले जाएंगे। नीदरलैंड्स, जर्मनी, जापान और स्वीडन की नजर नॉकआउट राउंड के अहम अंकों पर होगी। जाने आज के मुकाबलों की मैच प्रेडिक्शनऔर संभावित 11
फीफा विश्व कप 2026 का ग्रुप चरण अब उस मोड़ पर आ चुका है जहां हर अंक के लिए जद्दोजहद बढ़ गई है। कुछ टीमें Knockout Round के करीब पहुंचे की कोशिश में हैं, जबकि कुछ के लिए हार का मतलब टूर्नामेंट हो जाना है। ऐसे में 20 और 21 जून की दरम्यानी रात खेले जाने वाले चार मुकाबले नीदरलैंड्स बनाम स्वीडन, जर्मनी बनाम आइवरी कोस्ट, इक्वाडोर बनाम कुरासाओ और ट्यूनीशिया बनाम जापान होने वाले हैं।
इन चार मैचों में केवल अंक ही दांव पर नहीं हैं। इनमें से कुछ मुकाबले नॉकआउट की दिशा तय करेंगे, कुछ ग्रुप की शीर्ष टीम की तस्वीर साफ करेंगे। इसके अलावा आज का एक मैच विश्व कप इतिहास का 1000वां मुकाबला भी बनने जा रहा है।
ग्रुप E और F में बढ़ता रोमांच
आपको बता दें कि आज के सभी मुकाबले Group E और F के बीच खेले जाएंगे। ग्रुप E और ग्रुप F में स्थिति बेहद दिलचस्प हो चुकी है। पहले दौर के मुकाबलों के बाद जर्मनी और आइवरी कोस्ट तीन-तीन अंकों के साथ ग्रुप E में शीर्ष पर हैं, जबकि स्वीडन ग्रुप F में पहले स्थान पर है।
नीदरलैंड्स, जापान, इक्वाडोर, कुरासाओ और ट्यूनीशिया के लिए आज का मैच बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ग्रुप E में जर्मनी ने अपने पहले मैच में कुरासाओ को 7-1 से हराकर टूर्नामेंट की सबसे प्रभावशाली जीत दर्ज की थी। दूसरी ओर आइवरी कोस्ट ने मजबूत इक्वाडोर को 1-0 से हराकर बड़ा संदेश दिया था कि वह केवल भाग लेने नहीं, बल्कि आगे बढ़ने आई है।
ग्रुप F में स्वीडन ने ट्यूनीशिया को 5-1 से हराकर सभी को चौंका दिया था। वहीं नीदरलैंड्स और जापान का मुकाबला 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ था। इस कारण स्वीडन फिलहाल बढ़त की स्थिति में है, जबकि नीदरलैंड्स और जापान के लिए आज के मुकाबले बेहद अहम हैं।
अब बात करते हैं आज के सभी मुकाबलों के बारे में –
नीदरलैंड्स बनाम स्वीडन
आज के मैचों में सबसे ज्यादा चर्चा इसी मुकाबले की हो रही है। नीदरलैंड्स को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ग्रुप F जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन जापान के खिलाफ ड्रॉ ने उसकी स्थिति थोड़ी मुश्किल कर दी है। अब यदि वे आज के मुकाबले में स्वीडन के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर पाते हैं तो अंतिम मैच ट्यूनीशिया के खिलाफ उन पर दबाव बढ़ सकता है।
नीदरलैंड्स की रणनीति
कोच रोनाल्ड कोमैन की टीम गेंद पर नियंत्रण रखने वाली शैली के लिए जानी जाती है। कप्तान वर्जिल वैन डाइक की अगुवाई में रक्षा पंक्ति मजबूत है, जबकि फ्रेंकी डी जोंग मिडफील्ड में खेल की गति नियंत्रित करते हैं। आक्रमण में कोडी गाक्पो और डोनीएल मालेन पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।
स्वीडन की रणनीति
स्वीडन का आत्मविश्वास फिलहाल अपने चरम पर है। ट्यूनीशिया के खिलाफ पांच गोल करने के बाद टीम अब नीदरलैंड्स पर दबाव बनाने की कोशिश करेगी। विक्टर ग्योकेरेस, अलेक्जेंडर इसाक और डेजान कुलुसेव्स्की जैसे खिलाड़ी किसी भी डिफेंस को परेशान कर सकते हैं।
संभावित प्लेइंग XI
नीदरलैंड्स: वर्ब्रुगेन, डुम्फ्रीस, वैन डाइक, डी लिग्ट, वैन डे वेन, डी जोंग, रींडर्स, सिमंस, गाक्पो, मालेन, ब्रॉबी।
स्वीडन: ओल्सन, होल्म, लिंडेलोफ, स्टारफेल्ट, ऑगस्टिनसन, स्वानबर्ग, आयारी, कुलुसेव्स्की, फोर्सबर्ग, इसाक, ग्योकेरेस।
मैच प्रेडिक्शन – विशेषज्ञ इसे बराबरी का मुकाबला मान रहे हैं। दोनों टीमों की आक्रामक क्षमता को देखते हुए गोलों की संभावना काफी अधिक है। कई विश्लेषकों ने मैच में 3 या उससे अधिक गोल होने की संभावना जताई है।
जर्मनी बनाम आइवरी कोस्ट
कुरासाओ के खिलाफ सात गोल दागकर जर्मनी ने शानदार शुरुआत की, लेकिन आइवरी कोस्ट उसके लिए कहीं ज्यादा कठिन चुनौती साबित हो सकती है। अफ्रीकी चैंपियन मानी जाने वाली यह टीम बेहद संगठित और तेज फुटबॉल खेलती है।
जर्मनी की ताकत
जूलियन नागेल्समन के नेतृत्व में जर्मनी एक बार फिर विश्व फुटबॉल की ताकत बनती दिखाई दे रही है। जमाल मुसियाला, फ्लोरियन विर्ट्ज और काई हैवर्ट्ज जैसे खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं। पहले मैच में टीम का High Pressing Game बेहद प्रभावशाली रहा था।
आइवरी कोस्ट की ताकत
आइवरी कोस्ट की सबसे बड़ी विशेषता उसकी गति है। कोच एमर्स फे की टीम काउंटर अटैक में बेहद खतरनाक मानी जाती है। निकोलस पेपे, अमाद डियालो और सेको फोफाना जैसे खिलाड़ी मैच का रुख किसी भी वक्त बदल सकते हैं।
संभावित प्लेइंग XI
जर्मनी: टेर स्टेगन, किम्मिख, रुडिगर, ताह, मिटलश्टेड्ट, एंड्रिच, ग्रोस, मुसियाला, विर्ट्ज, साने, हैवर्ट्ज।
आइवरी कोस्ट: सिंगो, फोफाना, अगबादू, कोनन, केसी, बोली, सांगरे, डियालो, अदिंग्रा, पेपे, हॉलर।
मैच प्रेडिक्शन – जर्मनी को अभी भी जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है, लेकिन यह मुकाबला पहले मैच जैसा एकतरफा नहीं रहने वाला। कई विशेषज्ञों ने 2-1 या 3-1 से जर्मनी की जीत की संभावना जताई है।
इक्वाडोर बनाम कुरासाओ
ग्रुप E में यह मुकाबला शायद सबसे ज्यादा दबाव वाला मैच है। दोनों टीमों ने अपना पहला मैच गंवाया था। ऐसे में हारने वाली टीम के लिए नॉकआउट की राह बेहद मुश्किल हो सकती है।
इक्वाडोर की रणनीति
दक्षिण अमेरिकी टीम इक्वाडोरअपनी मजबूत डिफेंस के लिए जानी जाती है। कोच सेबास्टियन बेक्काचेचे ने मैच से पहले साफ कहा है कि कुरासाओ को हल्के में लेना बड़ी गलती होगी। उन्होंने खिलाड़ियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मिडफील्ड में मोइसेस कैसेडो और रक्षा में विलियन पाको टीम के सबसे अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। वहीं अनुभवी स्ट्राइकर एनर वेलेंसिया से भी गोल की उम्मीदें रहेंगी।
कुरासाओ की कहानी
कुरासाओ इस विश्व कप की सबसे प्रेरणादायक टीमों में से एक है। केवल 1.5 लाख आबादी वाले इस कैरेबियाई देश ने पहली बार विश्व कप में जगह बनाई है। जर्मनी के खिलाफ बड़ी हार के बावजूद टीम का मनोबल बना हुआ है।
संभावित प्लेइंग XI
इक्वाडोर: गालिंडेज, हिंकापिए, पाचो, ओर्डोनेज, फ्रांको, कैसेडो, वीटे, येबोआ, प्लाटा, एंगुलो, एनर वेलेंसिया।
कुरासाओ: मार्टिना, रूम, बाकुना, मारिया, फ्लेमिंग, एंटोनिसे, कास्टानेर, मालोन, जेंगा, कोमेनेन्सिया, फेलिडा।
मैच प्रेडिक्शन – कागज पर इक्वाडोर स्पष्ट रूप से मजबूत टीम दिखाई देती है। ऐसे में दक्षिण अमेरिकी टीम इस मुकाबले में तीन अंक हासिल कर सकती है।
ट्यूनीशिया बनाम जापान: विश्व कप इतिहास का 1000वां मैच
आज का चौथा मुकाबला केवल खेल के कारण नहीं, बल्कि इतिहास के कारण भी खास है। FIFA के अनुसार ट्यूनीशिया और जापान के बीच खेला जाने वाला मैच पुरुष विश्व कप इतिहास का 1000वां मुकाबला होगा।
जापान की रणनीति
जापान ने इस मैच से पहले नीदरलैंड्स के खिलाफ 2-2 का शानदार ड्रा खेला था। टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासित खेल और तेज ट्रांजिशन है। कप्तान को इटाकुरा और ताकुमी मिनामिनो पर बड़ी जिम्मेदारी होगी।
ट्यूनीशिया की रणनीति
स्वीडन के खिलाफ 1-5 की हार के बाद ट्यूनीशिया दबाव में है। टीम को अपनी रक्षात्मक कमजोरियों को सुधारना होगा। यदि वह यह मुकाबला हारती है तो अगले दौर की उम्मीदें लगभग समाप्त हो सकती हैं।
संभावित प्लेइंग XI
जापान: सुजुकी, टोमियासू, इटाकुरा, माचिदा, मोरिता, तनाका, दोआन, कामादा, मिनामिनो, कुबो, उएदा।
ट्यूनीशिया: दाहमेन, द्रेगर, मेरियाह, तालबी, अब्दी, स्किरी, लैदौनी, बेन रोमधाने, स्लीटी, खजरी, जबाली।
मैच प्रेडिक्शन – जापान बेहतर फॉर्म में है और उसे जीत का दावेदार माना जा रहा है। अधिकांश विश्लेषण जापान के पक्ष में दिखाई देते हैं।
चारों मुकाबलों का शेड्यूल (भारतीय समयानुसार)
नीदरलैंड्स बनाम स्वीडन – रात 10:30 बजे
जर्मनी बनाम आइवरी कोस्ट – रात 1:30 बजे (21 जून)
इक्वाडोर बनाम कुरासाओ – सुबह 5:30 बजे (21 जून)
ट्यूनीशिया बनाम जापान – सुबह 9:30 बजे (21 जून)
आज किस मैच पर रहेगी सबसे अधिक नजर?
चारों मुकाबलों में अलग-अलग कहानियां छिपी हुई हैं। नीदरलैंड्स और स्वीडन की भिड़ंत ग्रुप F की दिशा तय कर सकती है। वहीं जर्मनी और आइवरी कोस्ट की टक्कर यह बताएगी कि क्या जर्मनी वास्तव में खिताब के दावेदारों में शामिल है।
इक्वाडोर और कुरासाओ के लिए यह अस्तित्व की लड़ाई होगी, जबकि जापान और ट्यूनीशिया का मुकाबला विश्व कप इतिहास के 1000वें मैच के रूप में याद रखा जाएगा।
विश्व कप 2026 का ग्रुप चरण अभी आधा ही पूरा हुआ है, लेकिन आज के मैच कई टीमों की नॉकआउट राह को आसान या मुश्किल बना सकते हैं। ऐसे में फुटबॉल प्रशंसकों के लिए यह दिन टूर्नामेंट के सबसे रोमांचक दिनों में से एक साबित हो सकता है।
या भी पढ़ें :- IPL 2027 Trade: आईपीएल 2027 से पहले बड़ा खेल, पंत की हो सकती है घर वापसी, कुलदीप को मिल सकता है नया ठिकाना?
