Bihar Board Result 2026: आज दोपहर 1:30 बजे आएगा नतीजा

Bihar Board Result 2026

बिहार बोर्ड इंटर रिजल्ट 2026 का इंतजार खत्म! आज जारी होंगे साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स के नतीजे। जानें कहां और कैसे चेक करें रिजल्ट, साथ ही स्क्रूटनी और इनाम की पूरी जानकारी।

Bihar Board Inter Result 2026 (BSEB) आज इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित करने जा रही है। दोपहर 1:30 बजे शिक्षा मंत्री सुनील कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स तीनों स्ट्रीम का रिजल्ट एक साथ जारी होगा। इसके साथ ही राज्य के लाखों छात्र-छात्राओं का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हो जाएगा।

हर साल की तरह इस बार भी बोर्ड ने समय से पहले रिजल्ट जारी करने की परंपरा को बरकरार रखा है। बिहार बोर्ड (BSEB) देश के उन चुनिंदा बोर्ड्स में शामिल है, जो सबसे पहले 12वीं का परिणाम घोषित करते हैं।

परीक्षा से लेकर रिजल्ट तक सख्त निगरानी

इस साल इंटर की परीक्षा 2 फरवरी से 13 फरवरी के बीच आयोजित की गई थी। राज्यभर में बनाए गए 1,762 केंद्रों पर करीब 13 लाख से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान कदाचार रोकने के लिए बोर्ड ने कई सख्त कदम उठाए। अलग-अलग सेट के प्रश्नपत्र, CCTV निगरानी और वॉयस रिकॉर्डिंग जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई।

रिजल्ट से पहले टॉपर्स की कॉपियों की जांच, हैंडराइटिंग वेरिफिकेशन और इंटरव्यू जैसी प्रक्रिया भी पूरी की गई, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।

यहां और ऐसे देखें रिजल्ट

रिजल्ट जारी होते ही छात्र आधिकारिक वेबसाइट्स interbiharboard.com और bsebexam.com पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे, जिसके लिए उन्हें अपना रोल कोड और रोल नंबर दर्ज करना होगा। बोर्ड ने इस बार बढ़ते ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए सर्वर क्षमता को मजबूत किया है, ताकि किसी तरह की तकनीकी दिक्कत न आए। इसके अलावा छात्रों की सुविधा के लिए SMS के जरिए भी रिजल्ट चेक करने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।

पिछले सालों का रिकॉर्ड कायम

बिहार बोर्ड (BSEB) पिछले कुछ वर्षों से लगातार मार्च महीने में ही इंटर का रिजल्ट जारी करता आ रहा है। इस बार भी उसी ट्रेंड को फॉलो किया गया है, जिससे छात्रों को समय पर आगे की तैयारी का मौका मिल सके।

टॉपर्स को मिलेगा खास इनाम

हर साल की तरह इस बार भी टॉप करने वाले छात्रों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। पहले स्थान पर आने वाले छात्र को 2 लाख रुपये, लैपटॉप, किंडल और सम्मान पत्र मिलेगा। वहीं दूसरे और तीसरे स्थान पर आने वालो को भी नकद राशि और गिफ्ट्स दिए जाएंगे।

टॉप रैंकर्स को मासिक स्कॉलरशिप का लाभ भी मिलेगा। इसके अलावा, इंटर पास करने वाली अविवाहित छात्राओं को सरकार की योजना के तहत आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

रिजल्ट के बाद क्या करें?

अगर कोई छात्र अपने नंबर से संतुष्ट नहीं है, तो वह स्क्रूटनी के लिए आवेदन कर सकता है। वहीं एक या दो विषय में फेल होने वाले छात्रों को कंपार्टमेंटल परीक्षा का मौका मिलेगा, जिससे उनका साल खराब नहीं होगा।

अब मैट्रिक रिजल्ट की बारी

इंटर के नतीजे जारी होने के बाद अब सभी की नजर 10वीं के रिजल्ट पर होगी, जो इसी महीने के अंत तक आने की संभावना है।

आज का दिन बिहार के लाखों परिवारों के लिए बेहद खास है। किसी के लिए यह खुशी का मौका होगा तो किसी के लिए आगे और मेहनत करने का संकेत। लेकिन याद रखने वाली बात यही है कि यह सिर्फ एक पड़ाव है, मंजिल नहीं।

ये भी पढ़ें :- मनोज शर्मा ने डीएमई मीडिया स्कूल में ली पीआर मास्टरक्लास, रणनीतिक संचार और…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *