यमुना में नहाने गए 4 दोस्त डूबे, 3 शव बरामद, एक अब भी लापता

नई दिल्ली।

दिल्ली में स्कूल बंक करके यमुना में नहाने गए कुछ छात्र नहीं लौटे। दरअसल, दिल्ली के बुराड़ी इलाके के पास 10वीं कक्षा के तीन छात्र यमुना नदी में डूब गए, जबकि उनका एक दोस्त लापता है। पुलिस ने यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में लोनी के रामपार्क के रहने वाले चारों लड़के नदी में नहाने गए थे।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) एमके मीना ने कहा कि बुराड़ी पुलिस थाने को एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि तीन लोग यमुना में डूब गए हैं। डीसीपी ने कहा, ‘पुलिस की एक टीम तुरंत यमुना तट पर पहुंची और उसके बाद दिल्ली अग्निशमन सेवा को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस कर्मियों को सूचित किया गया कि 15 से 17 साल की उम्र के चार लड़के यमुना में डूब गए हैं।’

प्रारंभिक पूछताछ के मुताबिक चारों लड़के सुबह करीब 11 बजे घर से स्कूल के लिए निकले थे। मीना ने कहा जब वे घर नहीं लौटे तो उनके माता-पिता ने उनकी तलाश शुरू की। पुलिस ने कहा कि उनके परिवार के सदस्यों को उनके कपड़े नदी किनारे मिले। इसके बाद एक बचाव नौका टीम और तीन दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि बचाव नौका टीम ने नदी से तीन शव निकाल लिए हैं, जबकि चौथे लड़के की तलाश जारी है। पुलिस ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version