दिल्ली के गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन पर बड़ा हादसा, भरभराकर गिरा प्लेटफॉर्म का हिस्सा, एक की मौत

नई दिल्ली।

दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां अचानक गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन का एक हिस्सा ढह गया। जिससे राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। हादसा पिंक लाइन मेट्रो स्टेशन पर हुआ। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। वहीं चार लोगों के घायल होने की खबर है।

4 लोग घायल और 1 की मौत

पुलिस से मिली जानकारी केअनुसार इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है और चार लोग घायल हुए हैं। मृतक का नाम विनोद कुमार है जिनकी आयु 53 साल बताई जा रही है। शहीद भगत सिंह कॉलोनी, करावल नगर, दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं दुर्घटना में 2 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। घायलों में अजीत कुमार( 21 वर्ष), मोनू (19 वर्ष), संदीप (27 वर्ष), मोहम्मद ताजिर (24 वर्ष) हैं।

घायलों को 5 लाख, मृतक के परिजनों को 25 लाख का मुआवजा

डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों को मुआवजे की राशि को संशोधित किया है। डीएमआरसी ने अब मामूली चोट के लिए एक लाख रुपये, गंभीर चोट के लिए पांच लाख रुपये और मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये की राशि देने का निर्णय लिया है।

दिल्ली पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई की बात

उत्तर पूर्वी जिले के डीसीपी जॉय टिर्की ने कहा कि गोकुलपुरी मेट्रो के प्लेटफॉर्म के पूर्वी हिस्से वाली रेलिंग अचानक सड़क पर नीचे गिर गई। यह हिस्सा करीब 30-40 मीटर का है। लोहे और कंक्रीट समेत यह हिस्सा नीचे सड़क पर गुजर रहे लोगों पर गिरा। इसमें चार को मामूली चोटें आई हैं। एक का पैर टूटा है। एक शख्स की मौत हो गई है। मेट्रो स्टेशन की रेलिंग का एक हिस्सा अभी भी लटक रहा है। इस मामले में केस दर्ज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version