भेजे गए ई-मेल ‘कुछ ही घंटों में विस्फोटक फट जाएगा’, दिल्ली में कई बड़े मॉल और अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी

नई दिल्ली।

दिल्ली में कई बड़े मॉल, एम्स, मैक्स सहित कई बड़े अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। मैक्स अस्पताल में मंगलवार सुबह 5 बजे ई-मेल पर धमकी दी गई। वहीं, स्टाफ ने 10 बजे के आसपास मेल देखा तो कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलने के बाद मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड पहुंचा। बेसमेंट और ओपीडी एरिया में जांच-पड़ताल की। फिलहाल कहीं कुछ नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ई-मेल पर दिल्ली के दो-तीन अस्पतालों के साथ ही देश के 150 से अधिक अस्पतालों को धमकी दी गई है।

इन मॉल को मिली धमकी

दिल्ली पुलिस ने बताया कि मंगलवार को राजधानी के कई शॉपिंग मॉल को बम की धमकी भरा ई-मेल मिला। दिल्ली पुलिस के मुताबिक चाणक्य मॉल, सिलेक्ट सिटीवॉक, एंबियंस मॉल, डीएलएफ, सिने पोलिस, पैसिफिक मॉल, प्राइमस अस्पताल और यूनिटी ग्रुप को धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसमें कहा गया था, “कुछ ही घंटों में विस्फोटक फट जाएगा।”

मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियां

दिल्ली पुलिस ने बताया कि जैसे ही मेल संज्ञान में आया, मॉल के अधिकारियों ने दिल्ली पुलिस को इसकी सूचना दी। दिल्ली पुलिस ने सूचना मिलने के तुरंत बाद जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। अभी तक कोई बम नहीं मिला है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच से ऐसा लगता है कि धमकी भरे ई-मेल भेजने में एक ही पैटर्न अपनाया गया है, जिसमें डेटलाइन का उल्लेख नहीं किया गया है। यह मेल कई मॉल और अन्य जगहों पर भेजा गया है। फिलहाल जांच चल रही है। मामले में और जानकारी का इंतजार है। गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि 17 अगस्त को गुरुग्राम के एंबियंस मॉल में बम की धमकी मिली थी, लेकिन तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version